Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jharkhand ›   jmm-basant-soren-conditions-support-delimitation-bill-jharkhand

झारखंड: आदिवासी हितों पर आंच आई तो आर-पार की लड़ाई! परिसीमन पर झामुमो विधायक बसंत सोरेन का बड़ा बयान

Sun, 29 Nov 2026 09:58 PM IST
राँची ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची Published by: राँची ब्यूरो Updated Sun, 29 Nov 2026 09:58 PM IST
सार

परिसीमन विधेयक को लेकर झारखंड में सियासी हलचल तेज है। झामुमो विधायक बसंत सोरेन ने साफ कहा है कि पार्टी विधेयक का समर्थन तभी करेगी, जब यह झारखंड और यहां की जनता के हित में होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आदिवासी प्रतिनिधित्व और राज्य के हितों के साथ समझौता हुआ तो झामुमो विधेयक का पुरजोर विरोध करेगा।

विज्ञापन
jmm-basant-soren-conditions-support-delimitation-bill-jharkhand
विधायक बसंत सोरेन। - फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार

संसद के आगामी सत्र में केंद्र सरकार की ओर से संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 पेश किए जाने से पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक बसंत सोरेन ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी परिसीमन विधेयक का समर्थन तभी करेगी, जब यह झारखंड और यहां के लोगों के हित में होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विधेयक राज्य के हितों के खिलाफ हुआ तो झामुमो इसका पुरजोर और पूरी ताकत से विरोध करेगा।

विज्ञापन

एएनआई से बातचीत में बसंत सोरेन ने कहा कि पार्टी ने समर्थन के लिए स्पष्ट शर्तें रखी हैं। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार राज्य की जनता की भावनाओं की अनदेखी करती है, तो इसके परिणाम अच्छे नहीं होंगे।

विज्ञापन

बसंत सोरेन ने कहा, "यदि यह विधेयक निष्पक्ष है और जनता व राज्य के हित में है तो हम इसका पूरी तरह समर्थन करेंगे। यदि यह जनविरोधी और राज्य के हितों के खिलाफ है तो हम इसका पुरजोर विरोध करेंगे। हम किसी को भी जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने का मौका नहीं देंगे। हमारी कुछ शर्तें हैं और हेमंत जी पहले ही उन्हें सामने रख चुके हैं। यदि राज्य और यहां के लोगों की भावनाओं की अनदेखी की गई तो स्वाभाविक रूप से इसके परिणाम अच्छे नहीं होंगे।"

विज्ञापन
विज्ञापन

झामुमो विपक्षी गठबंधन इंडिया का अहम घटक है और झारखंड में कांग्रेस के साथ सत्ता में साझेदार है। ऐसे में विधेयक पर उसका रुख महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस इस विधेयक के विरोध में विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिश कर रही है। लोकसभा में सोमवार को संविधान (132वां संशोधन) विधेयक और परिसीमन (दूसरा) विधेयक पेश किए जाने की तैयारी है। संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए सदन में मौजूद और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होगी। लोकसभा में झामुमो के तीन सांसद हैं।

आदिवासी प्रतिनिधित्व का मुद्दा उठाकर कांग्रेस ने मांगा झामुमो का साथ
कांग्रेस ने झारखंड में आदिवासी समुदाय के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का हवाला देते हुए झामुमो से विधेयक का विरोध करने की अपील की है। कांग्रेस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में झारखंड के प्रभारी के. राजू ने कहा कि प्रस्तावित विधेयक में विधानसभा और संसदीय सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान है, लेकिन आदिवासियों के लिए आरक्षित सीटों में उसी अनुपात में बढ़ोतरी सुनिश्चित करने के लिए संवैधानिक संशोधन का प्रावधान नहीं किया गया है।

उन्होंने कहा कि झारखंड में आदिवासी समुदाय का मौजूदा राजनीतिक प्रतिनिधित्व बरकरार रखने के लिए आरक्षित सीटों की संख्या 28 से बढ़ाकर 42 की जानी चाहिए। हालांकि, विधेयक के तहत 1971 की जनगणना के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन किए जाने से आदिवासी आरक्षित सीटों की संख्या अधिकतम 32 तक ही सीमित रह सकती है। कांग्रेस का दावा है कि इससे आदिवासी समुदाय की राजनीतिक आवाज और संवैधानिक अधिकार कमजोर होंगे।

के. राजू ने प्रस्तावित परिसीमन आयोग पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया को लेकर चिंताएं जाहिर कीं। साथ ही विश्वास जताया कि झामुमो इस विधेयक का विरोध करेगा।

उन्होंने कहा, "हमें विश्वास है कि झामुमो आदिवासी समुदाय के लंबे संघर्ष से हासिल हितों से कभी समझौता नहीं करेगा और ऐसे विधेयक का समर्थन नहीं करेगा, जिसका उद्देश्य सत्ता का केंद्रीकरण करना और भारत के चुनावी परिदृश्य को एकतरफा तरीके से बदलना है।"

तीन विधेयकों का है प्रस्ताव
प्रस्तावित विधायी पैकेज में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026, परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 और केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़े कानूनों में संशोधन का प्रस्ताव शामिल है। इन प्रस्तावों के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 किए जाने की योजना है। इसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य शामिल होंगे।

डीएमके, वाईएसआरसीपी और एनसीपी-एसपी के समर्थन से सरकार को बढ़त
इस बीच, संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटाने की केंद्र सरकार की कोशिशों को डीएमके, वाईएसआरसीपी और एनसीपी-एसपी के समर्थन के संकेत से मजबूती मिली है। इससे लोकसभा में एनडीए का अनुमानित आंकड़ा करीब 354 सांसदों तक पहुंच गया है। डीएमके ने राज्यों में संसदीय सीटों में प्रस्तावित 50 प्रतिशत वृद्धि का समर्थन किया है। हालांकि, पार्टी ने तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत संसदीय हिस्सेदारी को बरकरार रखने की शर्त रखी है।

इसके बावजूद, यदि लोकसभा के सभी 540 मौजूदा सदस्य मतदान करते हैं तो दो-तिहाई बहुमत के लिए जरूरी 360 वोटों से एनडीए अभी पीछे है।

ये भी पढ़ें- बिहार: पटना में यूट्यूबर के कार्यक्रम में क्यों मचा बवाल? भाजपा दफ्तर के पास भी पथराव, कई पुलिसकर्मी घायल

विपक्ष ने महिला आरक्षण का समर्थन किया है, लेकिन इसे परिसीमन से जोड़ने पर आपत्ति जताई है। विपक्षी दलों की मांग है कि परिसीमन की प्रक्रिया नवीनतम जनगणना के आंकड़ों के आधार पर होनी चाहिए। केंद्र सरकार ने निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण और अनुसूचित जाति-जनजाति के लिए आरक्षित सीटों के निर्धारण में 2011 की जनगणना का इस्तेमाल करने का प्रस्ताव दिया है। वहीं, राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के बंटवारे के लिए 2051 तक 1971 की जनसंख्या को आधार बनाए रखने की बात कही गई है।

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के नेताओं ने चेन्नई में डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात की थी। इस दौरान उनसे विधेयक का विरोध करने की अपील की गई। हालांकि, स्टालिन का रुख अब भी पहले जैसा ही है। इससे संविधान संशोधन विधेयक के पक्ष में केंद्र सरकार की स्थिति मजबूत हुई है।

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed