घाटी में अनंतनाग सीट पर मतदान के दौरान हिंसा की साजिश, उपद्रवियों ने फूंके दो पोलिंग बूथ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्रीनगर लोकसभा उपचुनाव में भारी हिंसा के बाद अब 12 अप्रैल को दक्षिणी कश्मीर में प्रस्तावित अनंतनाग सीट के चुनाव में भी हिंसा की साजिश रची गई है। इसी साजिश के तहत दक्षिणी कश्मीर में उपद्रवियों ने दो स्कूल फूंक दिए। दोनों स्कूलों में मतदान केंद्र बनाए गए थे। आगजनी की इन दो घटनाओं के बाद दक्षिणी कश्मीर में मतदान केंद्रों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
अनंतनाग लोकसभा क्षेत्र के तहत चार जिले कुलगाम, पुलवामा, शोपियां तथा अनंतनाग आते हैं। उपद्रवियों ने शोपियां जिले के पड्डरपोरा में एक सरकारी स्कूल में आग लगा दी। इससे भवन को नुकसान पहुंचा है। इसके साथ ही पुलवामा जिले के अरिहाल इलाके में भी एक सरकारी स्कूल को उपद्रवियों ने फूंक दिया।
दोनों ही स्थानों पर आगजनी की सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। घटना के बाद इलाके में सर्च आपरेशन चलाया गया। हालांकि, उपद्रवियों का पता नहीं चल सका है। इनकी धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है।
बडगाम तथा गांदरबल में कर्फ्यू जैसी पाबंदियां
उधर, श्रीनगर लोकसभा उपचुनाव के दौरान हिंसा में आठ लोगों के मारे जाने के विरोध में अलगाववादियों के बंद के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। अलगाववादी नेताओं को नजरबंद रखा गया। हिंसा प्रभावित बडगाम तथा गांदरबल में कर्फ्यू जैसी पाबंदियां लगाई गईं।
साथ ही धारा 144 लगाते हुए चार या चार से अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक दी गई। बंद की वजह से सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। दुकानें तथा व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। सड़कों से सार्वजनिक वाहन भी नदारद रहे।
स्कूल कालेज बंद होने के साथ ही विभिन्न सरकारी कार्यालयों में उपस्थिति कम रही। इंटरनेट सेवा सोमवार को लगातार दूसरे दिन बंद रही। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे।