West UP News Live: माहौल बिगाड़ने की कोशिश, मस्जिद पर लिखा जय श्री राम, युवक की हत्या कर नहर में फेंकी लाश
West UP News Live : पर धामपुर डिपो की बस गर्म तारकोल के टैंकर से टकरा गई। हादसे में 12 लोग बुरी झुलस गए हैं। पढ़िए वेस्ट यूपी की ताजा खबरें-
लाइव अपडेट
युवक की हत्या कर नहर में फेंकी लाश
बिजनौर में युवक की हत्या कर शव को सूखी नहर में फेंक दिया गया। उसके सिर और आंखों में भी चोट के निशान हैं। युवक की गला घोंटकर भी हत्या किए जाने का अनुमान लगाया जा रहा है। मृतक की बाइक भी नहर पटरी पर पड़ी मिली। पुलिस जांच में जुटी है, प्रथम दृष्टया मृतक के करीबी ही जांच के दायरे में हैं। मरने वाला राजेश राजमिस्त्री था।
मेरठ के परीक्षितगढ़ में दो दिन पूर्व ग्राम अगवानपुर के समीप दो धार्मिक स्थलों में तोड़फोड़ करने के मामले में शुक्रवार को सीओ सदर देहात प्रमोद कुमार घटनास्थल पर पहुंचे, जहां ग्राम प्रधान नुरुल्लाह खान सहित अन्य ग्रामीणों ने पुलिस को अल्टीमेटम दिया कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे ईदगाह की बुर्जी नहीं लगने देंगे। पुलिस प्रशासन आसपास के गांव के शरारती तत्वों को चिंहित करने का प्रयास कर रही है। आरोपियों की तलाश कर रही है। मुस्लिम समुदाय के लोगों में घटना को लेकर रोष बना हुआ है।
मुजफ्फरनगर में अतिरिक्त दहेज के लिए विवाहिता की जहर देकर हत्या के मामले में दोषी सास-ससुर को आठ-आठ साल के कारावास की सजा सुनाई गई है। अपर जिला एवं सत्र न्यायालय/फास्ट ट्रैक कोर्ट द्वितीय की पीठासीन अधिकारी नेहा गर्ग ने फैसला सुनाया।
मुजफ्फरनगर में खतौली रेलवे स्टेशन पर 15 साल पहले पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमले के मामले में तीन सगे भाइयों को सात-सात साल के कारावास की सजा सुनाई गई। अपर जिला एवं सत्र न्यायालय संख्या-9 के पीठासीन अधिकारी कनिष्क कुमार सिंह ने फैसला सुनाया।
बागपत के दोघट में फौलादनगर गांव के जंगल में पुलिस की गोकशों से मुठभेड़ हो गई। पैर में पुलिस की गोली लगने से एक गोकश घायल हो गया, जबकि एक सिपाही भी घायल हुआ है। पुलिस ने एक बाल अपचारी समेत तीन गोकाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से प्रतिबंधित दो पशु, कार, तमंचा, कारतूस बरामद किए हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
बागपत में कोतवाली क्षेत्र के सरूरपुरकलां गांव में अराजक तत्वों ने माहौल बिगड़ने का प्रयास किया। जिन्होंने गांव की बड़ी मस्जिद के मुख्य दरवाजे समेत दीवारों पर कई जगह जय श्री राम लिख दिया गया। शुक्रवार की सुबह होने पर जय श्री राम लिखा मिलने पर मुस्लिम समाज के लोगों ने रोष प्रकट किया और सूचना पर पहुंची पुलिस ने पुताई कर दी।
West UP News Live: माहौल बिगाड़ने की कोशिश, मस्जिद पर लिखा जय श्री राम, युवक की हत्या कर नहर में फेंकी लाश
गर्म तारकोल के टैंकर से टकराई रोडवेज बस, 12 यात्री बुरी तरह झुलसे
बिजनौर के स्योहारा में शुक्रवार सुबह करीब सात बजे दर्दनाक हादसा हो गया। जिसमें स्योहारा धामपुर मुख्य मार्ग पर ग्राम चंचलपुर के पास गर्म तारकोल के टैंकर से धामपुर डिपो की बस टकराने से छिटके गर्म तारकोल से रोडवेज चालक परिचालक सहित 12 यात्री गंभीर रूप से झुलस गये। सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भिजवाया गया। जहां से सभी घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि धामपुर स्योहारा मुख्य मार्ग पर सड़क निर्माण का काम चल रहा था, जिसके लिए ट्रैक्टर द्वारा सड़क पर डालने के लिए गर्म तारकोल टैंकर द्वारा ले जाया जा रहा था।