फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

West UP News Live: नेशनल किक बॉक्सिंग की खिलाड़ी ने दी जान, इंस्पेक्टर पति के खिलाफ पत्नी धरने पर बैठी

Tue, 12 Sep 2023 06:43 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Tue, 12 Sep 2023 06:43 PM IST
खास बातें

मेरठ सिटी स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेन आज से 30 सितंबर तक रद्द रहेंगी। वहीं मेरठ में इंस्पेक्टर पति के खिलाफ एक महिला धरने पर बैठ गई। महिला का आरोप है कि पुलिस आरोपी पति को बचा रही है।

विज्ञापन
West UP News Live: two canceled till 30 Sep, wife strikes against inspector, read latest news
विलाप करते परिजन। - फोटो : अमर उजाला

लाइव अपडेट

06:42 PM, 12-Sep-2023
संदिग्ध हालत में लापता तीनों किशोर अजमेर से बरामद

शामली के कैराना में तीन दिन पहले बिना बताए अपने घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए तीनों किशोरों को पुलिस ने अजमेर रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। जिसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।
06:38 PM, 12-Sep-2023
अधिवक्ताओं के साथ बैनामा लेखक भी हड़ताल पर

हापुड की घटना के विरोध में मंगलवार को एक नया मोड़ आ गया। पिछले कई दिनों से चली आ रही अधिवक्ताओं की हड़ताल में मंगलवार को बैनामा लेखक व टाइपिस्ट भी शामिल हो गए। शामली में भी वकील हड़ताल पर रहे। 

हापुड़ में अधिवक्ताओं पर लाठी चार्ज के विरोध में बार काउंसिल उत्तर प्रदेश व संर्घष समिति पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आहवान पर पिछले कई दिनों से अधिवक्ता हड़ताल पर चल रहे हैं। जिस कारण विभिन्न जेलों में बंद बंदियों की भी कोर्ट में पेशी नहीं हो पा रही है। मंगलवार को भी बार एसोसिएशन के अधिवक्ता हड़ताल पर रहे। वहीं, मंगलवार को अधिवक्ताओं के साथ बैनामा लेखक भी हड़ताल में शामिल हो गए। जिस कारण सब रजिस्ट्री कार्यालय भी बंद रहा। साथ ही कचहरी में टाइपिस्टों ने भी कोई कार्य नहीं किया। बार एसोसिएशन के महासचिव आलोक चौहान ने बताया कि मंगलवार को अधिवक्ताओं के साथ बैनामा लेखक व टाइपिस्ट भी हड़ताल पर रहे। शामली में भी वकीलों ने हड़ताल रखी। कहा कि जब तक सुनवाई नहीं होगी, हड़ताल जारी रहेगी।
विज्ञापन
06:35 PM, 12-Sep-2023
पशु चोरों की तलाश में पटियाला पुलिस ने गढ़ीपुख्ता में दी दबिश

पंजाब के पटियाला की पुलिस ने पशु चारों की तलाश में शामली में कई स्थानों पर दबिश दी। एक को हिरासत में लिया है।

मंगलवार को थाना पातड़ा जिला पटियाला पंजाब पुलिस ने थाना गढ़ीपुख्ता में आमद कराकर एएसआई जगदीश के नेतृत्व में मोहल्ला कुरेशियांन, क्षेत्र के गांव बुंटा, भाटटू में पशु चोरों की तलाश में छापामारी की। पंजाब में हो रही आए दिनों पशु चोरी को लेकर किसानों की शिकायत पर पंजाब पुलिस ने एक पशु चोर को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने चोरी किए गए पशुओं को कस्बे के अलावा गांव भाटटू, बुंटा में बेचे थे। पुलिस अन्य आरोपियों की भी तलाश में जुटी हुई है।
05:24 PM, 12-Sep-2023
नेशनल किक बॉक्सिंग की खिलाड़ी ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर दी जान

शामली के झिंझाना में नेशनल किक बॉक्सिंग की खिलाड़ी ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हरियाणा के करनाल में उपचार के दौरान खिलाड़ी की मौत हो गई। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद खिलाड़ी का शव झिंझाना लाया जा रहा है।
03:50 PM, 12-Sep-2023

दिल्ली के लिए बसों का संचालन सामान्य

जी-20 के चलते दिल्ली के लिए बसों के संचालन की ऊहापोह के बाद सोमवार से रोडवेज बसों का संचालन सामान्य हो गया। यात्रियों की संख्या में भी बढ़ोत्तरी हुई। सोमवार को पिछले तीन दिनों के मुकाबले दो गुना यात्री दिल्ली के लिए रवाना हुए।

