Shimla Masjid Case Live: संजौली में हिंदू संगठनों का उग्र प्रदर्शन, दो बार लाठीचार्ज, 10 लोग हुए घायल
Shimla Sanjauli Mosque Row Live Updates :हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली स्थित मस्जिद में अवैध निर्माण के विरोध में बुधवार को हिंदूवादी संगठनों की ओर से उग्र प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारी ढली टनल पर बैरिकेड्स तोड़कर संजाैली बाजार पहुंचे। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुए लाठीचार्ज में पुलिस के पांच जवानों समेत कुल दस लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। पढ़ें दिनभर के अपडेट्स...
लाइव अपडेट
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में मस्जिद में हुए अवैध निर्माण के विरोध में बुधवार को हिंदू संगठनों ने उग्र प्रदर्शन किया। जिला प्रशासन के धारा 163 लागू करने के बावजूद संजौली में हजारों की भीड़ जुटी और मस्जिद गिराने की मांग को लेकर अड़ी रही। इस दौरान लोगों की भीड़ ने पुलिस के बैरिकेड भी तोड़ डाले। इसके बाद जब भीड़ मस्जिद से महज 50 मीटर दूरी पर पहुंची तो दूसरे बैरिकेड तोड़ने की कोशिश करने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर जमकर लाठीचार्ज किया। इस दौरान दमकल वाहनों की मदद से पानी की तेज बौछारों से भी भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की गई। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई धक्कामुक्की व लाठीचार्ज में पुलिस के पांच जवानों समेत कुल दस लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। इसमें विधानसभा चुनाव में शिमला शहरी सीट से भाजपा के प्रत्याशी संजीव सूद भी शामिल हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों पर बल प्रयोग करना और वाटर कैनन का इस्तेमाल करना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। इस पूरे प्रकरण में सरकार की ओर से पहले दिन से ही पक्षपातपूर्ण कार्रवाई की जा रही है। जब यह स्पष्ट है कि मस्जिद कानूनी नहीं है तो न्यायोचित कार्रवाई की जानी चाहिए, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय मुख्यमंत्री प्रदर्शन करने वाले लोगों की ही धमकाते रहे। सख्ती से निपटने की बात करके जनभावना को आहत करने का प्रयास किया गया। यह सरकार की नाकामी है। सरकार इस मुद्दे को डील करने में, जनभावनाओं को समझने और उसका सम्मान करने में सफल हो गई। जो काम कानून के हिसाब से किया जा सकता था, वह आलाकमान के दबाव में नहीं कर रही है।
उधर, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान ने कहा कि बाहरी राज्यों से प्रदेश में काम करने के लिए आने वाले लोगों के पंजीकरण के लिए सरकार ने फैसला लिया है। कानून को अपने अधिकार में लेने का हक किसी को नहीं है। कानून के दायरे में रहकर प्रदर्शनकारियों को अपना विरोध जताना चाहिए था। प्रदर्शनकारियों में अधिकांश लोग भाजपा के थे। राजनीतिक स्वार्थ के चलते भाजपा नेता इस मामले को जबरन तूल दे रहे हैं। अवैध निर्माण का मामला नगर निगम आयुक्त के कोर्ट में विचाराधीन है। इस निर्माण के लिए क्या विधायक, सांसद निधि से धनराशि जारी हुई है। नक्शा पास किए बिना निर्माण कैसे हुआ। इन मामलों पर भी सरकार जांच कर रही है। हिंदू-मुस्लिम से इस मामले को नहीं जोड़ना चाहिए। देश में बीते दस वर्ष से इस प्रकार की राजनीति करने का क्रम बढ़ा है।
संजाैली में हुए मस्जिद के अवैध निर्माण मामले पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि जिस तरह से अवैध रूप से निर्माण हुआ और अवैध रूप से लोगों ने आधार कार्ड बनवाकर लाभ लिए, यह सब प्रदेश सरकार की नाक के नीचे राजधानी शिमला में हुआ। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था राज्य सरकार का विषय है और राज्य सरकार को इस बारे कार्रवाई करनी चाहिए। ठाकुर ने कहा कि दुख है कि सदन में कांग्रेस के मंत्री बोल रहे थे और मुख्यमंत्री सो रहे थे।
शिमला के संजौली स्थित मस्जिद में अवैध निर्माण के विरोध में हुए हिंदूवादी संगठनों के उग्र प्रदर्शन में दर्जनों लोगों को चोटें आई हैं। लाठीचार्ज और धक्कामुक्की में 10 घायल अस्पताल पहुंचे है। पांच पुलिस कर्मियों को भी चोटे आई हैं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यह मामला लंबे समय से लंबित है। जहां तक अवैध इमारतों के निर्माण का सवाल है, सरकार ने इसका संज्ञान लिया है। मैंने विधानसभा में भी मजबूती से कहा है कि जैसे ही इस पर फैसला आएगा, कानून के दायरे में कार्रवाई की जाएगी, अगर कोई इमारत अवैध पाई गई तो उसे गिरा दिया जाएगा। लेकिन हमें कानून की प्रक्रिया के साथ आगे बढ़ना होगा। हम चाहते हैं कि हिमाचल प्रदेश में शांति का माहौल बना रहे।
#WATCH | Shimla: On the matter of alleged illegal construction of a mosque in Sanjauli area, Himachal Pradesh Minister Vikramaditya Singh says, "This matter has been pending for a long period. As far as the construction of illegal buildings is concerned, the government has taken… pic.twitter.com/BO9VTGhbmm
— ANI (@ANI) September 11, 2024
संजाैली प्रदर्शन पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सभी को अपनी बात रखने व प्रदर्शन करने का अधिकार है। इसे देखते हुए भारी पुलिस बल माैके पर तैनात किया गया था। कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल भी करना पड़ा है और हल्का लाठीचार्ज भी हुआ है। कितने लोग घायल हुए हैं, इसकी रिपोर्ट ली जाएगी। किसी को नुकसान पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। कानून के दायरे में कार्रवाई करनी होगी, भावनाओं में बहकर किसी भी तरह के गलत कदम से बचना होगा।
संजाैली स्थिति मस्जिद में अवैध निर्माण मामले पर लोक निर्माण विक्रमादित्य सिंह ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि तहबाजारी पाॅलिसी मामले पर सरकार मंत्रिमंडलीय उप समिति गठित कर रही है। इसकी पहल हो चुकी है। प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा व तहबाजारी नियमों को और कड़ा करने के लिए फैसला लिया जाएगा। कमेटी में मंत्री भी शामिल होंगे।
अब संजौली चौक से प्रदर्शनकारियों को पुलिस की ओर से हटाया दिया गया है। भीड़ को तितर-बितर कर दिया गया है। जगह-जगह पुलिस बल तैनात है। आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
संजौली में उग्र प्रदर्शन, लाठीचार्ज मामले के बाद हिमाचल के सभी पुलिस अधीक्षक को अलर्ट रहने के निर्देश जारी किए हैं। सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने डीजीपी को तलब किया है। मौके पर खुद, आईजी व डीआईजी को रहने के लिए कहा है। मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल संजौली चौक से प्रदर्शनकारियों को पुलिस की ओर से हटाया जा रहा है। भीड़ को तितर-बितर करने का प्रयास जारी है।
#WATCH | Shimla Protests | Himachal Pradesh: A policeman is injured in the clashes between the protesters and the police at the Sanjauli Market area.
— ANI (@ANI) September 11, 2024
(Note: Graphic visuals) pic.twitter.com/LvceYInaA3
प्रदर्शन के चलते तनाव की स्थिति के मद्देनजर एंबुलेंस भी फंसी हुई है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.