आतंकियों के निशाने पर दक्षिण कश्मीर, लगातार पांचवें दिन हुए हमले
दक्षिणी कश्मीर में लगातार पांचवें दिन आतंकियों ने हमला किया। मंगलवार को सीरियल हमले किए गए। 12 जून को त्राल में 180 बटालियन सीआरपीएफ के कैंप पर हमला किया गया। इससे पहले 11 जून को शोपियां जिले में एसओजी कैंप के पास आतंकियों के हमले में एक एसपीओ घायल हो गया।
10 जून को तड़के जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले के वेसू इलाके में आतंकियों ने सुरक्षा बल के वाहनों पर हमला किया। इस दौरान निशाना चूक जाने से एक निर्माण कंपनी में काम करने वाले व्यक्ति की कार गोलाबारी की चपेट में आ गई, जिसमें वह घायल हो गया।
घटनास्थल से एके 47 के 20 खोखे बरामद किए गए थे। नौ जून को देर रात दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा स्थित पुलिस लाइन में आतंकियों ने ग्रेनेड हमला किया। ग्रेनेड पुलिस लाइन परिसर के बाहर गिरकर फट गया, जिससे किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ।
एजेसिंयों को मिले थे हमले की आशंका के इनपुट्स
आतंकी हमलों के बाद अमर उजाला से बातचीत करते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस के पुलिस महानिदेशक एस पी वैद ने कहा कि रमजान के 17 वें दिन किसी आतंकी हमले के होने की आशंकाओं के मद्देनजर खुफिया इनपुट मिले थे जिसके बाद सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
उन्होंने कहा कि कश्मीर में सुरक्षाबलों को एलर्ट पर रहने के निर्देश थे इसी कारण इतने हमलों के बाद नुकसान कम हुआ है। वही कश्मीर में आतंकी हमलों के बाद सुरक्षाबलों के तमाम कैंपों और सैन्य शिविरों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे।