Meerut News Live: चंद्रशेखर पर हमले का असली सच, 4 हमलावर अरेस्ट, बागपत में गोवंश ने किसान को मारी टक्कर, मौत
Meerut News Live : हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मृतक छात्र बताए जा रहे हैं। यहां पढ़िए वेस्ट का पल-पल का अपडेट-
लाइव अपडेट
बागपत में छपरौली क्षेत्र के जागोस गांव में अपने खेत से अपने घर आ रहे किसान विकास शर्मा (42) पुत्र जगपाल शर्मा को आवारा निराश्रित गोवंश ने टक्कर मार दी, जिसमें विकास शर्मा खेत में गिर गया। वहीं, आनन-फानन विकास शर्मा को उपचार के लिए अस्पताल में ले जाया गया। जहां विकास को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। विकास की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। विकास की पत्नी पूनम का रो-रोकर बुरा हाल है। विकास के पिता जगपाल को भी किसी तरह लोगों ने संभाला। विकास के दो पुत्र यस व वंश को किसी तरह परिजनों ने संभाला। अस्पताल में यह दोनों बच्चे बेहोश होकर गिर गए। होश आने के बाद दोनों बच्चों को परिजन कर लाए। जगपाल शर्मा के आवास पर रिश्तेदारों व ग्राम वासियों का तांता लगा हुआ है।
आग में झुलसने से विवाहिता गंभीर घायल
शामली में झिंझाना क्षेत्र के गांव रामनगर में रविवार की सुबह करीब 10 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता आग लगने से झुलस गई। जिसको गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं विवाहिता के भाई ने ससुरालियों पर उसकी बहन को जान बूझकर जलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। सूचना पर एएसपी भी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली।
रविवार को क्षेत्र के गांव गुज्जरपुर के मजरे रामनगर में विवाहिता मीनाक्षी पत्नी आशीष संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से झुलस गई। जिसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस एवं परिजनों द्वारा विवाहिता मीनाक्षी को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से गंभीर हालत के चलते हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह, थाना प्रभारी विरेंद्र कसाना एवं चौकी प्रभारी बिडौली शैलेंद्र पूनिया मामले की छानबीन के लिए रामनगर पहुंचे। वहीं विवाहिता मीनाक्षी के भाई रवि पुत्र महिपाल निवासी लव्वा दाउदपुर ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उन्होंने अपनी बहन मीनाक्षी की शादी एक वर्ष पूर्व रामनगर निवासी आशीष पुत्र सलेक के साथ की थी। आशीष और उसके परिजन ने तभी से दहेज में चार लाख रुपये मांग रहे थे। सोमवार को मीनाक्षी के ससुरालियों का फोन आया कि जल्दी हमारे घर आ जाओ जिसके बाद जब हम रामनगर पहुंचे तो मीनाक्षी गंभीर हालत में जली हुई मिली। मीनाक्षी ने बताया कि मुझे मेरे पति आशीष, सास राज्जो, जेठ दीपक, जेठानी रजनीश, नंद छोटी निवासी रामनगर एवं पूजा पत्नी राकेश व राकेश पुत्र मिठ्ठन निवासी गांव घिस्सूगढ ने मिलकर जान से मारने की नीयत से जला दिया। थाना प्रभारी विरेंद्र कसाना ने बताया विवाहिता मीनाक्षी के जलने की सूचना मिली थी । जिसको उपचार हेतु हायर सेंटर रेफर किया गया है।वहीं, मीनाक्षी के भाई ने ससुरालियों के खिलाफ तहरीर दी है। जिसके आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है।
कई दिनों से चल रहा था दंपति के बीच विवाद
ग्रामीणों ने बताया कि आशीष का अपनी पत्नी मीनाक्षी के साथ पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। जिसको लेकर शनिवार को आशीष अपनी पत्नी मीनाक्षी को अपनी ससुराल ले गया था, लेकिन अचानक मीनाक्षी के आग लगने से झुलसने की सूचना मिली। पूर्व में भी दोनों के बीच कई बार झगड़ा हो चुका था।
सीसीएसयू द्वारा बीएड परिक्षाओं की तिथियों में लगातार बदलाव किए जाने से छात्रों में गुस्सा है। वहीं, गुस्साए छात्रों ने रविवार को गढ़ रोड पर भैंस के सामने बीन बजाकर विरोध किया। छात्रों का कहना है कि विवि प्रशासन बीएड परीक्षाओं की लगातार तिथि बदल रहा है। इससे दूर जिलों में रहने वाले छात्रों को काफी दिक्कत हो रही है। तिथि तय नहीं कर पाने से हजारों छात्र परेशान है। शुक्रवार को विवि प्रशासन ने तय तिथि पर परीक्षा कराने का दावा किया, जिसकी वजह से वाराणसी, गोरखपुर, बलिया, इलाहाबाद, लखनऊ आदि जिलों के छात्र रिजर्वेशन करवा कर घरों से चल दिए। इसी बीच रास्ते में पता चला कि परीक्षा फिर स्थगित कर दी है। इससे स्पष्ट है कि विवि उचित फैसला लेने में अक्षम है। छात्र नेता विनीत चपराना व पूर्व महामंत्री अंकित अधाना के साथ कई छात्रों ने भैंस के आगे बीन बजाकर विवि प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए। इस दौरान छात्र अमन राणा, अभिषेक गुर्जर, आशू गोस्वामी, दिवाकर सैनी, गौरव पाल, विनय सैनी, रजत ठाकुर आदि मौजूद रहे।
