West UP News Live: किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी दोषमुक्त, दर्दनाक हादसे में बच्ची की मौत, पढ़ें ताजा खबरें
West UP News Live : बागपत में मंदिर परिसर में फिल्मी गानों पर लड़कियों के साथ डांस करते संचालक का वीडियो वायरल हुआ है। इससे आरएसएस और भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। उधर, मेरठ में मेडिकल कॉलेज की गायनिक ऑपरेशन थिएटर में आग लग गई। यहां पढ़िए पल-पल का अपडेट-
लाइव अपडेट
मुजफ्फरनगर में छपार थाना क्षेत्र के गांव में किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी शादाब को साक्ष्यों के अभाव में दोषमुक्त करार दिया गया। अपर सत्र न्यायालय/विशेष न्यायालय पॉक्सो एक्ट कोर्ट संख्या-एक की पीठासीन अधिकारी मंजुला भालोटिया ने फैसला सुनाया। छपार क्षेत्र के गांव में पीड़िता संदिग्ध हालात में गायब हो गई थी। पीड़ित पक्ष ने आरोपी शादाब के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। आरोप लगाया गया था कि आरोपी ने पीड़िता को अपनी बहन के माध्यम से घर बुलाया। इसके बाद जबरन दिल्ली ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता को बरामद किया था। मामले में पुलिस ने आरोप पत्र दाखिल किया। प्रकरण की सुनवाई अपर सत्र न्यायालय/विशेष न्यायालय पॉक्सो एक्ट कोर्ट संख्या-एक में हुई। अभियोजन पक्ष आरोपों को साबित नहीं कर सका। साक्ष्यों के अभाव में आरोपी को दोषमुक्त करार दिया गया है।
मेरठ में कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के नंगलाताशी गांव में ट्रैक्टर के पहिए के नीचे दबकर दो वर्षीय बच्ची हमायरा की मौत हो गई। घटना के बाद चालक और ट्रैक्टर मालिक मौके से फरार हो गया। पीड़ित परिजनों ने आरोपी चालक के खिलाफ थाने में तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सहारनपुर के लखनौती में दिन-दहाड़े बीच बाजार एक युवक ने दूसरे युवक पर चाकू से हमला कर दिया। घायल युवक को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से गंभीर हालत के चलते उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
हीट स्ट्रोक के चलते मुख्य आरक्षी की मौत, पुलिस महकमे में शोक की लहर
बिजनौर जनपद के रेहड़ में हीट स्ट्रोक के चलते अचानक तबीयत खराब होने से चालक मुख्य आरक्षी की मौत हो गई। मौत की खबर मिलने से मृतक के परिवार सहित पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों की मांग के मुताबिक, अग्रिम कार्रवाई करने की बात कही है।
शामली के चौसाना में बिडौली मार्ग के गांव उदपुर गांव में खेतों पर काम करने गए किसानों ने तेंदुआ देखा तो हड़कंप मच गया। वहीं, तेंदुआ देखे जाने से लोगों में दहशत फैल गई। तेंदुआ की सूचना के बाद मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडों के साथ खेत पर जमा हो गए। वन विभाग की टीम भी तेंदुए की तलाश में जुटी है। चौसाना के उदपुर में शुक्रवार को साकिर के खेत में तेंदुआ देखा गया। जिससे लोगों में दहशत में फैल गई। मामले की सूचना पर काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना के करीब तीन घंटे बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को तलाश किया। तेंदुए के कारण कुछ ग्रामीण खेतों पर जाने से भी हिचक रहे हैं। क्षेत्रीय वन अधिकारी राजेश कुमार का कहना है कि तेंदुए को तलाश किया जा रहा है। जल्द ही पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।
शॉर्ट सर्किट के कारण मेडिकल कॉलेज की गायनिक ओटी में लगी आग
भीषण गर्मी में शॉर्ट सर्किट के कारण मेडिकल कॉलेज की गायनिक ऑपरेशन थिएटर में सुबह 7:30 बजे आग लग गई। गनीमत रही कि आग के दौरान कोई हताहत नहीं हुआ। यह पूरी बिल्डिंग ऑपरेशन थिएटर के लिए ही निर्धारित की गई है। गायनिक ऑपरेशन थिएटर के ऊपर ई एंड टी ऑपरेशन थिएटर है और नीचे जनरल ऑपरेशन थिएटर बनाया गया है।
West UP News Live: किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी दोषमुक्त, दर्दनाक हादसे में बच्ची की मौत, पढ़ें ताजा खबरें
मंदिर में लड़कियों के साथ फिल्मी गानों पर डांस करता संचालक
बागपत में महिला थाने के पास शिव ज्योति धाम मंदिर में देवी-देवताओं की मूर्ति खंडित किए जाने के विरोध में आरएसएस व भाजपा नेताओं और श्रद्धालुओं ने हंगामा किया। मंदिर संचालक पर मूर्ति खंडित करने का आरोप लगाया गया है। वहीं, दूसरे समुदाय के व्यक्ति को महिलाओं ने मंदिर से भगा दिया। उधर, आरएसएस के कार्यकर्ताओं ने बताया कि मंदिर से हनुमान की मूर्ति बिना पूजा किए ड्रिल मशीन से हटाकर बाहर लगवा दी गई।