West UP News Live: धार्मिक स्थल पर मूर्ति क्षतिग्रस्त, हंगामा, अनियंत्रित होकर पलटा कैंटर, चालक घायल
व्हाइट टॉपिंग का री-टेंडर मंगलवार को अपलोड कर दिया गया है। नगर निगम ने आठ दिन बाद 27 सितंबर को खोलने का समय देकर ठेकेदारों की तलाश शुरू कर दी।
लाइव अपडेट
मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम को कपड़ों से लदा कैंटर अनियंत्रित होकर रजवाहे में पलट गया। हादसे में कैंटर चालक मामूली रूप से चोटिल हो गया। उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। वहीं, वाहन को रजवाहे से निकालने का प्रयास किया।
बताया गया कि मवाना की तरफ से कपड़ों से लदा कैंटर वाहन किठौर थाना क्षेत्र अंतर्गत किला रोड स्थित रैंच के पुल रजवाहे में अनियंत्रित होकर पलट गया। किसी तरह चालक परिचालक ने कूदकर जान बचाई। इस दौरान चालक मामूली रूप से चोटिल हो गया। उधर, कैंटर वाहन पलटने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
परतापुर में धार्मिक स्थल पर मूर्ति क्षतिग्रस्त, हंगामा
मंदिर का सामान अस्त व्यस्त था। घटना की जानकारी पर मौके पर पहुंचे सैकड़ों ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। मामले की जानकारी पर परतापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया।
पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। हालांकि आसपास कोई सीसीटीवी नहीं होने के कारण आरोपी की पहचान नहीं हो पा रही है। परतापुर थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
200 और 400 मीटर तैराकी में मेरठ की दीपा यादव रहीं अव्वल
कैलाश प्रकाश स्टेडियम में खेल विभाग उप्र के निर्देशन में क्षेत्रीय खेल कार्यालय द्वारा आयोजित दो दिवसीय महिला राज्य स्तरीय तैराकी व टेबिल-टेनिस प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हो गया। 200 और 400 मीटर फ्री-स्टाइल तैराकी और 200 मीटर बैक स्टोक स्पर्धा में मेरठ की दीपा यादव अव्व्ल रहीं। जबकि टेबिल टेनिस टीम चैंपियनशिप में प्रयागराज मंडल विजेता रही, युगल स्पर्धा में लखनऊ मंडल के खिलाड़ियों ने बाजी मारी।
प्रतियोगिता में प्रदेश के 12 मंडल के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें तैराकी की विभिन्न स्पर्धाओं में अलग-अलग मंडलों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। टेबिल टेनिस स्पर्धा में विजेता प्रयागराज की टीम में कप्तान वैष्णवी यादव, स्वाति, विशाखा राज, नंदनी तिवारी, निहारिका कुमारी और टीम मैनेजर पूजा सिंह रहीं। वहीं उपविजेता रही लखनऊ मंडल की टीम में कप्तान गुनगुन साहू, एलीना मिश्रा, पलक मोर्या, कामाख्या सिंह, विद्धवषी वर्मा, रितिका और टीम मैनेजर अभिषेक सिंह रहे। युगल स्पर्धा में विजेता रही लखनऊ की टीम में गुनगुन साहू व एलीना मिश्रा और उपविजेता टीम में तान्या राणा व तारिणी कुशवाहा, जबकि तृतीय स्थान पर वाराणसी मंडल की टीम में सौम्या सिंह व अनोखी केसरी रहीं।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी व आरएसओ योगेंद्रपाल सिंह ने विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में उपक्रीडा अधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव, जयप्रकाश यादव, शूटिंग कोच अप्सरा, जिम्नास्टिक कोच निर्मला देवी, वुशू कोच नेहा, अंशू बालीबाल, फुटबॉल कोच ललित पंत, हॉकी कोच भूपेश, एथलेटिक्स कोच गौरव त्यागी सहित अन्य मौजूद रहे।
