राजोरी: स्कूल के अंदर छात्र लागने लगे भारत विरोधी नारे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजोरी जिले की कालाकोट तहसील के सियाल सुई स्थित सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में एक समुदाय के कुछ छात्रों ने वीरवार को देश विरोधी व पाकिस्तान के हक में नारे लगाए।
इस पर शुक्रवार को स्कूल के अन्य छात्रों व स्थानीय लोगों ने उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रदर्शन किया। मामला बढ़ता देख पुलिस ने स्कूल प्रिंसिपल की शिकायत पर आठ छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी छात्रों की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक वीरवार को दोपहर करीब तीन बजे 12वीं कक्षा के कुछ विद्यार्थियों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। तभी एक समुदाय के विद्यार्थियों ने क्लास से बाहर आकर नारेबाजी शुरू कर दी।
इस दौरान उन्होंने देश विरोधी व पाकिस्तान के हक में नारे लगाए। देश विरोधी नारेबाजी की खबर इलाके में फैल गई। शुक्रवार को सुबह स्कूल खुलते ही छात्रों ने कक्षाओं का बहिष्कार कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
वे देश विरोधी नारेबाजी करने वाले छात्रों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। देखते ही देेखते क्षेत्र के अन्य लोग भी स्कूल पहुंच गए व छात्रों के साथ प्रदर्शन में शामिल हो गए।
पुलिस भी पहुंची मौके पर
मामला गंभीर होता देख तहसीलदार कालाकोट नवाज चौधरी, एसएचओ प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को शांत करवाने की कोशिश की।
करीब पांच घंटे तक प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूल प्रबंधक और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत चलती रही, लेकिन प्रदर्शनकारी विशेष समुदाय के छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज करने पर अड़े रहे।
बाद में स्कूल के प्रिंसिपल अनिल ने आठ छात्रों की पहचान कर पुलिस थाना कालाकोट में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। एसएसपी राजोरी राजेश्वर सिंह ने बताया कि प्रिंसिपल की शिकायत पर आठ छात्रों के खिलाफ आरपीसी की धारा 153ए के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
एसएचओ कालाकोट प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस की विशेष टीम आरोपी छात्रों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है। कुछ छात्रों द्वारा देश विरोधी नारे लगाए जाने से दिन भर सियाल सुई क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही।
दुकानदार दुकानें बंद रख कर पुलिस से मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग करते रहे। इस दौरान स्कूल परिसर के बाहर भारी संख्या में स्थानीय लोग व स्कूली छात्र मौजूद रहे।आरोपी छात्रों की जल्द गिरफ्तारी न होने पर भारतीय जनता युवा मोर्चा ने उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी है। भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष रंजीत तारा ने कहा कि शनिवार तक अगर आरोपी की गिरफ्तारी न हुई तो वे सड़कों पर उतरेंगे।