पर्वतीय इलाकों में बर्फ, मैदानों में कोहरे ने ठिठुराया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
धुंध भरा मौसम अब लोगों को ठिठुराने लगा है। सुबह और दोपहर बाद धुंध ने वाहन चालकों को भी परेशान करके रखा। दिन को ही वाहनों की लाइट जलानी पड़ी। सुबह के समय 150 मीटर तक ही दृश्यता रही। रियासत के मौसम में रविवार को बदलाव आने से कारगिल सर्वाधिक ठंड वाला इलाका रहा। लेह एवं श्रीनगर में भी तापमान गिरने से शीतलहर का प्रकोप बना रहा।
शनिवार की रात जम्मू संभाग के नत्थाटाप एवं भद्रवाह के कैलाश पर्वतीय क्षेत्रों में मामूली रूप से हिमपात होने से ठंड का असर क्षेत्र में अधिक रहा। इसके अलावा शनिवार रात को कठुआ के पर्वतीय इलाकों सरथल, डागर, ज्योड़यां माता, भंडार नुकनाली आदि इलाकों में बर्फबारी हुई है।
पत्नीटाप, गुलमर्ग, सोनमर्ग में बर्फबारी नहीं हुई, जिससे नववर्ष के पहले रविवार को पहुंचने वाले पर्यटकों को निराशा हुई। बारिश के होने पर खासकर जम्मू संभाग के किसानों को मायूसी हुई। जानकारी के मुताबिक श्रीनगर, गुलमर्ग और सोनमर्ग में धूप रही और दोपहर बाद बादल छा गए, जबकि भद्रवाह में भी दोपहर बाद आसमान बादलों से घिर गए।
कठुआ के भी पर्वतीय इलाकों में बिछी सफेद चादर
कठुआ में पूरे दिन धूप रही, जिससे शीतलहर का प्रकोप कम रहा। श्रीनगर का न्यूनतम तापमान माइनस 4.4 डिग्री सेल्सियस एवं अधिकतम 11.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। श्रीनगर में सामान्य पारा माइनस तीन डिग्री रहा और सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस पारा लुढ़क गया, जबकि श्रीनगर के अधिकतम तापमान सामान्य सात डिग्री रहा, जिससे चार डिग्री तापमान सामान्य से बढ़ गया।
उधर, जम्मू का अधिकतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस जो सामान्य 19 डिग्री सेल्सियस से तीन डिग्री लुढ़क गया। न्यूनतम 8.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य 8 से एक डिग्री ज्यादा रहा। लेह का अधिकतम तापमान 3.2 एवं न्यूनतम माइनस 12.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
कारगिल का अधिकतम तापमान माइनस 2.0 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान माइनस 15.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि कुपवाड़ा में माइनस 4.4, पहलगाम माइनस 6.4, काजीकुंड में माइनस 3.8, गुलमर्ग में माइनस 5.6 और कोकरनाग में माइनस 2.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम पारा रहा। मौसम विभाग श्रीनगर के मुताबिक आगामी चौबीस घंटे के दौरान रियासत में हलके बादल रहेंगे तथा सुबह कोहरे का असर रहेगा।