हड़ताल पर बैठी शिक्षका ने आत्मदाह की कोशिश की
रहबरे तालीम योजना की तर्ज पर नियमितीकरण की मांग कर रहीं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय इंप्लाईज एसोसिएशन का आंदोलन हिंसक हो गया।
प्रदर्शनी मैदान पर भूख हड़ताल कर रहीं शिक्षिकाओं ने सुबह स्कूली शिक्षा निदेशक का घेराव किया और बाद में चेतावनी पर अमल करते हुए आत्मदाह का प्रयास किया।
पुलिस के साथ धक्का मुक्की के दौरान एसोसिएशन अध्यक्ष की आंखों में पेट्रोल चला गया। वहीं एक अन्य शिक्षिका की हालत बिगड़ गई। दोनों को आनन फानन जीएमसी जम्मू ले जाया गया जहां पर देर शाम तक उनका उपचार किया जा रहा था।
सदस्य शिक्षिकाओं ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी
इस पूरे घटनाक्रम के लिए एसोसिएशन पदाधिकारियों ने शिक्षा विभाग के प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। एसोसिएशन ने पहले से ही आत्मदाह करने की चेतावनी जारी की थी। इस पर अमल के लिए बुधवार बाद दोपहर करीब तीन बजे प्रदर्शनी मैदान में एसोसिएशन अध्यक्ष माईमूना खान ने हाथ में पेट्रोल की बोतल पकड़ ली।
यह देख हड़कंप मच गया। पहले से मौजूद पुलिस के साथ माईमूना सहित अन्य शिक्षिकों की धक्का मुक्की शुरू हो गई। इसी अफरातफरी के दौरान माईमूना खान के चेहरे पर पेट्रोल गिर गया। धक्का मुक्की के माहौल में डोडा की शिक्षिका संजू शर्मा की हालत अचानक बिगड़ गई।
पुलिस ने दोनों शिक्षिकाओं को भीड़ से अलग किया और जीएमसी जम्मू पहुंचा दिया। एसोसिएशन की उपाध्यक्ष शहजाद, प्रांतीय अध्यक्ष ज्योति बंदराल सहित अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि सुबह स्कूली शिक्षा निदेशक एसोसिएशन से बात करने तो आईं लेकिन संतोषजनक आश्वासन नहीं दे पाईं और ना ही भूख हड़ताल खत्म करने की अपील की गई।
बाद दोपहर की घटना में एसोसिएशन अध्यक्ष की आंख में पेट्रोल चला गया है। एक अन्य शिक्षिका को हृदयाघात हो गया है। दोनों के साथ वह अस्पताल में हैं।