भाजपा के साथ गठबंधन घाटे का सौदा: महबूबा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती का कहना है कि जम्मू कश्मीर में भाजपा के साथ गठबंधन चुनावी राजनीति के लिहाज से उनकी पार्टी के लिए घाटे का सौदा है।
शनिवार को एक कार्यक्रम में महबूबा ने राज्य में असमान गठबंधन के सवाल पर कहा, ‘मेरे पिता ने भाजपा के साथ गठबंधन का निर्णय लेते हुए चुनावी राजनीति को ध्यान में नहीं रखा। यह गठबंधन लोगों को जोड़ने के लिए था। चुनावी राजनीति के मद्देनजर यह घाटे का सौदा हो सकता है।’
महबूबा ने कहा कि पीडीपी भाजपा का गठबंधन मुख्य तौर पर अटल बिहारी वाजपेयी के शांति के प्रयासों का आगे बढ़ाने के लिए हुआ है, ताकि कश्मीर मुद्दे का तार्किक समाधान हो सके।
महबूबा की पार्टी जम्मू-कश्मीर में भाजपा के साथ मिलकर सरकार चला रही है। महबूबा ने अपने पिता के बाद प्रदेश की अगली मुख्यमंत्री होने के सवाल पर असहजता व्यक्त करते हुए कहा, ‘मैं इसके बारे में सोचना नहीं चाहती।’
कश्मीरी पंडितों के लिए अपार्टमेंट बनवा रही राज्य सरकार
महबूबा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर सरकार कश्मीरी पंडितों के पुनर्वास की प्रक्रिया के तहत अपार्टमेंट का निर्माण करवा रही है। यहां 50 फीसदी फ्लैट विस्थापित कश्मीरी पंडितों को दिए जाएंगे जबकि शेष अन्य समुदाय के लोगों के लिए पेश किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पीडीपी-भाजपा गठबंधन विस्थापित लोगों की वापसी को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा, हम चाहते हैं कि सभी एक साथ रहें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले महीने जम्मू और कश्मीर के दौरे पर 80 हजार करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की थी जिसमें दो हजार करोड़ रुपये घाटी में विस्थापितों के लिए फ्लैट बनवाने के लिए शामिल थे।
घाटी में 1990 के दशक में आतंकवाद की शुरुआत के बाद से करीब 62 हजार से अधिक कश्मीरी पंडित परिवार घाटी से बाहर बस चुके हैं।
कश्मीर में आईएस नहीं
घाटी में विरोध प्रदर्शन युवाओं की ओर से आईएस के झंडे लहराए जाने के सवाल पर महबूबा ने कहा कि यह महज ‘ध्यान आकर्षित करने’ के लिए है। उन्होंने कश्मीर में आईएस के पैठ बनाने की आशंकाओं को खारिज कर दिया। उन्होंने इनकी तुलना आईएसआईएस से की जो इस्लाम का दुरुपयोग कर रहा है।
बिहार में जनता ने कट्टरवादी तत्वों को सिखाया सबक
महबूबा ने यह भी कहा कि हिंदुत्व के नाम पर सक्रिय ‘कट्टरवादी तत्वों’ पर अंकुश लगना चाहिए। उन्होंने ऐसे कट्टरवादी तत्वों की तुलना आईएसआईएस से भी कर डाली, जो इस्लाम के नाम का दुरुपयोग कर रहा है।
महबूबा ने कहा कि सहिष्णुता हमारे देश की ताकत है और यदि हमने इन कथित कट्टरवादी तत्वों को नहीं रोका तो हमारे देश में भी वही होगा जो सीरिया, अफगानिस्तान और इराक में हो रहा है... क्योंकि वे भी कट्टरवादी तत्व हैं जो इस्लाम के नाम का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में जनता ने इन कट्टरवादी तत्वों को अच्छा सबक सिखाया है जो हिंदुत्व के नाम पर इसकी तुलना राष्ट्रवाद से कर रहे थे।