{"_id":"60d8bcd5ccf78f55b26c03c1","slug":"terrorist-attack-after-entering-the-house-of-former-spo-in-awantipora-terrorists-fired-bullets-died-on-the-spot","type":"story","status":"publish","title_hn":"आतंकियों के निशाने पर पुलिस: अवंतीपोरा में पूर्व एसपीओ के घर घुसकर बरसाईं गोलियां, पति-पत्नी और बेटी की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
आतंकियों के निशाने पर पुलिस: अवंतीपोरा में पूर्व एसपीओ के घर घुसकर बरसाईं गोलियां, पति-पत्नी और बेटी की मौत
Mon, 28 Jun 2021 12:18 AM IST
करिश्मा चिब
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू
Published by: करिश्मा चिब
Updated Mon, 28 Jun 2021 12:18 AM IST
सार
रविवार शाम के समय आतंकियों ने उनके घर में घुसकर फायरिंग कर दी। जिसमें पूर्व एसपीओ फैयाज अहमद, उनकी पत्नी और बेटी की मौत हो गई है।
विज्ञापन
पूर्व एसपीओ फैयाज अहमद, उनकी पत्नी और बेटी की हत्या
- फोटो : ANI
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के अवंतीपोरा के हरिपरिगाम इलाके में आतंकियों ने पूर्व एसपीओ फैयाज अहमद, उनकी पत्नी और बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। एसपीओ की मौके पर ही मौत हो गई। इस हमले में उनकी बेटी और पत्नी को भी गोली लगी थी जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान पत्नी की देर रात और बेटी की सोमवार सुबह मौत हो गई। पूर्व एसपीओ फैयाज अहमद और उनकी पत्नी का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
विज्ञापन
बता दें कि रविवार शाम के समय आतंकियों ने घर में घुसकर अचानक फायरिंग कर दी जिसमें पूर्व एसपीओ की मौके पर मौत हो गई। उनके परिवार के अन्य दो सदस्य बुरी तरह से हमले में घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में आतंकियों की तलाश में अभियान शुरू कर दिया गया है।
विज्ञापन
कश्मीर जोन के आईजी विजय कुमार ने आतंकी हमले में मारे गए फैयाज अहमद के परिवार से मुलाकात की और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ सहानुभूति व्यक्त की। साथ ही आश्वासन दिया कि इस कृत्य में शामिल आतंकवादियों को जल्द ही ढेर कर दिया जाएगा। आईजी ने कहा कि इस हमले के पीछे आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के दो विदेशी आतंकियों का हाथ है।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें- जम्मू एयरपोर्ट ड्रोन हमला: पढ़िए इस घटना से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें, सामने आई यह सच्चाई
इससे पहले 27 जून को श्रीनगर के बरबरशाह इलाके में शनिवार को सुरक्षा बलों पर किए गए ग्रेनेड हमले में एक नागरिक की मौत हो गई थी जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हमले के बाद आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन आतंकियों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
बरबरशाह इलाके में आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त नफरी पर ग्रेनेड दागा था लेकिन निशाना चूकने के कारण ग्रेनेड उनसे थोड़ी दूर सड़क पर गिरकर फटा। विस्फोट के कारण चार स्थानीय लोग घायल हो गए थे। इनमें एक महिला भी है। स्थानीय लोगों के घायल होने की पुष्टि करते हुए एसपी ईस्ट तनुश्री ने बताया कि घायलों को नजदीक के अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया है।
सीआईडी इंस्पेक्टर की भी हो चुकी है हत्या
इससे पहले श्रीनगर में आतंकवादियों ने बीते मंगलवार को सीआईडी इंस्पेक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। यह घटना नौगाम इलाके में हुई। नौगाम थाना क्षेत्र के कनिपोरा में आतंकवादियों ने इंस्पेक्टर परवेज अहमद डार को उनके घर के पास 3 गोलियां मारी थीं। हमले के वक्त परवेज नमाज अदा कर घर लौट रहे थे।
भारतीय सेना की ओर से आतंकियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इससे उनमें बेचैनी बढ़ गई है और वे बौखलाहट में हमलों को अंजाम दे रहे हैं। लेकिन इसके साथ ही सेना की गोलियों का शिकार भी हो रहे हैं।