फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

Meerut News Live: मेरठ में तेंदुए से दहशत, राजपाल बालियान बोले-किसान भुगत रहे सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा

Sun, 15 Jan 2023 06:01 PM IST
कपिल kapil अमर उजाला ब्यूरो, मेरठ
अमर उजाला ब्यूरो, मेरठ Published by: कपिल kapil Updated Sun, 15 Jan 2023 06:01 PM IST
खास बातें

पश्चिमी यूपी के कई जिलों में सुबह से ही शीतलहर चल रही है। हालांकि सुबह ही तेज धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत है। वहीं मेरठ में तेंदुए की दहशत से शहरवासी परेशान है। पढ़िए पश्चिमी यूपी का पल-पल का अपडेट-

विज्ञापन
Meerut News Live: Cold wave increased in western UP and fear of leopard in Meerut and read all updates
फाइल फोटो। - फोटो : अमर उजाला

लाइव अपडेट

05:50 PM, 15-Jan-2023
राजपाल बालियान बोले- किसान भुगत रहे सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा

मुजफ्फरनगर में रालोद विधानमंडल दल के नेता राजपाल बालियान ने कहा कि आवारा पशु फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। गेहूं की फसल में सबसे ज्यादा नुकसान हो रहा है। सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है।

रविवार को गांव किनौनी में किसान संदेश अभियान के अंतर्गत गन्ना मूल्य और आवारा पशुओं की समस्याओं के संबंध में किसानो ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखे। जिलाध्यक्ष संदीप मलिक ने बताया कि यह पत्र  21 जनवरी को प्रेषित किए जाएंगे। मुख्य अतिथि रालोद विधायक राजपाल बालियान ने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में अंतर है। किसानों के गन्ने का भाव क्यों घोषित नहीं किया गया। किसान बिना भाव घोषित किए गन्ना डाल रहे हैं। 

पुरकाजी विधायक अनिल कुमार ने कहा कि सरकार मुद्दों से भटक गई है। घोषणापत्र को ही लागू नहीं किया गया।  इस मौके पर राष्ट्रीय सह संयोजक सुधीर भारतीय, अभियान प्रदेश संयोजक विकास कादियान, प्रदेश प्रवक्ता कमल गौतम, आदेश तोमर, विनम्र बालियान और सुखपाल सिंह मौजूद रहे।
05:34 PM, 15-Jan-2023
दिल्ली में उर्दू शिक्षक तनवीर और उनकी पत्नी शाहीन हुए सम्मानित

बिजनौर के उर्दू शिक्षक दंपती को दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में उर्दू भाषा के अभिनव विकास के लिए उत्कृष्ट उर्दू शिक्षक राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया। 

कौमी उर्दू शिक्षक कर्मचारी संघ का राष्ट्रीय अधिवेशन मिर्जा गालिब एकेडमी हजरत निजामुद्दीन दिल्ली में आयोजित किया गया। अधिवेशन में नजीबाबाद के हिमायूंपुर इद्दू जूनियर हाईस्कूल के उर्दू शिक्षक तनवीर अहमद और उनकी पत्नी राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोटद्वार में कार्यरत उर्दू शिक्षिका शाहीन तनवीर को उर्दू भाषा की खिदमत के लिए उत्कृष्ट उर्दू शिक्षक राष्ट्रीय अवार्ड प्रदान किया गया। 

देशभर से आए कई अन्य उर्दू शिक्षकों को भी अधिवेशन में राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया।
विज्ञापन
04:44 PM, 15-Jan-2023
भामाशाह पार्क पहुंची उत्तर प्रदेश और ओडिशा की टीमें, बहाया पसीना

मेरठ में 17 जनवरी से भामाशाह पार्क में होने वाले रणजी ट्रॉफी के मुकाबले के लिए उत्तर प्रदेश और ओडिशा की टीमें रविवार को मैदान पर पहुंचीं। जहां दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जमकर अभ्यास किया। जिसमें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखने वाले मेरठ के शिवम मावी, आईपीएल खिलाड़ी प्रियम गर्ग, रिंकु सिंह, ध्रुव जुयाल ने जमकर पसीना बहाया।

शिवम मावी ने कहा घरेलू क्रिकेट किसी भी खिलाड़ी के लिए महत्वपूर्ण है। आईपीएल ने पहचान दी तो घरेलू क्रिकेट के प्रदर्शन ने भारतीय टीम में जगह बनाने में कामयाबी दी। अभ्यास के दौरान उत्तर प्रदेश टीम के मैनेजर केएल तेजवानी व ओडिशा के मैनेजर विजयदास भी मौजूद रहे।
04:03 PM, 15-Jan-2023
शिक्षणेत्तर कर्मचारी लंबित मांगों को लेकर तेज करेंगे आंदोलन

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षणेत्तर संघ की वर्चुअल बैठक में शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर फरवरी से आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया है। संघ के कर्मचारी फरवरी में पूरे प्रदेश के जिला मुख्यालय पर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेंगे। इसके बाद मार्च में प्रयागराज में शिक्षा निदेशक कार्यालय पर दो दिवसीय धरना देंगे। 

