हिंसा के चलते अनंतनाग सीट पर टला उपचुनाव,अब 25 मई को होगा मतदान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में भारी हिंसा के बाद चुनाव आयोग ने लोकसभा उपचुनाव की तिथि आगे बढ़ाकर 25 मई कर दी है। पहले इस सीट पर 12 अप्रैल को चुनाव होना था।
चुनाव आयोग की अधिसूचना में कहा गया है कि राज्य प्रशासन को आशंका है कि 12 अप्रैल के चुनाव में उपद्रवियों द्वारा चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने के लिए हिंसक घटनाओं के प्रयास किए जा सकते हैं। इससे पहले श्रीनगर में भारी हिंसा के बीच मामूली मतदान हुआ था।
अनंतनाग में चुनाव की सभी प्रक्रियाएं पूरी कर लेने की तारीख एक जून तय की गई है। इसके पीछे आयोग का तर्क है कि वहां यदि पुनर्मतदान की स्थिति आती है तो इसके लिए इतना समय पर्याप्त होगा। अनंतनाग की सीट पिछले साल ही जून में खाली हुई थी जब महबूबा मुफ्ती ने विधानसभा चुनाव जीता था और लोकसभा सीट से इस्तीफा दे दिया था।
अनंतनाग सीट पर चुनाव से पहले उपद्रवियों ने सोमवार को दो स्कूल फूंक दिए। दोनों स्कूलों में मतदान केंद्र बनाए गए थे। इन घटनाओं के बाद दक्षिणी कश्मीर में मतदान केंद्रों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अनंतनाग लोकसभा क्षेत्र के तहत चार जिले कुलगाम, पुलवामा, शोपियां तथा अनंतनाग आते हैं।
महबूबा मुफ्ती के भाई तसाद्दुक ने भी की थी चुनाव टालने की मांग
कश्मीर में लोकसभा चुनावों के दौरान हुई हिंसा और घाटी में तनाव के हालातों के बीच जम्मू कश्मीर की सीएम महबूबा मुफ्ती के भाई और अनंतनाग लोकसभा सीट से पीडीपी के प्रत्याशी तसाद्दुक मुफ्ती ने सोमवार को एक बड़ा बयान दिया था।
अनंतनाग लोकसभा उपचुनाव में उम्मीदवार तसाद्दुक ने चुनाव आयोग से अपील करते हुए कहा था कि कश्मीर घाटी में लोकसभा के उपचुनावों के लिए यह समय उपयुक्त नहीं है। इस दौरान तसाद्दुक ने कहा था कि वो चुनाव आयोग से मांग करते हैं कि अनंतनाग सीट पर आगामी 12 अप्रैल को होने वाले मतदान को फिलहाल स्थगित कर दें।