04:45 PM, 15-Nov-2021
नेताओं से सवाल दागते हुए गर्म हुआ माहौल
तमाम मुद्दों को लेकर राजनीतिक पदाधिकारियों के साथ चर्चा का माहौल गर्म रहा। हर दल के नेता अपने कार्यों और दावों पर अड़े रहे और विकास व रोजगार की बातें करते रहे। हालांकि जनता कई बार नेताजी पर ठहाके लगाते तो कई बार आक्रोशित होती नजर आई। हर मुद्दे को लेकर जनता का अलग-अलग मत रहा।
अमर उजाला की यह दिलचस्प चुनावी यात्रा आगे भी जारी रहेगी। अलग-अलग जिलों में 'सत्ता का संग्राम' देखने को मिलता रहेगा।
04:39 PM, 15-Nov-2021
मायावती के शासन को याद कर रहे हैं लोग: बसपा
बसपा के प्रतिनिधि ने स्पष्ट कहा कि हम यहां कभी कमजोर नहीं रहे हैं। बसपा 2022 में शानदार प्रदर्शन करेगी। लोग मायावती के शासन काल को याद कर रहे हैं।
04:37 PM, 15-Nov-2021
दिल्ली मॉडल के तर्ज पर लड़ेगी 'आप'
आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी ने दिल्ली मॉडल के तर्ज पर चुनाव लड़ने का एलान किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की तरह ही 300 यूनिट बिजली मुफ्त मिलेगी, वहीं किसानों के ट्यूबवेल की बिजली बिल भी माफ होगी। शिक्षा के क्षेत्र में भी काम किया जाएगा।
04:29 PM, 15-Nov-2021
सपा नेता बोले- पहली बार कूड़े के ढेर पर मनाई दिवाली
भाजपा के दावे को सिरे से नकारते हुए सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि हालात पहले से और ज्यादा बिगड़ गए हैं। पहले कम से कम दिवाली के मौके पर सड़कों को चमका कर रंगोली कार्यक्रम किए जाते थे, लेकिन बदायूं के इतिहास में इस साल पहली बार शहरवासियों ने कचरे के ढेर पर दिवाली मनाई।
04:27 PM, 15-Nov-2021
भाजपा का दावा- काम हो रहा है
भाजपा जिलाध्यक्ष ने दावा किया कि हमारी सरकार आने से पहले सड़कें बदहाल थीं। भाजपा के शासनकाल में सड़कों का चौड़ीकरण, कूड़ा प्रबंधन, चौराहों का सौंदर्यीकरण और तमाम विकास कार्य किए जा रहे हैं।
04:25 PM, 15-Nov-2021
राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से शुरू हुआ संवाद
चुनावी रथ सत्ता का संग्राम में राजनीतिक दलों से के पदाधिकारियों से बातचीत की जा रही है। इसमें भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता, कांग्रेस उपाध्यक्ष धर्म सिंह, कांग्रेस नेता विरेश सिंह, आप जिलाध्यक्ष भूदेव सिंह, सपा जिला उपाध्यक्ष राजीव राज गुप्ता और जनता दल के जिलाध्यक्ष आराम सिंह यादव मौजूद हैं।
04:00 PM, 15-Nov-2021
कुछ देर में राजनीतिक दलों से होगी चर्चा
चुनावी रथ बदायूं में अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है। बस कुछ ही देर में राजनीतिक दलों से सवाल जवाब का सिलसिला शुरू होगा। यहां जनता के सवालों को लेकर नेताओं को कटघरे में खड़ा किया जाएगा।
02:28 PM, 15-Nov-2021
अब राजनीतिक दलों पर दागे जाएंगे सवाल
युवाओं से बातचीत के बाद अब चुनावी रथ शाम चार बजे राजनीतिक दलों से संवाद करेगा। इस दौरान नेताओं पर सवालों की बौछार की जाएगी।
02:25 PM, 15-Nov-2021
बदायूं को वापस मिले ऐतिहासिक पहचान
बातचीत के दौरान एक युवती ने जानकारी दी कि बदायूं इतिहास में एक बेहद प्रतिष्ठित स्थान रहा है। इसका नाम पहले 'वेदा मऊ' था। यहां वेदों का अध्ययन किया गया था। लेकिन अब लोगों को इस बारे में जानकारी नहीं है। इसे इसकी पहचान वापस मिलनी चाहिए। इसके लिए सरकार ही नहीं लोगों को भी जागरूक होना पड़ेगा।
02:21 PM, 15-Nov-2021
युवा बोले- बदायूं को मिले अपनी पहचान
युवाओं ने कहा कि उनके लिए पढ़ाई सबसे अहम मुद्दा है। हमें कई चीजों की पढ़ाई के लिए कोटा या प्रयागराज जाना पड़ता है। लेकिन बदायूं को भी इसी तरह विकसित करने की जरूरत है जिससे शिक्षा या खेल के क्षेत्र में इसे नई पहचान मिल जाए।