जेंटलमैन हैं माल्या, खुद लौट आएंगे भारत: फारूक अब्दुल्ला
- माल्या को जेंटलमैन बताते हुए कहा कि वह जल्द भारत लौटकर मजबूती के साथ अपना पक्ष रखेंगे।
- श्री श्री विश्व स्तर पर भारतीय संस्कृति को बढ़ावा दे रहे हैं।
विस्तार
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेकां प्रधान डा. फारूक अब्दुल्ला भारतीय बैंकों के ऋण डिफाल्टर विजय माल्या और श्री श्री रविशंकर के समर्थन में उतरे हैं। माल्या को जेंटलमैन बताते हुए कहा कि वह जल्द भारत लौटकर मजबूती के साथ अपना पक्ष रखेंगे।
देश और रियासत में भी बड़ी तादाद में डिफाल्टर हैं। लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती। श्री श्री विश्व स्तर पर भारतीय संस्कृति को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने पार्क विकसित करने का वादा किया है। उनसे भारी भरकम जुर्माने की राशि मांगना बेतुका है।
डा. फारूक ने कहा कि सांस्कृतिक उत्सवों पर राजनीति से परहेज करना चाहिए। देश के हित को देखते हुए कोई बात रखनी चाहिए। पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान को आज आतंकवाद से हो रहे नुकसान का अहसास हो रहा है। उसे भारत के साथ रिश्ते मजबूत करने के लिए पहल करनी चाहिए।
क्रिकेट को क्रिकेट की नजर से देखा जाए
भारत में पाकिस्तान क्रिकेट टीम को सुरक्षा मिलना उनका अधिकार है। क्रिकेट को क्रिकेट की नजर से देखा जाए। धर्म के नाम पर समाज को तोड़ने और बांटने का काम नहीं किया जाना चाहिए। ऐसे तत्वों से रियासतवासियों को सतर्क रहना चाहिए। डा. फारूक ने शुक्रवार को प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्थान में जाकर बहनों का हालचाल जाना और उनसे विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
रियासत में सरकार के गठबंधन पर फारूक ने पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विश्वास बहाली के कदम को लेकर उनके दिमाग में क्या चल रहा है किसी को पता नहीं है। उन्हें ऐसे कदमों को सार्वजनिक करना चाहिए।