घाटी में लगातार जारी है हिंसा, उपद्रवियों ने स्कूलों और वाहनों में लगाई आग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू कश्मीर में हिंसा वीरवार को भी जारी रही। उपद्रवियों ने दो स्कूलों में आग लगा दी। एक ट्रक और एक आटो रिक्शा भी फूंक दिया। सोपोर में दुकानदारों पर पेट्रोल बम से हमला किया गया। एक एटीएम में आग लगने से भारी नुकसान हुआ है। जेके बैंक की पांपोर में बिजनेस यूनिट को पेट्रोल छिड़ककर फूंकने की कोशिश की गई। पुलिस ने दो पत्थरबाजों को जम्मू से गिरफ्तार किया है।
मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के खाग गांव में उपद्रवियों ने शाम को सरकारी मिडिल स्कूल हब्बर में आग लगा दी। स्कूल में रखे एलपीजी सिलेंडर में ब्लास्ट होने के डर से ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने की कोशिश नहीं की। इससे पहले सुबह बारामुला के पट्टन इलाके में भी एक स्कूल में आग लगा दी गई। पारिमपोरा में एक ट्रक और सैदा कदल में एक आटो रिक्शा को उपद्रवियों ने फूंक दिया।
सोपोर के इकबाल मार्केट के पास पेट्रोल बम से हमला किया गया। इससे एक ठेले में आग लग गई। बडगाम में चाडूरा स्थित एटीएम काउंटर में आग से क्षति पहुंची है। पुलिस जांच कर रही है कि आग लग गई या उपद्रवियों ने लगाई।
रैली रोकने के बाद सुरक्षा बलों पर पथराव
जेके बैंक के पांपोर नामब्लाबल स्थित बिजनेस यूनिट में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की गई। सुबह जब चपरासी बैंक खोलने पहुंचा तो शटर के चारो ओर पेट्रोल छिड़का हुआ पाया। इस पर उसने अधिकारियों को सूचना दी।
यहां बैंक न खोलने संबंधी कुछ धमकी भरे पोस्टर भी चिपके पाए गए। बाद में ओकाफ कमेटी के साथ बैठक में सुबह सात से नौ बजे तक ग्राहकों के लिए बैंक खोलने का फैसला किया गया। दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के करीमाबाद इलाके में रैली को रोके जाने के बाद सुरक्षा बलों पर पथराव कर दिया गया।
उपद्रवियों को तितर बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े। हिंसक झड़प में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। श्रीनगर से पुलिस की विशेष टीम ने जम्मू में छापेमारी कर दो कुख्यात पत्थरबाजों को गिरफ्तार किया। ये पत्थरबाजी के कई मामलों में शामिल रहे हैं। श्रीनगर, बडगाम और बारामुला में मोहर्रम के जुलूस निकले। पूरी घाटी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।