J&K Border: चप्पे-चप्पे सतर्कता के बीच चल रही रोजमर्रा की जिंदगी, सरहद पर तनाव के बावजूद खेतों में जुटे किसान
जम्मू के सीमांत क्षेत्रों में सुरक्षा अलर्ट के बीच किसान रोजमर्रा की जिंदगी और फसल कटाई जारी रखे हुए हैं, जबकि सुरक्षाबल खेतों तक सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित कर रहे हैं। तनाव और सतर्कता के बावजूद सीमांत गांवों में लोग जीवन यापन के लिए खेतों में काम कर रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली में कार विस्फोट के कश्मीर कनेक्शन और फिर नौगाम में धमाके के बाद चप्पे-चप्पे पर सजगता और सतर्कता बरती जा रही है। सुरक्षा बलों के साथ सिविल सोसायटी भी सतर्क हैं। हंदवाड़ा में शुक्रवार को हथियारों का जखीरा बरामद होने के बाद एजेंसियां और अलर्ट हो गई हैं। जम्मू के सीमावर्ती इलाकों में लोगों का कहना है कि हम तो इन्हीं धमाकों के बीच जीते हैं। एजेंसियां साथ हैं, इसलिए डर नहीं।
अंतरराष्ट्रीय सीमा के साथ सटे परगवाल में सुरक्षा इंतजामों के बीच किसान रोजमर्रा के काम कर रहे हैं। गेहूं की बिजाई का समय होने के कारण सुबह ट्रैक्टर लेकर निकल रहे हैं। किसानों ने बताया कि सरहद पर स्थिति में उतार-चढ़ाव आता रहता है लेकिन अब यह जीवन का हिस्सा बन गया है। सीमा चौकियों पर अलर्ट के बावजूद सुरक्षा बल किसानों को खेतों तक सुरक्षित पहुंचने में सहायता प्रदान कर रहे हैं। किसानों का कहना था कि तनाव चाहे जितना भी हो पेट पालना है तो खेत में उतरना ही पड़ेगा।
आरएस पुरा : अधूरी फसल काट कर बेच रहे किसान
पिछले कई दिनों से आरएस पुरा सेक्टर के सीमांत क्षेत्र में चौकसी के साथ बीएसएफ की गश्त बढ़ी है। कई किसान धान की अधपकी फसल की कटाई कर बेच रहे हैं। सीमांत गांव गुलाबगढ में धान खरीद रहे व्यापारी कृपाल चौधरी का कहना है कि पहले बारिश व बाढ़ के चलते धान की फसल में देरी हुई। अब सीमांत क्षेत्र में सेना के अभ्यास करने पर ग्रामीण बैचेन होकर फसल घर तक सुरक्षित पहुंचा कर बेच रहे हैं।
उधमपुर : हाईवे पर वीआईपी मूवमेंट बढ़ी, कड़ी निगरानी
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जांच एजेंसियों से जुड़ी वीआईपी मूवमेंट बढ़ गई है। पुलिस और सुरक्षाबलों की ओर से राजमार्ग पर प्रत्येक गतिविधि की कड़ी निगरानी की जा रही है। बसंतगढ़, डुडू और लाटी जैसे इलाकों में पहले से जारी सुरक्षा प्रबंधों को और बढ़ा दिया है। टिकरी, फ्लाटा, बट्टल वालियां, मियां बाग, जखैनी और चिनैनी पर भी स्थायी नाकों को अलर्ट पर रखा है। लाल किला धमाके को लेकर जांच एजेंसियां जम्मू और श्रीनगर में लगातार छापे मार रही हैं। डीएसपी हेडक्वार्टर प्रहलाद शर्मा ने कहा कि विशेष तलाशी अभियान तो नहीं चला रहे, पर संवेदनशील इलाकों को अलर्ट पर रखा है।
आईबी से सटे इलाकों में संयुक्त तलाशी अभियान
अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) से सटे संवेदनशील इलाके में बॉर्डर पुलिस पोस्ट शेरपुर के प्रभारी के नेतृत्व में बीएसएफ के जवानों ने सुबह संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान बेई नाला व आसपास के जंगल खंगाले। लगभग दो घंटे तक जांच की गई। हाई अलर्ट के चलते टीमें नियमित रूप से हाइवे तक जुड़ने वाले नदी-नालों और साथ लगते जंगलों में हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही हैं।