अमर उजाला संवाद में नितिन गडकरी बोले, इसी साल शुरू होगा कटड़ा-दिल्ली एक्सप्रेस-वे का काम
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अमर उजाला के विभिन्न संस्करणों के संपादकों से वेबिनार में कहा कि कटड़ा-दिल्ली एक्सप्रेस-वे का काम इसी साल शुरू हो जाएगा। साथ ही कहा कि देश के लिए अहम जोजिला टनल सरकार की प्राथमिकता है। इसको बनाने का काम किसी भारतीय कंपनी को ही दिया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर में पर्यटन को नई दिशा देने वाली महत्वाकांक्षी परियोजना कटड़ा-दिल्ली एक्सप्रेस-वे का काम इसी साल शुरू हो जाएगा। पंजाब के मुख्यमंत्री और जम्मू-कश्मीर एवं हरियाणा के प्रतिनिधियाें से चर्चा के बाद 575 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर का एलाइनमेंट दो दिन पहले ही फाइनल किया गया है।
इसके लिए भूमि अधिग्रहण का काम भी शुरू हो गया है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अमर उजाला के विभिन्न संस्करणों के संपादकों से वेबिनार में यह जानकारी दी। 35 हजार करोड़ रुपये से बनने वाले इस कॉरिडोर से कटड़ा से दिल्ली का सफर छह घंटे में पूरा हो सकेगा। उन्होंने कहा कि यह एक्सप्रेस-वे जम्मू-कश्मीर के लिए एक लाइफलाइन साबित होगा।
एक सवाल के जवाब में नितिन गडकरी ने कहा कि उधमपुर और बनिहाल के बीच जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे का काम किसी दूसरी कंपनी को दिया जाएगा। काम में तेजी लाने के लिए ऐसा किया जा रहा है। बार-बार भूस्खलन के कारण यहां काम करने में दिक्कतें आ रही हैं लेकिन जम्मू और श्रीनगर में रोड कनेक्टिविटी के लिए सरकार इस हाईवे को जल्द तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि जम्मू और श्रीनगर में रिंग रोड भी जल्द बनकर तैयार हो जाएंगे।
भारतीय कंपनी बनाएगी जोजिला टनल
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि लद्दाख को 12 महीने सड़क मार्ग से जोड़ने के लिए सोनमर्ग और द्रास के बीच प्रस्तावित जोजिला टनल के लिए टेंडर की प्रक्रिया 3 माह में पूरी कर ली जाएगी। इस टनल को बनाने का काम किसी भारतीय कंपनी को देने का प्रयास है।
चार दिन पहले ही इसके लिए फिर से टेंडर मांगे गए हैं। भौगोलिक परिस्थितियों के चलते यहां काम करना कठिन है। सामरिक महत्व की इस परियोजना के लिए बेशक, तीन बार टेंडर रद्द हो चुके हैं लेकिन देश के लिए अहम जोजिला टनल सरकार की प्राथमिकता है।