फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

Amit Shah MP Visit Live: मंडला में शाह बोले- शिवराज ने बीमारू राज्य को बेमिसाल बनाया, श्योपुर दौरा रद्द

Tue, 05 Sep 2023 04:59 PM IST
रवींद्र भजनी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मंडला/श्योपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मंडला/श्योपुर Published by: रवींद्र भजनी Updated Tue, 05 Sep 2023 04:59 PM IST
खास बातें

Amit Shah BJP Jan Ashirwad Yatra Live : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को मध्य प्रदेश के मंडला में जन आशीर्वाद यात्रा को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जमकर तारीफ की। कांग्रेस पर जमकर बरसे भी। 

विज्ञापन
Amit Shah in MP Today Live Amit Shah to Flag off BJP Jan Ashirwad Yatra From Sheopur Mandla News in Hindi
मंडला में अमित शाह ने झंडी दिखाकर जन आशीर्वाद यात्रा को रवाना किया। - फोटो : अमर उजाला

लाइव अपडेट

04:51 PM, 05-Sep-2023
सिंधिया ने कहा- बीमारू राज्य को बनाया विकसित
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर से फोन पर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जो जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत श्योपुर से हो रही है, यह भाजपा की आशीर्वाद यात्रा नहीं है। यह केवल मध्य प्रदेश सरकार की आशीर्वाद यात्रा नहीं है। यह मध्य प्रदेश की साढ़े नौ करोड़ जनता के सम्मान की यात्रा है। भाजपा ने ही बीमारू राज्य को विकसित करने का काम किया है। कांग्रेस ने वादा किया था कि दस दिन में कर्ज माफ। कर्ज माफ तो हुआ नहीं, मुख्यमंत्री भी नहीं बदला। वल्लभ भवन को भ्रष्टाचार का केंद्र बनाया था। हमें ललकारा तो हमने सरकार को गिरा दिया। विकास करने वाली सरकार बनाई।  
 
03:48 PM, 05-Sep-2023
श्योपुर-कोटा रेल लाइन को मंजूरी
श्योपुर में जन आशीर्वाद यात्रा के शुभारंभ अवसर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने श्योपुर-कोटा रेल लाइन को मंजूरी देने की घोषणा की। उन्होंने यह भी कहा कि ग्वालियर-श्योपुर रेल लाइन को गति मिल गई है। 188 किमी की लाइन ग्वालियर से सुमावली तक 38 किमी तक बन चुकी है। मंत्री जी से अनुरोध है कि गाड़ी को रवाना करें। सुमावली से कोलारस तक 28 किमी तक की लाइन चार महीने में बन जाएगी। जल्द ही गाड़ी पहुंचाएंगे। उसके बाद सबलगढ़ और श्योपुर तक भी लाइन बन जाएगी। उन्होंने कहा कि यह लाइन श्योपुर में नहीं रुकेगी, कोटा तक जाएगी। जल्द से जल्द इस पर काम शुरू करेंगे। 

रेलवे स्टेशन बनाने के लिए समिति बनाएंगे
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि श्योपुर का रेलवे स्टेशन कैसा होना चाहिए? वर्ल्ड क्लास होना चाहिए। मैं आह्वान करता हूं कि युवा आगे आएं और पांच लोगों की कमेटी बनाकर खुद ही स्टेशन को डिजाइन करें। आप लोग तय कीजिए। 10-15 दिन में हम शिलान्यास करेंगे और काम शुरू हो जाएगा। 

मैडम सोनिया और मौनी बाबा नहीं देते थे मध्य प्रदेश को पैसा
वैष्णव ने कहा कि मध्य प्रदेश इतना बड़ा प्रदेश है। इसके बाद भी जब केंद्र में हमारे करप्शन नाथ की पार्टी की सरकार थी। मैडम सोनिया और मौनी बाबा की सरकार थी, तब मध्य प्रदेश को चने बराबर बजट मिलता था। रेलवे पर 632 करोड़ रुपये का बजट दिया था। मोदी जी आए और उन्होंने मध्य प्रदेश का बजट बढ़ाया। पहले इसे 1200 किया, फिर 2400 और फिर 5 हजार करोड़ रुपये किया। इस साल रेल बजट में मध्य प्रदेश की हिस्सेदारी 13 हजार करोड़ रुपये रखे हैं। 

