वैष्णो देवी यात्रा: धुंध और बादल छाए रहने से ठप रही हेलिकॉप्टर सेवा, बैटरी कार व रोपवे से श्रद्धालुओं को राहत
पंजीकरण कक्ष के अनुसार छुट्टियां खत्म होते ही श्रद्धालुओं की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है। जून में रोजाना करीब 40 ये 45 हजार भक्त पहुंच रहे थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
माता वैष्णो देवी के त्रिकुटा पर्वत पर करीब 15 दिन से धुंध के कारण हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित है। रविवार को धुंध व बादल छाने से हेलिकॉप्टर सेवा बंद रही। बैटरी कार व रोपवे सेवा जारी रही। गर्मी की छुट्टियां खत्म होते ही श्रद्धालुओं में गिरावट शुरू हो गई है। जानकारी के अनुसार श्रद्धालुओं में गिरावट से संगत आराम से मां के दर्शन कर रही है।
हालांकि, हेलिकॉप्टर सेवा बंद रहने से ऑनलाइन बुकिंग करवा चुके यात्रियों को पालकी व घोड़ों से भवन की ओर प्रस्थान करना पड़ा। अर्धकुंवारी से भवन तक हिमकोटी मार्ग पर बैटरी कार सेवा बहाल रहने से राहत भी मिली।
रविवार को 16 हजार भक्त भवन की ओर रवाना
पंजीकरण कक्ष के अनुसार छुट्टियां खत्म होते ही श्रद्धालुओं की संख्या आधे से कम हो गई है। जून में रोजाना करीब 40 ये 45 हजार भक्त पहुंच रहे थे। शनिवार को वीकेंड पर करीब 20,568 भक्तों ने पंजीकरण करवाया। रविवार को शाम छह बजे तक करीब 16 हजार भक्तों ने भवन की ओर प्रस्थान किया, पर कक्ष बंद होने में समय शेष था।
एडीजी ने वैष्णो देवी रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था जांची
श्री माता वैष्णो देवी रेलवे स्टेशन पर एडीजी रेलवे सुनील कुमार ने दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। एडीजी ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ कटड़ा रेलवे स्टेशन के विभिन्न स्थानों का जायजा लिया। साथ ही लगेज स्कैन मशीन केंद्र के साथ ही प्लेटफार्म पर भी दौरा किया।
मौके पर मौजूद अधिकारियों को हर समय चौकस रहने के निर्देश दिए। मौजूदा समय में मां वैष्णो देवी की यात्रा सहित अमरनाथ की यात्रा लगातार जारी है। अमरनाथ यात्री मां वैष्णो देवी की यात्रा के लिए भी लगातार पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षा संबंधी किसी तरह की परेशानी न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
इसी दौरान एडीजी रेलवे ने वरिष्ठ अधिकारियों साथ बैठक की। इसमें अधिकारियों ने एडीजी को श्रद्धालुओं के लिए की गई सुरक्षा व्यवस्था के बारे में अवगत करवाया। एडीजी ने अधिकारियों से कहा कि वह रेलवे स्टेशन के क्षेत्र में जवानों की गश्त लगातार जारी रखें और हर एक पर कड़ी निगाह रखें।
श्रद्धालुओं की मां वैष्णो देवी की यात्रा लगातार सुखमय बनी रहे। वहीं, इस मौके पर एसपी रेलवे संजय कोतवाल, एसडीपीओ सुखदेव राज, एसएचओ अजय भट्ट के साथ ही रेलवे व आरपीएफ के अधिकारी आदि मौजूद थे।