तैराकी का परिणाम : 100 मी. फ्री स्टाइल में लखनऊ की दीप शिखा प्रथम, लखनऊ की शीतल मिश्रा द्वितीय, गोरखपुर की प्रिया चौहान तृतीय। 200 मी. ब्रेस्ट स्टोक में अयोध्या की मंजरी जयसवाल प्रथम, लखनऊ की दीप शिखा द्वितीय, मेरठ की रीधि पांचाल तृतीय। 100 मी. बैक स्टोक में विंध्याचल की पूजा निषाद प्रथम, लखनऊ की प्रदीक्षा निषाद द्वितीय, लखनऊ की दिव्या चौहान तृतीय। 100 मी. बटरफ्लाई में अयोध्या की मंजरी जयसवाल प्रथम, विंध्याचल की शिखा निषाद द्वितीय, विंध्याचल की अर्चना निषाद तृतीय, 4 गुना 100 मी फ्री स्टाइल रिले में विंध्याचल प्रथम, लखनऊ द्वितीय व गोरखपुर तृतीय। 400 मी. फ्री स्टाइल में मेरठ की दीपा यादव प्रथम, विंध्याचल की शिखा निषाद द्वितीय व लखनऊ की शीतल निषाद तृतीय। 200 मी. बैक स्टोक में मेरठ की दीपा यादव प्रथम, विंध्याचल की पूजा निषाद द्वितीय, लखनऊ की प्रदीक्षा निषाद तृतीय। 200 मी. व्यक्तिगम मिडले में अयोध्या की मंजरी जयसवाल प्रथम, विंध्याचल की अर्चना निषाद द्वितीय, विंध्याचल की शिखा निषाद तृतीय। 200 मी. फ्री स्टाइल मेरठ की दीपा यादव प्रथम, लखनऊ मंडल की शीतल निषाद द्वितीय, विंध्याचल की अर्चना निषाद तृतीय। 100 मी. ब्रेस्ट स्टोक में लखनऊ की दीप शिखा प्रथम, विंध्याचल की रानी निषाद, मेरठ की रीधि पांचाल तृतीय। 4 गुना 100 मी. मिडले रिले में लखनऊ मंडल प्रथम, विंध्याचल द्वितीय, गोरखपुर तृतीय।
West UP News Live: धार्मिक स्थल पर मूर्ति क्षतिग्रस्त, हंगामा, अनियंत्रित होकर पलटा कैंटर, चालक घायल
व्हाइट टॉपिंग का री-टेंडर मंगलवार को अपलोड कर दिया गया है। नगर निगम ने आठ दिन बाद 27 सितंबर को खोलने का समय देकर ठेकेदारों की तलाश शुरू कर दी। नगर निगम के अधिकारियों का दावा है कि व्हाइट टॉपिंग का दूसरा टेंडर 26 सितंबर को खुलेगा। ठेकेदारों को लेकर शहर में अलग-अलग चर्चा है। बताया गया है कि अबकी बार गोरखपुर, लखनऊ सहित कई जनपदों के ठेकेदारों से आवेदन करने की बात कर रहा है।
नगर निगम ने 20 साल की गारंटी वाली व्हाइट टॉपिंग की सड़क बनाने का सपना दिखाकर चार महीने शहरवासियों का मजाक बनाया गया। व्हाइट टॉपिंग की सड़क के टेंडर में एक भी ठेकेदार ने आवेदन नहीं किया है। सोमवार को टेंडर खाली निकलने पर निगम की कार्यशैली की भी पोल खुल गई, जिस पर महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने निगम के इंजीनियरों को फटकार लगाई। मंगलवार को नगर निगम ने री-टेंडर अपलोड कर दिया। निगम के अधिकारियों ने बताया कि अबकी बार दूसरे जनपदों के ठेकेदारों से संपर्क किया जा रहा है। ताकि टेंडर में ठेकेदार आवेदन करें। निगम द्वारा दूसरा टेंडर 26 सितंबर को खुलेगा। मुख्य अभियंता देवेंद्र कुमार का कहना कि व्हाइट टॉपिंग और डेन्स की सड़कों के निर्माण के लिए नगर निगम ने ऑनलाइन तीन टेंडर डाले हुए है। प्रक्रिया पूरी होते ही निगम सड़क निर्माण का काम शुरू करा देगा।
कैसे होगा टेंडर पास, निगम के सामने चुनौती
व्हाइट टॉपिंग सड़क का टेंडर कैसे पास होगा, इसको लेकर नगर निगम के सामने बड़ी चुनौती है। टेंडर की शर्तो को स्थानीय ठेकेदार पूरी करने में असमर्थ हैं और बाहरी ठेकेदार व्हाइट टॉपिंग सड़क बनाने को तैयार नहीं है। बताया गया कि टेंडर की प्रक्रिया के मुताबिक तीन से कम आवेदन मान्य नहीं होते हैं। सवाल उठता है कि व्हाइट टॉपिंग में एक भी ठेकेदार ने आवेदन नहीं किया, ऐसे में तीन रजिटर्ड फर्म के ठेकेदारों को निगम के अधिकारी कहां से लाएंगे। अभी तक बताया जाता था कि निगम के अधिकारियों के संपर्क में एक बड़ी कंपनी है, जोकि व्हाइट टॉपिंग की सड़क निर्माण करते हैं। उक्त कंपनी को ही ठेका देने का आरोप लगाकर स्थानीय ठेकेदारों ने निगम के अधिकारियों पर आरोप लगाकर आपत्ति जताई थी। 26 सितंबर को दूसरा टेंडर खुलेगा, उसके बाद ही सही जानकारी होगी।