जम्मू-कश्मीर में बिगड़ा मौसम, बारिश के साथ कई इलाकों में बर्फबारी
रियासत में मंगलवार को मौसम का बदला मिजाज आफत लेकर आया। जिला राजोरी की बुद्धल तहसील के समोट गांव में आसमानी बिजली की चपेट में आकर बुरी तरह से झुलसी किशोरी उल्फत बेगम ने दम तोड़ दिया। जिला उधमपुर के कई इलाकों में साठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चले तूफान ने तबाही मचाई।
चिनैनी और आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। कश्मीर के अधिकांश मैदानी हिस्सों में बारिश के साथ पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी से पारा गिर गया है। अतिरिक्त आयुक्त कश्मीर ने खराब मौसम को देखते हुए सभी जिला उपायुक्तों को जरूरी इंतजाम करने के निर्देश जारी किए हैं।
मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार अगले 48 घंटों में राज्य के अधिकतर हिस्सों में बारिश के साथ बर्फबारी होगी। घाटी के गुरेज सेक्टर में 4-5 इंच बर्फ गिरी है। पीर की गली, गुलमर्ग, कुपवाड़ा, सोनमर्ग, जोजीला सहित अन्य पर्वतीय इलाकों में भी सफेद चादर बिछ गई।
श्रीनगर-लेह हाईवे पर हिमस्खलन की चेतावनी
श्रीनगर में मंगलवार सुबह शुरू हुई तेज बारिश का सिलसिला शाम तक जारी रहा। कश्मीर के अन्य हिस्सों में भी हल्की और तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने 5 से 6 अप्रैल को जम्मू और कश्मीर के संभावित इलाकों के साथ श्रीनगर-लेह (जोजीला) हाईवे पर भूस्खलन और हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है।
इससे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मार पड़ सकती है। हालांकि मंगलवार को श्रीनगर से जम्मू के लिए एकतरफा जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बहाल रहा। कश्मीर में आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। किसानों को मौसम विभाग की एडवाइजरी पर अमल करने को कहा गया है।
रियासत में मंगलवार को बदले मौसम का घाटी पर असर दिखा, लेकिन जम्मू संभाग के अधिकांश हिस्से तपते रहे। यहां दिन का पारा सामान्य से 3-4 डिग्री ऊपर चल रहा है। जम्मू में तड़के हल्की बूंदाबांदी हुई। कटड़ा में भी यही हाल रहा।