पूर्व विधायक सतेंद्र सोलंकी जेल से रिहा होने के बाद रविवार को अपने गांव जीवाना गुलियान पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों व परिवार के सदस्यों ने स्वागत किया। बताया गया कि सतेंद्र सोलंकी इंद्रपाल ढाका हत्याकांड में जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे थे। दिल्ली में कोर्ट ने तीन दिन पहले ही उन्हें इस केस में बरी किया है।
मेरठ में दौराला-सरधना मार्ग पर आर्गेनिक फैक्टरी के सामने रविवार सुबह हादसा हो गया। बताया गया कि दौराला- सरधना मार्ग पर हो रहे गहरे गड्ढे में बाइक का पहिया पड़ने से दो युवक घायल हो गए। उपचार के दौरान शामली जिले के ताना गांव निवासी 24 वर्षीय साहिल की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मेरठ में आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी व सांसद संजय सिंह के आह्वान पर रविवार को प्रदेश के सभी जिलों में बिजली कटौती को लेकर लालटेन जुलूस निकाला गया। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी ने मेरठ में जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी के नेतृत्व में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ सदर घंटाघर से सदर बाजार, आबूलेन फवारा चौक होते हुए सदर घंटाघर पुलिस चौकी तक लालटेन जुलूस निकाला। इस दौरान अघोषित बिजली कटौती पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जिला अध्यक्ष अंकुश चौधरी ने कहा कि प्रदेश में बिजली की अघोषित कटौती हो रही है। जनता बिजली कटौती से का सामना कर रही है। पूरे प्रदेश में बिजली कटौती का संकट लोग झेल रहे हैं। गर्मी की वजह से अस्पतालों में लोग भर्ती हो रहे हैं और मौतें हो रही हैं।
बागपत में रटौल के एक युवक को पुलिस जुए के मामले में पूछताछ के लिए चौकी पहुंची थी। परिजनों का आरोप है कि युवक की जमकर पिटाई की गई और घायल अवस्था में परिजनों को सौंप दिया। जहां उपचार के लिए ले जाते समय युवक की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों व ग्रामीणों ने रटौल बस स्टेंड पर युवक का शव रखकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान उनकी पुलिस से झड़प भी हुई। ग्रामीणों ने आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और आला अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की।
बीमार मरीज को देखकर बिजनौर से अपने गांव सलेमपुर गघेली लौट रही दंपत्ति की बाइक ट्रक से टकरा गई। बाइक टकराने के बाद ट्रक का पहिया महिला सुनीता के ऊपर से उतर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका पति देवेंद्र उर्फ ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना वीकेआईटी स्कूल के पास की है। घायल को जिला अस्पताल भेजा गया है, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बिजनौर जनपद के नूरपुर में उप जिलाधिकारी चांदपुर रितु रानी के निर्देशन में अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार की रात को पुलिस ने गांव अब्दुल्लापुर दहाना के जंगल में छापा मारकर अवैध खनन में लिप्त एक डंपर व जेसीबी को पकड़ लिया। इस दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पकड़े गए वाहनों को दौलतपुर चौकी में खड़ा किया। थानाध्यक्ष संजय कुमार तोमर ने बताया कि पकडे़ गए वाहनों को सीज करने की कार्यवाही की जा रही है।
बिजनौर के मंडावर में आम के बाग में रखवाली कर रहे वृद्ध पर गुलदार ने हमला कर दिया। गुलदार के हमले से घायल हुए वृद्ध को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव सीमला कला निवासी वृद्ध करण सिंह मंडावर दयालवाला मार्ग पर गांव देवीदासवाला के निकट आम के बाग की रखवाली करता है। शनिवार की शाम करण सिंह बाग से अपने घर खाना खाने जा रहा था। तभी गन्ने के खेत से निकलकर गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। हमला होता देख वृद्ध ने शोर मचा दिया और शोर सुनकर गुलदार खेतों की ओर भाग गया। गुलदार के हमले में करण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में करण सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।