गुजरात की साबरमती की तरह बनेगा तवी का तट
जम्मू डेवलपमेंट अथॉरिटी और जम्मू कश्मीर लेक्स एंड वाटर डेवलपमेंट अथॉरिटी की बोर्ड बैठक में इस आशय की जानकारी दी गई। उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठकों में तवी रिवर फ्रंट डेवलपमेंट प्रोजेक्ट सहित अन्य परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में दी गई जानकारी के अनुसार तवी के तटीय क्षेत्र को विहंगम स्थलों में तब्दील करने के लिए एसआरएफडीसी ने सर्वे का काम पूरा कर लिया है। अब प्रोजेक्ट की मुकम्मल डीपीआर तैयार की जाएगी।
तवी नदी का दस किलोमीटर लंबा हिस्सा चुना गया
तवी के तटीय क्षेत्र को अहमदाबाद की साबरमती नदी में हुए विकास की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। प्रोजेक्ट के तहत तवी नदी का दस किलोमीटर लंबा हिस्सा चुना गया है। यह हिस्सा भगवती नगर में स्थित तवी नदी के चौथे पुल से जम्मू शहर से सटे नगरोटा तक निर्धारित है।
शुरुआती चरण में डोगरा चौक पुल से गुज्जर नगर पुल तक 1200 मीटर हिस्से को पाइलट प्रोजेक्ट के रूप में विकसित किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह ने कहा कि जम्मू और श्रीनगर दोनों शहरों को योजनाबद्ध रूप से विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है।
विकास के तमाम प्रोजेक्ट प्राथमिकता से लिए जाएं और समय से अंजाम तक पहुंचाए जाएं। इस अवसर पर जम्मू डेवलपमेंट अथॉरिटी और लेक्स एंड वाटरवेज डेवलपमेंट अथॉरिटी के अधिकारियों ने निर्माणाधीन और प्रस्तावित परियोजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।