बाढ़ पीड़ितों के लिए छात्रों ने हाथ बढ़ाए
बाढ़ पीड़ितों के लिए विद्यार्थियों और शिक्षकों ने हाथ आगे बढ़ाते हुए विश्वविद्यालय जम्मू कैंपस में फ्लड रिलीफ डोनेशन अभियान शुरू किया है। इसमें डीन स्टूडेंट वेलफेयर, चेयरपर्सन, एनएसएस और चेयरपर्सन, सदस्यों सहित कैंपस कल्चरल काउंसिल, एनएसएस प्रोग्राम अफसर विभिन्न विभागों में शिक्षकों से डोनेशन ले रहे हैं।
इसके अलावा विद्यार्थी भी इस नेक काम में सहयोग दे रहे हैं। इस बीच शनिवार को कुलपति प्रो. एमपी सिंह ईशर ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर बाढ़ पीड़ितों के लिए चलाए जा रहे प्रोग्रामों की समीक्षा की।
डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. पंकज श्रीवास्तव ने कुलपति को बताया कि अगले हफ्ते जम्मू के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विवि की टीम राहत सामग्री वितरित करेगी। इसमें एक दिवसीय रिलीफ कैंप आयोजित कर सामग्री को पीड़ितों तक पहुंचाया जाएगा।
शिक्षक, कर्मी और छात्र कर रहे सहयोग
इसमें शिक्षक, कर्मियों और विद्यार्थियों की सेवाएं ली जाएंगी। बाढ़ पीड़ितों के लिए अलग से मेडिकल चेकअप और काउंसिलिंग प्रोग्राम चलाना प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि पीड़ितों के लिए हरसंभव मदद पहुंचाने के सभी प्रयास किए जा रहे हैं।
कुलपति प्रो. सिंह ने कहा कि अकादमिक शिक्षा के साथ इस आपदा की घड़ी में सभी को पीड़ितों की सेवा के लिए आगे आकर काम करना चाहिए। उन्होंने छात्र संगठनों से अपील की कि वे अपने स्तर पर भी डोनेशन अभियान शुरू करें।
विवि जम्मू की ओर से ऐसे अभियानों को बढ़ावा देने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएं। उन्होंने विद्यार्थियों से पीड़ितों की मदद के लिए सहयोग देने की अपील की।