भारी बर्फबारी के बाद जम्मू कश्मीर के पर्यटन कारोबारियों में उत्साह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहले बर्फ का सूखा और फिर कश्मीर हिंसा से बेजार रियासत के सबसे पसंदीदा पर्यटक स्थलों पर जबरदस्त बर्फबारी से उत्साह का माहौल है। कश्मीर घाटी में गुलमर्ग तो बर्फ से लकदक है ही, जम्मू संभाग का एकमात्र स्थापित टूरिस्ट रिजार्ट पत्नीटाप चार साल बाद बर्फ की मोटी चादर में लिपट गया है।
ऐसे में राज्य सरकार ने अर्थव्यवस्था की रीढ़ पर्यटन को पटरी पर लाने की मुकम्मल तैयारी कर ली है। बर्फबारी को गुडलक मानते हुए पर्यटन विभाग ने कश्मीर संभाग के गुलमर्ग और जम्मू संभाग के पत्नीटाप में स्नो कार्निवल की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
शुरुआत गुलमर्ग में 22 जनवरी से प्रस्तावित स्नो कार्निवल से होगी। इसके बाद पत्नीटॉप में 27 से 29 जनवरी तक स्नो गेम्स का रोमांच बंधेगा। पर्यटन विभाग ने दोनों सूबों की प्रमुख डेस्टिनेशन पर तैयारियां तेज कर दी हैं। आयुक्त सचिव स्तर से पर्यटन विभाग के अमले और डेवलपमेंट अथॉरिटी प्रशासन को बर्फबारी का मौका भुनाने के निर्देश जारी किए हैं।
गुलमर्ग में आयोजित होगा स्नो कार्निवाल
इसमें स्लेजिंग, स्की, स्नो मैन मेकिंग, कल्चरल नाइट्स, स्नो बाइक राइड, जार्बिंग समेत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगेंगे। पत्नीटॉप में इस बार बर्फबारी गुडलक लेकर आई है, जिसे कैश करने के लिए पहली बार इतने बड़े पैमाने पर स्नो कार्निवल होने जा रहा है।
पत्नीटॉप में पर्यटन विभाग की तैयारियां न सिर्फ दिन के समय मनोरंजन का माहौल बनाने पर केंद्रित हैं, बल्कि रात को भी रौनक गुलजार की जाएगी। सामान्य तौर पर शाम ढलते ही पत्नीटाप में सन्नाटा पसर जाता था। इस बार देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रम और कैंप फायर से नाइट लाइफ का लुत्फ मिलेगा।
हिंसा से पर्यटन को लगी थी 3000 करोड़ की चपत
बुरहान वानी की मौत से उपजे हालात से रियासत के पर्यटन उद्योग को तीन हजार करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा था। हिंसा के पहले दो महीनों में सैलानियों की आमद अपनी औसत संख्या की तुलना में बीस फीसदी रह गई थी।
पत्नीटॉप में 5.5 लाख रहा फुटफाल
वर्ष 2016 में पत्नीटॉप में सैलानियों का कुल फुटफाल (सैलानियों की आमद) 5.5 लाख रहा। चार साल बाद जोरदार बर्फबारी से सर्दी के सीजन से अच्छी शुरुआत की उम्मीद जताई जा रही है। इस साल संख्या बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।