इस बार हाईटेक निगरानी में अमरनाथ यात्रा, सीआरपीएफ-एनएसजी करेंगे सुरक्षा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्री अमरनाथ यात्रा 28 जून से शुरू होगी। 27 जून को जम्मू के भगवती नगर से पहला जत्था रवाना होगा। इस साल यात्रियों की सुरक्षा में कई हाईटेक बंदोबस्त किए गए हैं जो यात्रियों को महफूज माहौल में यात्रा कराएंगे।कश्मीर में पहली बार एनएसजी कमांडो तैनात रहेंगे। यात्रा में जाने वाले वाहनों पर रेडियो फ्रिक्वेंसी आईडेंटीफिकेशन (आरएफआईडी) टैग (ट्रैकिंग चिप) लगाई जाएगी। इससे उन पर नजर रखी जाएगी। भगवती नगर आधार शिविर में सीआरपीएफ की महिला कंपनी तैनात की जाएगी।
अमरनाथ यात्रा के पूरे ट्रैक और बेस कैंपों पर ड्रोन की नजर रहेगी। सीआरपीएफ के महानिरीक्षक अभयवीर चौहान ने सोमवार को सीआरपीएफ अधिकारियों के साथ बैठक भी की। कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं।
बनिहाल तक जाएगा सीआरपीएफ का बाइक दस्ता
अमरनाथ यात्रा में पहली बार सीआरपीएफ का मोटरसाइकिल दस्ता नजर आएगा। यह दस्ता जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से जाने वाले जत्थे के साथ साथ चलेगा जो बनिहाल तक जाएगा। इस दस्ते में 10 से 12 सीआरपीएफ कर्मी होंगे। एक मोटरसाइकिल पर चिकित्सा कर्मी होगा। किसी की तबीयत बिगड़ने पर उसे तुरंत मोटरसाइकिल से स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाया जाएगा।
पहली बार एनएसजी कमांडो तैनात
श्री अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा में पहली बार एनएसजी कमांडो तैनात किए गए हैं। दिल्ली से विशेष दस्तों को कश्मीर भेजा गया है। जो कश्मीर के अति संवेदनशील इलाकों में तैनात रहेंगे। अमरनाथ यात्रा के रूट पर यहां से आतंकी हमला होने की आशंका है, वहां इन कमांडो की नजर रहेगी ताकि तत्काल कार्रवाई हो सके। अमरनाथ यात्रा के दौरान आतंकियों के खिलाफ होने वाले आपरेशन में इनका इस्तेमाल किया जाएगा।
यात्रा पर ड्रोन कैमरों की रहेगी नजर
इस बार अमरनाथ यात्रा पर ड्रोन की नजर रहेगी। लखनपुर से लेकर पवित्र गुफा तक यात्रियों पर ड्रोन की नजर होगी। लखनपुर से लेकर गुफा तक यहां यहां भी यात्रियों के काफिले रुकेंगे। वहां कैमरों से यात्रियों की निगेहबानी की जाएगी। उधमपुर, कठुआ, जम्मू, रामबन, पहलगाम, अनंतनाग, बालटाल आदि जगहों पर ड्रोन रहेगा। सीआरपीएफ, सेना और पुलिस सभी ने अपने अपने स्तर पर इसकी व्यवस्था की है।
यात्रियों के काफिलों की पल पल खबर
लखनपुर में प्रवेश करते ही अमरनाथ यात्रा के वाहनों पर एक ट्रैकिंग चिप होगा। इसके अलावा जम्मू के भगवती नगर स्थित आधार शिविर से जाने वाले वाहनों पर भी यह चिप होगी। सीआरपीएफ के पास इसका कंट्रोल रूम होगा। वह इस चिप के माध्यम से वाहन पर नजर रखेगी कि यह वाहन कहां पर है। यह चिप बालटाल और पहलगाम के बेस कैंप तक पहुंचने वाले वाहनों के साथ रहेगी।