सोमवार को सबकुछ सामान्य हाेने के बाद यात्रियों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई। सोमवार को 20 हजार से अधिक यात्रियों ने दिल्ली के लिए बसों में सफर किया। आरएम केके शर्मा ने बताया कि तीन दिनों के बाद सोमवार को यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई।
03:50 PM, 12-Sep-2023

अक्तूबर से नए सर्किल रेट पर रजिस्ट्री, जमीन की कीमतें बढ़ीं 

जनपद में नए सर्किल रेट पर अक्तूबर से रजिस्ट्री होगी। प्रशासन की सर्वे टीम की रिपोर्ट के अनुसार शहर के बाहर रिंग रोड, रैपिड रेल प्रोजेक्ट व हाईवे से कनेक्टीविटी वाली जमीन की कीमत सबसे ज्यादा बढ़ी है। मंगलवार को सर्वे टीम रजिस्ट्री कार्यालय में अपनी रिपोर्ट देगी। जिस पर मंथन होगा। नए सर्किल रेट निर्धारित करने से पहले प्रशासन आपत्ति का समय भी देगा। दावा है कि 15 से 20 दिन में प्रशासन सभी प्रक्रिया पूरी कर लेगा।

कोरोना काल के बाद जिले में नये सर्किल रेट बढ़ाने के लिए करीब दो माह से सर्वे हो रहा है। शहर और देहात में लगभग सर्वे हो चुका है। दिल्ली रोड पर रैपिड रेल प्रोजेक्ट, हाईवे और शहर के बाहर रिंग रोड पर काम चल रहा है। शहर में ज्यादा कनेक्टीविटी वाली जमीन की कीमत चार गुना बढ़ गई है। इसकी रिपोर्ट सर्वे टीम ने तैयार कर ली है।

बताया गया है कि शहर के अंदर दिल्ली रोड पर बेगमपुल से परतापुर तक, एनएच-58 पर परतापुर, पल्लवपुरम, कंकरखेड़ा बाईपास और दौराला पर सबसे ज्यादा सर्किल रेट बढाने की तैयारी चल रही है। कितने सर्किट रेट बढ़ेंगे, जिसे अभी सार्वजनिक नहीं किया जा सकता है।

एआईजी स्टांप ज्ञानेंद्र कुमार का कहना है कि सर्वे लगभग हो चुका है। जल्द ही नये सर्किल रेट जारी कर रजिस्ट्री पर लागू करेंगे। जिससे सरकार का राजस्व भी बढ़ेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
03:49 PM, 12-Sep-2023

बारिश के बाद दिन का तापमान चार डिग्री चढ़ा

दो दिन की बारिश के बाद सोमवार को फिर धूप खिली। दिन के तापमान में भी चार डिग्री की बढोतरी हुई। वेस्ट यूपी में दो दिन से हो रही बारिश ने सोमवार को राहत दी है। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। कृिष विवि के मौसम वैज्ञानिक डाॅ. यूपी शाही का कहना है कि बारिश के चलते मौसम में नमी बढ़ी है। आगे मौसम साफ रहने से तापमान में बढोतरी होगी।  
 
नक्शों के निस्तारण को हर सप्ताह कैंप लगेंगे
मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) में ऑनलाइन बिल्डिंग प्लान अप्रूवल सिस्टम (ओबीपास) के तहत अब हर सप्ताह समीक्षा होगी। वहीं, शासन के निर्देश पर हर बृहस्पतिवार को नियोजन विभाग कैंप लगाकर नक्शों के मामलों का निदान करेगा। मेडा की ओर से ओबीपास के तहत अब अफसर और कर्मियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। नगर नियोजक खुद इसकी मॉनीटरिंग करेंगे और हर सप्ताह समीक्षा की जाएगी। 
08:41 AM, 12-Sep-2023

Saharanpur: फंदे पर लटका मिला युवक का शव

सहारनपुर जनपद में सोमवार देर रात जनकपुरी थाना क्षेत्र के गांव चकहरेटी में संदीप 29 पुत्र कल्याण का शव उसके कमरे में पंखे से बने फांसी के फंदे पर लटका मिला। संदीप की पत्नी मायके गई हुई हैl जबकि परिजन किसी काम से बाहर गए हुए थे। देर रात जब वह वापिस लौटे तो उन्होंने संदीप को अपने कमरे में पंखे से बने फंदे में झूलता मिला।  

उन्होंने उसे नीचे उतारा और चिकित्सक के यहां ले गए। जहां युवक को मृत घोषित कर दिया गया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। युवक के जहां आत्महत्या करने की चर्चा है, वहीं परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। उधर  एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

