जम्मू कश्मीर: सरकार गठन में कुछ और वक्त लगना तय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रियासत में नई सरकार के गठन पर छायी धुध छंटने का नाम नहीं ले रही। बुधवार को भी इस दिशा में कोई प्रगति नहीं हुई। भाजपा पीडीपी की पहल का बेसब्री से इंतजार कर रही है। पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने खामोशी साध ली है।
ऐसे में सरकार बनने में कुछ और वक्त लगना तय है। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने अमर उजाला से कहा कि जम्मू-कश्मीर में सरकार गठन पर अभी कुछ वक्त लग सकता है।
इसके लिए पीडीपी को पहल करनी है। भाजपा बेसब्री से इंतजार कर रही है। पीडीपी पहले विधायक दल का नेता तो चुने, जिससे सरकार गठन पर बात की जाए।
पीडीपी पहले विधायक दल का नेता तो चुने : भाजपा
रियासत में सरकार गठन की दिशा में चल रहे घटनाक्रम, अफवाहों और अटकलों पर पूछे गए सवाल के जवाब में खन्ना ने कहा कि पीडीपी ने भविष्य की रणनीति को तय करने का अधिकार पार्टी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती को दिया हुआ है।
जहां तक सरकार गठन की बात है तो पीडीपी को पहले विधायक दल का नेता चुनना है। उसके बाद ही उसके नेता के साथ सरकार गठन की दिशा में चर्चा हो सकती है।
भाजपा को उम्मीद है कि पीडीपी जल्द सकारात्मक कदम उठाएगी और चर्चा की पहल करेगी। सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को खन्ना ने कोरी अफवाह बताया । उन्होंने उम्मीद जताई कि सही समय पर सरकार का गठन हो जाएगा।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष, महासचिव ने श्रीनगर में डेरा डाला
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा और संगठन महासचिव अशोक कौल बुधवार को भी श्रीनगर में डेरा डाले रहे। दोनों नेताओं के घाटी में डेरा डालने से पीडीपी के साथ भाजपा की सरकार गठन के लिए चर्चा जल्द शुरू होने की अटकलों को बल मिला है।
भाजपा के संगठन महासचिव अशोक कौल का कहना है कि श्रीनगर में पीडीपी के साथ सरकार गठन की दिशा में फिलहाल कोई चर्चा नहीं हुई है। वह और प्रदेश अध्यक्ष पार्टी संगठन के सिलसिले में श्रीनगर में हैं।
यहां पार्टी की गतिविधियों को तेज करने की दिशा में पार्टी नेताओं से चर्चा हुई है। अध्यक्ष सत शर्मा का कहना है कि केंद्रीय मंत्री नजमा हेपतुल्ला के श्रीनगर दौरे के सिलसिले में वह घाटी में थे। पीडीपी के साथ अभी कोई चर्चा शुरू नहीं हुई हैं। सोशल मीडिया में प्रधानमंत्री मोदी के ट्वीट आदि की बातें अफवाह मात्र हैं।