अमित शाह और शिवराज का दौरा रद्द
ग्वालियर में तेज बारिश की वजह से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का श्योपुर दौरा रद्द हो गया। इस वजह से केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ ही केंद्रीय मंत्री और स्थानीय सांसद नरेंद्र सिंह तोमर ने जनसभा को संबोधित किया। तोमर ने कहा कि शाह, चौहान और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी श्योपुर आने वाले थे। ग्वालियर में तेज बारिश की वजह से वह लोग यहां नहीं आ पा रहे हैं। वर्चुअली संबोधित करेंगे। 
विज्ञापन
01:35 PM, 05-Sep-2023
अमित शाह मंडला में संबोधित करते हुए। - फोटो : अमर उजाला
शाह ने की शिवराज की तारीफ, बोले- बीमारू राज्य को बेमिसाल बनाया
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंडला में शिवराज सिंह चौहान की तारीफ से बात शुरू की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जिस राज्य को बीमारू बना रखा था, उसे शिवराज ने बेमिसाल बना दिया। दर्शन करने मात्र से मोक्ष देने वाली नर्मदा मैया को प्रणाम कर बात शुरू करता हूं। गुजरात में मां नर्मदा न पहुंचे, तो हम जी भी नहीं सकते। अमित शाह ने शंकर शाह, रघुनाथ शाह की शहादत को याद किया। उन्होंने कहा कि रघुनाथ शाह और शंकर शाह के स्मारक का लोकार्पण करने जबलपुर आया था। मंडला जिले को साक्षर जिला घोषित किया गया है। इस अभियान का अभिनंदन करता हूं। हम आपसे आशीर्वाद बनाने आए हैं। श्रीमान बंटाढार (दिग्विजय सिंह) ने मध्य प्रदेश को बीमारू बना दिया है। उस समय की स्थिति को याद करें। गड्ढों वाली सड़कें, महिलाओं की सुरक्षा का नामोनिशान नहीं था, घरों में बिजली नहीं थी। 20 साल में भाजपा के तीन मुख्यमंत्रियों, खासकर शिवराज सिंह चौहान ने इसे बेमिसाल बनाया है। मध्य प्रदेश पहला राज्य है, जहां पेसा के कानून को जमीन पर उतारने का काम किया है। शिवराज ने 14 घोषणाएं की थी, और दो साल के अंदर उन्होंने पूरा कर दिया है। मध्य प्रदेश ने आदिवासियों के कल्याण के लिए पूरे देश के सामने मिसाल पेश की है। 

शाह ने किए कांग्रेस पर जोरदार हमले
शाह बोले कि यूपीए की सरकार थी। कमलनाथ और बंटाढार की सरकार थी। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा देश की तिजोरी पर पहला हक अल्पसंख्यकों का है। सबने विरोध किया। वह नहीं माने। कांग्रेस अल्पसंख्यकों के तुष्टिकरण में लगी थी। अंततः 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी। मोदी जी ने पहला भाषण दिया था तो कहा था कि मेरी सरकार आदिवासियों, गरीबों, किसानों की सरकार है। आपको दो विचारधाराओं के बीच चयन करना है। कांग्रेस पार्टी कहती है कि देश के खजाने पर अल्पसंख्यकों का पहला अधिकार है। दूसरी ओर, नरेंद्र मोदी कहते हैं कि गरीबों और आदिवासियों का खजाने पर अधिकार है। यह नेता के शब्द नहीं थे। 2014 के चुनावों में मोदी जी बोले। 2023 में मैं आपके सामने आया हूं। इन नौ साल में मोदी जी ने गरीबों और आदिवासियों के लिए बहुत बड़े बदलाव किए हैं।  



आदिवासी कल्याण मंत्रालय का बजट बढ़ाया
शाह ने कहा कि बंटाढार और कमलनाथ जी को पूछने आया हूं कि जब कांग्रेस की सरकार थी। तब आदिवासी कल्याण मंत्रालय का बजट कितना था? मनमोहन सिंह सरकार सिर्फ 24 हजार करोड़ रुपये देती थी। मोदी जी ने इसे बढ़ाकर एक लाख 19 हजार करोड़ रुपये का बजट आदिवासियों के लिए किया। आजादी के बाद पहली बार गरीब घर की आदिवासी बेटी द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाया। यह सम्मान भी नरेंद्र मोदी ने किया। कांग्रेस इतने साल तक शासन करती रही, कभी आदिवासी के बेटे-बेटी को राष्ट्रपति नहीं बनाया। यह सम्मान भाजपा ने दिया। 

25 सितंबर को तय हो जाएगा, 150 सीटों के साथ भाजपा जीतेगी
शाह ने कहा- श्रीमान बंटाढार और करप्शन नाथ, आप सुन लीजिए। 25 सितंबर को जन आशीर्वाद यात्रा का समापन होगा, उस दिन तय हो जाएगा कि 150 सीटों के साथ एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी। तीन दिन की यात्रा की रिपोर्ट पूछी। हजारों लोग स्वागत में उमड़ रहे हैं। भाजपा की सरकारें गांव-गरीब की सरकार हैं, महिला उत्थान की सरकार हैं। लाड़ली बहनों को शिवराज जी ने रक्षाबंधन पर खुश कर दिया है। कांग्रेस की सरकार थी। आए दिन आतंकवादी हमले होते थे। पाकिस्तान से आए हुए आतंकवादी हमारे जवानों के सिर काटकर ले जाते थे। कांग्रेस की सरकार उफ नहीं करते थे। उरी और पुलवामा में हमला हुआ। आतंकवादी भूल गए कि मौनी बाबा मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री नहीं हैं, नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं। दस दिन के अंदर सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक कर पाकिस्तान के घर में घुसकर आतंकियों का सफाया करने का काम नरेंद्र मोदी ने किया है। समग्र दुनिया में संदेश भेजा कि भारत की सीमा और सेना के साथ छेड़छाड़ नहीं करते हैं, वरना परिणाम भुगतने पड़ते है। मोदी जी ने भारत को सुरक्षित किया। आत्मनिर्भर बनाया। 11 नंबर का अर्थतंत्र छोड़कर गए थे अर्थशास्त्री मनमोहन सिंह। मोदी जी ने उसे पांच नंबर पर लेकर आए। 

कमलनाथ के शासन में सीएमओ बना था मनी कलेक्शन का ऑफिस
शाह बोले- करप्शन नाथ सरकार ने 51 से ज्यादा कल्याण योजनाओं को बंद कर दिया था। सीएमओ मनी कलेक्शन का ऑफिस बन गया था। कांग्रेस की वर्किंग कमेटी करप्शन वर्किंग कमेटी बन गई थी। 800 से अधिक ट्रांसफर हुए थे। 63 हजार करोड़ रुपये का मोबाइल घोटाला, 2400 करोड़ रुपये का अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला, 25 हजार करोड़ की कर्जमाफी का वादा न निभाना, 1178 करोड़ रुपये का किसानों का बोनस खा जाना, कमलनाथ सरकार ने भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड तोड़े हैं। मोदी जी ने, शिवराज जी ने मध्य प्रदेश को विकसित राज्य बनाने का काम किया है।
01:22 PM, 05-Sep-2023
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान। - फोटो : अमर उजाला
शिवराज बोले- हम आशीर्वाद के हकदार हैं 
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने और तीन तलाक जैसी व्यवस्था को खत्म करने वाले अमित शाह का मध्य प्रदेश में स्वागत है। हमें बताया गया कि पानी गिरने वाला है। हमने कहा कि अमित शाह जी पानी लेकर आए हैं। हम भी चाहते हैं कि जमकर पानी गिरे। सोयाबीन को हम ढंग से बचा पाए। महाकाल महाराज की शरण में गया था। पानी गिरेगा। संकट आ जाए तो घबराना मत। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकारें संकट के पार आपको ले जाएंगी। चिंता मत करना। आशीर्वाद मांगने आए हैं। आशीर्वाद के हकदार हैं। आदिवासियों के लिए 14 घोषणाएं की थी, उन्हें लागू कर दिया। पेसा एक्ट कांग्रेस ने नहीं, भाजपा ने लागू किया। यहां मेडिकल कॉलेज का भूमिपूजन करने आएंगे।  उसका नाम राजा ह्दयशाह मेडिकल कॉलेज होगा। कांग्रेस को सिर्फ एक परिवार दिखाई देता था। जो कुछ किया वह नेहरू जी, इंदिरा जी ने, राजीव जी ने किया। हमने आदिवासियों का सम्मान किया है। भोपाल के हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम गोंड रानी कमलापति के नाम पर रखने का काम किया है। हम सरकार नहीं चलाते, परिवार चलाते हैं। 
01:12 PM, 05-Sep-2023
मंडला में वीडी शर्मा जनसभा को संबोधित करते हुए। - फोटो : अमर उजाला
शाह जनता का आशीर्वाद मांगने आए हैं
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि राजनीतिक चाणक्य अमित शाह ने ही भाजपा को दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनाया। देश में भाजपा की सरकारें बढ़ती जा रही हैं, जिसका श्रेय किसी को जाता है तो वह अमित शाह को जाता है। आज वह जनता से आशीर्वाद मांगने आए हैं। केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि रानी दुर्गावती, शंकर शाह, रघुनाथ शाह की इस धरती पर अमित शाह का हम स्वागत करते हैं। मध्य प्रदेश के लिए यह गौरव का क्षण है। तीसरी जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ करने आए हैं। 
12:11 PM, 05-Sep-2023
जबलपुर में शिवराज और वीडी शर्मा ने किया अमित शाह का स्वागत
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दोपहर करीब एक बजे जबलपुर पहुंचे। डुमना एयरपोर्ट पर उनका स्वागत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने किया। यहां से वे मंडला के लिए रवाना होंगे, जहां से वे महाकौशल प्रांत की जन आशीर्वाद यात्रा को रवाना करेंगे। पूरे प्रदेश में पांच यात्राएं निकाली जा रही हैं। मंडला में यात्रा को हरी झंडी दिखाने के बाद अमित शाह का श्योपुर जिले में जाने का कार्यक्रम है। वहां से वे ग्वालियर-चंबल संभाग की यात्रा को रवाना करेंगे। छह सितंबर को खंडवा से इंदौर संभाग की यात्रा को रवाना करने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी आएंगे। 