ससुर ने किया दुष्कर्म तो शौहर ने बीवी को बताया मां 
मुजफ्फरनगर जनपद के मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव में ससुर ने पुत्रवधू से दुष्कर्म किया। आरोप है कि इसके बाद शौहर ने अपनी बीवी को मां बता दिया और उसे पत्नी के रूप में साथ रखने से इनकार कर दिया। पुलिस ने ससुर व पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अदालत में पीड़िता के बयान दर्ज कराए गए।

मामला मीरापुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। 19 अगस्त 2022 को पीड़िता की शादी मुदस्सिर के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुर पीड़िता पर बुरी नजर रखता था। बीमार होने के कारण इसी साल पांच जुलाई को दोपहर के समय पीड़िता का पति अपनी मां को मीरापुर हकीम के यहां दवाई दिलवाने के लिए लेकर गया था। तब पीड़िता ससुराल में अकेली रह गई थी। आरोप है कि पीड़िता को अकेला पाकर ससुर इस्तेखार घर पहुंचा और उसने पुत्र वधु को बुरी नीयत से पकड़ लिया, उसके कपड़े फाड़ दिए। मुंह में कपड़ा ठूंस कर पुत्र वधू के साथ दुष्कर्म किया।

  विरोध करने पर मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शाम के समय घर पहुंचने पर पति मुदस्सिर को पीड़िता ने पूरे मामले की जानकारी दी। इसका पति पर कोई असर न हुआ। उसने पत्नी की शिकायत सुनने के बाद भी कुछ नहीं कहा।

आरोप है कि पत्नी की शिकायत सुनने के बाद पति की बात सुन कर पत्नी चुप रह गई, क्योंकि पति ने पत्नी से साफ शब्दों में कह दिया कि पिता इस्तेखार ने उसके (पत्नी) साथ जबरन संबंध बना लिए हैं। अब वह उसकी मां हो गई है, इसलिए वह उसे पत्नी के रूप में साथ नहीं रखेगा। यह कहकर पति ने पत्नी को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने मीरापुर थाने में आरोपी ससुर व पति के खिलाफ तहरीर दी तो पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया और जांच शुरू कर दी। सीओ जानसठ शकील अहमद ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता के कोर्ट में बयान दर्ज कराए गए हैं।  
08:36 AM, 12-Sep-2023

इंस्पेक्टर पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठी पत्नी

इंस्पेक्टर पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर उसकी पत्नी कमिश्नरी स्थित चौधरी चरण सिंह पार्क में आजाद अधिकार सेना के बैनर तले धरने पर बैठ गई। महिला ने मेरठ पुलिस पर आरोपी पति को बचाने का आरोप लगाया है।

महिला ने आरोप है कि उसके पति के कई महिला पुलिसकर्मियों से अवैध संबंध हो गए थे। एक महिला हेड कांस्टेबल को अपने पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास पर लेकर आने लगा। विरोध करने पर करीब 6-7 माह पूर्व उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। उसकी शिकायत पर एडीजी ने इंस्पेक्टर और महिला हैड कांस्टेबल का तबादला अलग-अलग जनपदों में कर दिया। इसके अलावा कोई कार्रवाई नहीं की गई।

पीड़िता ने सिविल लाइन थाने में इसकी शिकायत की। लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करने की बजाय उसे टरका दिया। अब उसके पति ने तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी डाल दी। पीड़िता का कहना है कि पति के खिलाफ यदि 10 दिन में कार्रवाई नहीं हुई ताे वह लखनऊ स्थित अभिसूचना मुख्यालय कार्यालय पर अनिश्चितकाली धरना-प्रदर्शन करेगी। संवाद

08:17 AM, 12-Sep-2023

West UP News Live: नेशनल किक बॉक्सिंग की खिलाड़ी ने दी जान, इंस्पेक्टर पति के खिलाफ पत्नी धरने पर बैठी

झांसी रेल मंडल में हेमतपुर-धौलपुर स्टेशन के बीच रेल ट्रैक धंसने की वजह से ट्रेनों का आवागमन प्रभावित है। इसके चलते मेरठ सिटी स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेन संख्या 12172/71 लोकमान टर्मिनल सुपरफास्ट और ट्रेन संख्या 18238/37 अमृतसर-बिलासपुर-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस मंगलवार से 30 सितंबर तक रद्द रहेंगी।

स्टेशन अधीक्षक आरपी सिंह ने बताया कि भारी बारिश की वजह से रेल ट्रैक धंस गया है, जिसके सुधारने का काम मंगलवार से शुरू होगा। इसके चलते दोनों ट्रेनों का संचालन 30 सितंबर तक रद्द रहेगा। 

विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed