{"_id":"5e63bd2e8ebc3eebbf46cef1","slug":"two-coronavirus-suspects-found-in-jammu-primary-school-closed-till-march-31-examinations-postponed","type":"story","status":"publish","title_hn":"लेह में मिले कोरोनावायरस के दो मरीज, जम्मू में दो लोगों में दिखे लक्षण, 31 मार्च तक स्कूल बंद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लेह में मिले कोरोनावायरस के दो मरीज, जम्मू में दो लोगों में दिखे लक्षण, 31 मार्च तक स्कूल बंद
Sat, 07 Mar 2020 09:28 PM IST
Vikas Kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू
Published by: Vikas Kumar
Updated Sat, 07 Mar 2020 09:28 PM IST
विज्ञापन
जम्मू में मिले दो कोरोनावायरस के संदिग्ध मरीज
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चीन और देश दुनिया से होते हुए कोरोनावायरस (कोविड-19) ने केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में दस्तक दे दी है। यहां ईरान से लौटे दो बुजुर्ग (65 और 75 वर्ष) में कोरोनावायरस पॉजिटिव पाया गया है। स्थानीय सरकारी अस्पताल में डाक्टरों की निगरानी में रखे गए दोनों पीड़ितों की हालत स्थिर बताई जा रही है। स्वास्थ्य निदेशक लद्दाख डॉ. फुंतसोग अंगचुक ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि दोनों का स्वास्थ्य पहले से बेहतर है। ईरान से लौटने पर उन्हें बुखार की शिकायत हुई थी।
विज्ञापन
वहीं, जीएमसी जम्मू में भर्ती कोरोना वायरस के दो संदिग्ध मरीजों की प्रारंभिक रिपोर्ट में हाई वायरल लोड पाया गया है। इससे दोनों के इस वायरस से पॉजिटिव होने की आशंका है। दोनों को अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। दोनों हाल ही में दक्षिण कोरिया और ईरान से होकर लौटे थे। कोरोनावायरस को देखते हुए जिला जम्मू, सांबा, कठुआ, श्रीनगर, बांदीपोरा, बडगाम, बारामुला में 31 मार्च तक प्राइमरी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। सभी परीक्षाएं स्थगित की गई हैं, जबकि कई स्कूलों ने जारी परीक्षाओं में पूर्व परीक्षाओं के आधार पर औसतन अंक देने की बात कही है।
विज्ञापन
जीएमसी में भर्ती दोनों संदिग्धों को गत बुधवार को भर्ती कराया गया था। लेकिन दोनों ही घर चले गए थे। इसके बाद पुलिस की मदद से देर रात को दोनों को वापस जीएमसी लाया गया था। इससे दूसरे लोग भी उनके संपर्क में आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से दोनों संदिग्धों के संपर्क में आने वाले लोगों की सूची तैयार करके उनकी स्क्रीनिंग की तैयारी की जा रही है, जिससे कइयों के सैंपल लिए जा सकते हैं। संदिग्ध मरीजों के खून सहित अन्य सैंपल नेशनल इंस्टीट्यूट आफ विरोलाजी (एनआईवी) पुणे में भेजे जा रहे हैं। अभी तक जम्मू और कश्मीर में करीब दो दर्जन संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए हैं, जिनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
विज्ञापन
जम्मू कश्मीर सरकार के प्रवक्ता रोहित कंसल ने बताया कि प्रदेश में अब तक कुल 287 लोगों को डाक्टरों की निगरानी में रखा गया। इसमें 95 फीसदी को गाइडलाइन के तहत चिकित्सा देने के बाद घर भेज दिया गया। अब तक कुल 28 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए हैं, जिनमें 25 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है और तीन की रिपोर्ट आना बाकी है। प्रदेश के लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। सरकारी अस्पतालों में सभी उचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। बाजार में पर्याप्त मास्क और सेनिटाइजर सहित अन्य सामग्री उपलब्ध है।
सामूहिक कार्यक्रम न करने की अपील
कोरोनावायरस को देखते हुए सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों से अपील की गई है कि वे सामूहिक कार्यक्रम न करें। इसमें अधिक लोगों की मौजूदगी से वायरस के संक्रमण फैलने का खतरा बना रहता है। कई संगठनों ने अपने कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है।
गैर स्थानीय यात्रियों की आवाजाही पर रोक
कोरोनावायरस को देखते हुए अतिरिक्त उपायुक्त कारगिल ने कारगिल और लेह के बीच चलने वाले एएन-32, आईएल-76, सी-17 कोरियर सर्विस में गैर स्थानीय नागरिकों में जम्मू, श्रीनगर, उधमपुर के यात्रियों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। उन्होंने कहा कि आदेश का पालन न करने वाले लाइजनिंग अधिकारी, सहायक लाइजनिंग अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हेल्पलाइन नंबर जारी
कोरोनावायरस को देखते हुए उचित प्रबंधन के लिए हेल्प लाइन नंबर जारी किए गए हैं। इसमें कंट्रोल रूम स्वास्थ्य निदेशालय जम्मू में 0191-2520982, सीआईडी एबी सी/आर जम्मू में 0191-2582621, एफआरओ (विदेश पंजीकरण कार्यालय) जम्मू में 0191-2582634, यूटी एमके में 0191-254967 जारी किए गए हैं। विदेश पंजीकरण कार्यालय ने एडवाइजरी जारी कर कोरोना प्रभावित चीन, ईरान, जापान, थाईलैंड, सिंगापुर, इंडोनेशिया, मलेशिया, वियतनाम, दक्षिण कोरिया, हांगकांग और भारत के विभिन्न हिस्सों से जम्मू कश्मीर में आने वाले यात्रियों का स्वयं यात्रा रिकार्ड लेना अनिवार्य बनाया गया है। प्रदेश के प्रवेशद्वार लखनपुर, जम्मू, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन में चिकित्सा केंद्र स्थापित किए गए हैं।