दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में हिंसक झड़प, 6 लोग घायल
घाटी में हिंसा की छिटपुट घटनाएं हुईं। दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के तहाब इलाके में सुरक्षाबलों के साथ प्रदर्शनकारियों की झड़प हुईं। यहां सुरक्षा बलों पर पथराव के बाद आंसू गैस के गोले दागे गए। इसमें कम से कम छह लोग घायल हो गए। इस बीच अलगाववादियों ने 17 नवंबर तक बंद बढ़ा दिया है।
गांदरबल में 27 अक्टूबर को सरकारी स्कूल जलाने और एक वाहन फूंकने के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना की जांच के लिए गठित सिट की ओर से की गई पूछताछ में इन चारों ने अपनी संलिप्तता कबूल कर ली।
गिरफ्तार लोगों में यासिर मकदूमी पेशे से मेडिकल प्रैक्टिशनर है, जो मुख्य साजिशकर्ता रहा है। उसने स्कूल फूंकने की साजिश अपने दुदरहामा स्थित दवा की दुकान पर बनाई। साथ ही पेट्रोल उपलब्ध कराया और पेट्रोल बम बनाने में मदद की।
हिंसा के 124वें दिन भी जनजीवन प्रभावित
बारामुला के पट्टन इलाके में स्कूलों की सुरक्षा के लिए जनता के साथ पुलिस ने बैठक की। इस दौरान डीसी तथा एसएसपी ने लोगों से सतर्क रहने तथा स्कूलों को जलाने की घटना में शामिल लोगों का पर्दाफाश करने में मदद करने की अपील की।
उधर, हिंसा के 124वें दिन भी जनजीवन प्रभावित रहा। स्कूल, दुकान तथा व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। शहर में वाहन अधिक संख्या में दिखे। सिविल लाइन तथा ग्रामीण इलाके में कुछ दुकानें भी खुलीं। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के तगड़े प्रबंध किए गए थे।
गोलियों से छलनी व्यक्ति का शव मिला
श्रीनगर-कुपवाड़ा रोड पर उत्तरी कश्मीर में हंदवाड़ा के वाधपोरा इलाके में सड़क किनारे लगाए गए आईईडी को सुरक्षा बलों ने डिफ्यूज किया। सुबह रोड ओपनिंग पार्टी ने आईईडी को खोज निकाला। माना जा रहा है कि सेना के काफिले को निशाना बनाने के उद्देश्य से आईईडी लगाया था।
इससे सुरक्षा बलों ने बड़ी घटना होने से बचा लिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आतंकियों की धरपकड़ के लिए अभियान शुरू कर दिया है। उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के पट्टन इलाके में गोलियों से छलनी व्यक्ति का शव बरामद किया गया।
श्रीनगर-बारामुला हाईवे पर जाकिर हुसैन बद्दू का शव उसके मेहमूदपोरा स्थित गांव के बाहर पाया गया। उसके सीने पर गोलियों के निशान थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।