कश्मीर की बाढ़ से टेंशन में सलमान?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सलमान खान के अपने प्रोडक्शन होम सलमान खान वैंचर्स की महत्वाकांक्षी फिल्म बजरंगी भाईजान की शूटिंग का शेड्यूल बदलने के आसार नजर आ रहे हैं। शुरू में खबरें आईं थीं कि मुंबई, कश्मीर, पंजाब और राजस्थान में शूट की जाने वाली इस फिल्म की शूटिंग अक्टूबर से कश्मीर में शुरू हो जाएगी।
पहले फेज में एक महीने की शूटिंग होनी है। फिल्म की शूटिंग अब नवंबर के पहले हफ्ते से शुरू होने की संभावना है। अभी तक श्रीनगर, गुलमर्ग और पहलगाम में यूनिट के लिए न तो होटल की बुकिंग हुई है, न ही प्रशासन को इस बाबत कोई इत्तला दी गई।
रियासत के पर्यटन मंत्री जीए मीर का कहना है सलमान की फिल्म के अलावा कुछ और प्रस्ताव भी हैं। हमारी पहली प्राथमिकता बाढ़ पीड़ितों का पुनर्वास है। इन प्रस्तावों पर दस अक्टूबर के बाद विचार किया जाएगा।
कबीर खान हैं फिल्म के डायरेक्टर
ऐसे में आसार यह भी बन रहे हैं कि टीम द्वारा पहले पंजाब और राजस्थान में शूटिंग करने के बाद कश्मीर का रुख किया जाए। काबुल एक्सप्रेस, न्यूयार्क और एक था टाइगर जैसी फिल्मों से मशहूर हुए जाने-माने निर्देशक कबीर खान के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में सलमान खान बजरंगी भाईजान का मुख्य किरदार निभाएंगे।
नायिका होंगी करीना कपूर खान। इमरान हाशमी भी होंगे। फिल्म अगले साल ईद के मौके पर शुक्रवार 17 जुलाई को रिलीज की जानी है। सनद रहे कि सलमान पहली बार कश्मीर में शूटिंग करेंगे।
हाल ही में जब तक है जान और हैदर जैसी फिल्मों की शूटिंग के बाद कश्मीर एक बार फिर बालीवुड की पसंदीदा लोकेशन बन गया है। यह फिल्म एक हिंदू लड़की और मुस्लिम लड़के की प्रेम कहानी है।
पहले अक्टूबर में शुरू होनी थी शूटिंग
इसे लेकर चली चर्चाओं पर करीना ने साफ किया था कि फिल्म की कहानी का उनके निजी जीवन से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है। बकौल करीना यह फिल्म दिल को छू लेने वाली मानवीय संवेदनाओं की कहानी है।
मेरे लिए यह इसलिए भी खास है क्योंकि इसके निर्माता सलमान हैं। बॉडीगार्ड में उनके साथ काम कर चुकी करीना मानती हैं कि सलमान के साथ उनकी जोड़ी खूब जंचती है और काम करने में मजा भी खूब आता है।
निर्देशक कबीर खान भी कह चुके हैं कि यह फिल्म वर्तमान समय की पृष्ठभूमि पर आधारित है। उन्होंने ट्वीट भी किया है सलमान के लिए यह भूमिका बेहद खास है। हम दोनों ही इसे लेकर बहुत उत्साहित हैं।
नवंबर में शूटिंग शुरू होने की उम्मीद
अलबत्ता रियासत के लोगों को फिल्म की शूटिंग शुरू होने का बेताबी से इंतजार है। एक तरफ बाढ़ से बेहाल जन्नत की कुदरती दिक्कतें हैं तो दूसरी तरफ फिल्म पूरी करने के लिए यूनिट के पास गिनती के ही महीने हैं।
बिग बॉस और अन्य शूटिंग शेड्यूल के चलते सलमान को अपनी ही फिल्म के लिए वक्त निकालना भी काफी मुश्किल हो रहा है। ऐसे में कुछ लोग लोकेशन में बदलाव की आशंका भी जता रहे हैं।