यहां दिखेगा लाइव
विज्ञापन
विज्ञापन
11:04 AM, 05-Sep-2023
विंध्य की जन आशीर्वाद यात्रा का तीसरा दिन। - फोटो : अमर उजाला
विंध्य की यात्रा निकली मैहर से
विंध्य क्षेत्र की जन आशीर्वाद यात्रा के तीसरे दिन मंगलवार को मैहर से प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, मंत्री रामखेलावन पटेल, सांसद गणेश सिंह एवं जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा ने यात्रा का शुभारंभ किया।
11:02 AM, 05-Sep-2023
जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ विजयवर्गीय और अन्य मंत्रियों ने किया। - फोटो : अमर उजाला
मालवा क्षेत्र की यात्रा का दूसरा दिन
मालवा क्षेत्र की जन आशीर्वाद यात्रा के दूसरे दिन मंगलवार को नीमच से पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश शासन के मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा एवं मंत्री मोहन यादव ने यात्रा का शुभारंभ किया।
10:50 AM, 05-Sep-2023

Amit Shah MP Visit Live: मंडला में शाह बोले- शिवराज ने बीमारू राज्य को बेमिसाल बनाया, श्योपुर दौरा रद्द

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह पांच सितंबर को मंडला और श्योपुर में भारतीय जनता पार्टी की जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ करेंगे। केन्द्रीय गृहमंत्री दोनों स्थानों पर जनसभा को संबोधित करेंगे। 

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह पांच सितंबर की सुबह 11:40 बजे जबलपुर विमानतल पर पहुंचेंगे। शाह यहां से रवाना होकर 12:20 बजे मंडला पहुंचेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री दोपहर 12:25 बजे जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ कर जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 2:30 बजे जबलपुर विमानतल से रवाना होकर अपराह्न 3.35 बजे ग्वालियर विमानतल पहुंचेंगे। यहां से श्योपुर के लिए रवाना होंगे। केन्द्रीय गृहमंत्री शाह 4:40 बजे श्योपुर पहुंचकर जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ करेंगे एवं जनसभा को संबोधित करेंगे। 6:30 बजे फिर ग्वालियर विमानतल पहुंचकर नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

दो यात्राएं शुरू हो चुकी हैं 
मध्य प्रदेश में भाजपा की दो जन आशीर्वाद यात्राएं शुरू हो चुकी हैं। विंध्य इलाके की पहली यात्रा सतना जिले के चित्रकूट से रवाना हुई थी, जिसे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। दूसरी यात्रा उज्जैन संभाग की थी, जिसे सोमवार को केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने नीमच में झंडी दिखाकर रवाना किया। मंगलवार को दो यात्राओं को अमित शाह झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। पांचवीं और अंतिम यात्रा इंदौर संभाग की होगी, जो छह सितंबर को खंडवा से शुरू होगी। उसे झंडी दिखाने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के आने का कार्यक्रम है। 
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed