इस विवि का सारा डाटा चढ़ गया बाढ़ की भेंट
बाढ़ से चट्ठा में कृषि विश्वविद्यालय को भी काफी नुकसान पहुंचा है। लैब सहित कई प्रयोगशाला में सामान पूरी तरह से खराब हो गए हैं। इससे विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। कंप्यूटर में रखा बीस वर्ष का डाटा भी बाढ़ की भेंट चढ़ गया है।
यही नहीं एक्सचेंज रूम से लेकर दूसरे भवनों में पांच फूट तक पानी भरने से बिजली सेवा भी ठप है। जनरेटर भी खराब हो चुके हैं। सड़क भी खस्ताहाल स्थिति में पहुंच गई है।
विश्वविद्यालय प्रबंधन द्वारा भवनों में भरा पानी निकालने के साथ दूसरी सेवाएं बहाल करने के लिए कार्य चल रहा है। बिलोल के किनारे भवन होने के कारण काफी नुकसान पहुंचा है। वर्तमान में वहां पेयजल की भी समस्या बन गई है।
विवि में बिजली सेवा भी नहीं हुई बहाल
बिजली सेवा बहाल करने का कार्य जारी है। इस संबंध में आरएस पुरा के विधायक प्रो. गारु राम भगत, सूचेतगढ़ के विधायक चौ शाम लाल ने सरकार से भवन को बाढ़ से बचाने के लिए कारगर कदम उठाने की मांग की है।
साथ ही विश्वविद्यालय में हुए नुकसान की भरपाई के लिए राज्य व केंद्र सरकार से राशि मुहैया कराने की मांग की है। वहीं विश्वविद्यालय के डीन डा जयपाल शर्मा का कहना है कि आने वाले समय में इन सब बातों पर ध्यान देकर ही अगला कदम उठाया जाएगा।