प्रदेश के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की वर्चुअल बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने की घोषणा की। वर्चुअल बैठक में  शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने शिक्षक पद पर पदोन्नति, अवकाश नकदीकरण, चिकित्सा सुविधा, पुरानी पेंशन बहाली, प्रबंध समिति में भागेदारी, भर्ती पर रोक हटाने, आऊट सोर्सिंग समाप्त करने की मांग को लेकर आंदोलन तेज करने की बात कही। 

शिक्षणेत्तर कर्मचारी एक से चार और छह से नौ फरवरी को एक तिथि को दो-दो मंडल के जनपदों में प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा। लंबित एरियर की के लिए शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ 13 व 14 मार्च को शिक्षा निदेशालय प्रयागराज के कार्यालय पर दो दिवसीय धरना देंगे। 
03:13 PM, 15-Jan-2023
शामली में देव स्थल खंडित कर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा रखी, दो पक्षों में तनाव

शामली में कांधला थाना क्षेत्र के गांव इस्लामपुर घसौली में देव स्थल खंडित कर उनके स्थान पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी गई। जिससे गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। 

सूचना पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे उच्चाधिकारियों सहित थाना प्रभारी ने स्थिति को संभालते हुए दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। गांव में सुरक्षा की दृष्टि से पीएसी तैनात की गई है। 

कांधला थाना क्षेत्र के गांव इस्लामपुर घसौली निवासी संजीव, शीला, कृष्णपाल ने बताया कि उन्होंने घर के निकट अपनी जमीन में देवताओं की स्थापना कर रखी थी। जहां पर उनके परिवार के लोग पूजा-अर्चना करते थे। शनिवार की रात को पड़ोस में शादी समारोह था, जिसमें सभी लोग व्यस्त थे। आरोप है कि गांव के ही कई असामाजिक तत्वों ने देव स्थल खंडित कर दिए और कहीं दूसरे स्थान पर ले जाकर छिपा दिया। मौके पर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी। 

वहीं रविवार सवेरे जैसे ही संजीव पक्ष के लोगों को मामले की जानकारी मिली तो उनमें रोष फैल गया। तनाव की स्थिति के चलते दोनों पक्ष एक-दूसरे के सामने आ गए। सूचना मिलने पर एएसपी ओपी सिंह, सीओ कैराना अमरदीप मौर्य, एसडीएम कैराना शिव प्रकाश यादव, तहसीलदार कैराना गौरव सांगवान, थाना प्रभारी निरीक्षक श्यामवीर सिंह पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने दोनों पक्षों से वार्ता कर उन्हें समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मौके से कई लोगों को हिरासत में भी लिया है। 

वहीं मौके से डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा भी हटा दी गई। कोर्ट का निर्णय आने तक दोनों पक्षों को मौके पर कोई निर्माण या मूर्ति स्थापना न करने की हिदायत दी।
01:52 PM, 15-Jan-2023
मेरठ दीपक हत्याकांड, अदालत के आदेश पर कुर्की के नोटिस चस्पा

मेरठ में खजूरी गांव निवासी दीपक त्यागी की हत्या के मामले में न्यायालय द्वारा आरोपियों के कुर्की के आदेश जारी दिए हैं। वहीं एसआईटी के विवेचक व क्राइम ब्रांच बागपत के निरीक्षक तपेश्वर सागर पुलिस बल के साथ रविवार को गांव में पहुंचे। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने शाहबाज और इमरान उर्फ मन्नू के घरों पर ढोल बजवाकर कुर्की का आदेश मकानों की दीवार पर चस्पा कर दिया।

बता दें कि खजूरी गांव निवासी दीपक त्यागी की 27 सितंबर 2022 की सुबह बिना सिर की लाश मिली थी। घटना के एक सप्ताह बाद अभियुक्त फैमिद और आसिफ को गिरफ्तार कर पुलिस ने दीपक त्यागी का सिर बरामद किया था। 

वहीं परिजनों के हंगामे के बाद विवेचना के लिए एसआईटी का गठन किया गया था, जिसकी जांच जनपद बागपत को सौंपी गई थी। एसआईटी टीम ने इस हत्याकांड में शाहबाज और इमरान उर्फ मन्नू निवासी ग्राम खजूरी को षड्यंत्र का दोषी पाया था। जिनके विरुद्ध न्यायालय से वारंट जारी किए गए थे। लेकिन अभी तक फरार होने के कारण ही कुर्की का नोटिस चस्पा किया गया है।

उधर, मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में रोहटा रोड पर शनिवार रात पेट्रोल पंप पर हुई मारपीट का वीडियो वायरल हो गया। मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
01:32 PM, 15-Jan-2023
गैस सिलिंडर लीक होने से लगी आग, सिपाही की पत्नी झुलसी

बागपत शहर के पुराने कस्बे में देशराज मोहल्ला में गैस सिलिंडर में आग लगने से हादसा हो गया। हादसे में सिपाही की पत्नी झुलस गई। 

बताया गया कि देशराज मोहल्ला में मनोज चौहान के मकान में सिपाही सतबीर का परिवार किराए पर रहता है। वर्तमान में सतबीर की तैनाती गाजियाबाद है। वह रविवार को ड्यूटी पर थे और घर में उनकी पत्नी काजल, साली मनीषा, पांच साल की बेटी रिया और बेटा देविश मौजूद थे। काजल रसोई में खाना बना रही थी, इसी दौरान सिलिंडर लीक होने से आग लग गई। 

वहीं काजल और मनीषा ने आग बुझाने का प्रयास किया तो उनके बाल आग की चपेट आ गए। आग बढ़ने पर उन्होंने शोर मचा दिया और बच्चों को बाहर निकाला। वहीं मौके पर पहुंचे लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। 

बताया गया कि आग लगने से करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
01:23 PM, 15-Jan-2023
बाइकों की जोरदार भिड़ंत, दो लोगों की मौत, मचा कोहराम

बागपत जनपद में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें लोगों की जान चली गई। वहीं दो लोगों की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।

बताया गया कि सिनौली गांव से रविवार को बड़ौत एक शादी में कन्यादान देने जा रहे बाइक सवार की दूसरी बाइक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। 

वहीं राहगीरों ने घायलों को नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर, एक साथ दो लोगों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
     
बताया गया कि मृतक प्रवीण (50) पुत्र हरिकिशन व प्रदीप उर्फ सतीश (64) पुत्र भंवर सिंह सिनौली गांव के रहने वाले थे। रविवार को दोनों बाइक पर सवार होकर गांव के ही संतोष शर्मा की बेटी की शादी में कन्यादान देने जा रहे थे, जब दोनों बड़ौत-छपरौली मार्ग पर सरस्वती हॉस्पिटल के सामने पहुंचे, तो सामने से तेज गति से आ रहे शबगा गांव के एक युवक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। 

इस दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों ने सभी को नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर चिकित्सकों ने प्रवीण व प्रदीप को मृत घोषित कर दिया, जबकि शबगा निवासी घायल सोनू का उपचार चल रहा है। उधर, एक साथ दो लोगों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
01:18 PM, 15-Jan-2023
अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह के दो सदस्य दबोचे, छह बाइक बरामद

बागपत जनपद के बड़ौत में पुलिस ने रविवार को चेकिंग के दौरान अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह के दो सदस्य पकड़े हैं। पुलिस ने उनसे चोरी की छह बाइक बरामद की।

सीओ सविरत्न गौतम ने बताया कि बदमाशों की गिफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को पुलिस चेकिंग के दौरान बाइक चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से चोरी की छह बाइक बरामद की। 

वहीं पूछताछ में उन्होंने अपने नाम अक्षय निवासी बड़ौत व मोनू निवासी बड़का बताया। उन्होंने अलग-अलग स्थानों से बाइक चोरी की। वह चोरी की बाइकों को फर्जी कागज के जरिए बेच देते थे।
11:20 AM, 15-Jan-2023
मेरठ कॉलेज के छात्र पर किया जानलेवा हमला

मेरठ में लालकुर्ती थाना क्षेत्र के बेगम बाग में बाइक सवार युवकों ने मेरठ कॉलेज के छात्र विजित तालियान पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आसपास के लोगों ने पुलिस को फोन किया। बाद में पुलिस दो आरोपियों को पकड़कर थाने ले आई। आरोप है कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को छोड़ दिया। इसके बाद दोनों आरोपी ने फिर से छात्र पर हमला किया। आरोप है कि उनके पास हथियार भी थे। पुलिस ने धारदार हथियार भी बरामद किए हैं।

यह घटना शनिवार देर रात की है। छात्र विजित तालियान बेगम बाग में रहते हैं। आरोप है कि मेरठ कॉलेज के छात्र संघ के पूर्व महामंत्री अपने साथियों के साथ पहुंचे। उन्होंने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने उन्हें बचाया। इसके बाद लालकुर्ती पुलिस को सूचना दी गई।

बाद में पुलिस दो आरोपियों को पकड़कर लालकुर्ती थाने लाई। पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों को छोड़ दिया। दोनों ने फिर से आकर छात्र के साथ मारपीट की। छात्र का कहना है कि वह एसएसपी से इसकी शिकायत करेंगे। वहीं, लालकुर्ती पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद आरोपी पर कार्रवाई की जाएगी।

आरोप है कि एक साल पहले भी छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री ने बेगम बाग स्थित विजित तालियान के फ्लैट पर हमला किया था। उस समय आपसी समझौता हो गया था। पुलिस तक मामला नहीं पहुंचा था। एक साल बाद फिर से हमला किया गया है। छात्र और उनके साथियों ने थाने में पहुंचकर सख्त कार्रवाई की मांग की।
Load More
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed