कश्मीर में 1 महीने तक शूट होगी 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर-2', टाइगर श्राफ लीड रोल में
कश्मीर में बॉलीवुड फिर लौट रहा है। बजरंगी भाईजान के बाद कश्मीर में स्टूडेंट आफ द ईयर की शूटिंग शुरू होने जा रही है। मई के पहले सप्ताह में इसके शुरू होने की संभावना है। यह फिल्म 2012 में बनी सुपरहिट फिल्म का सिक्वल है। इसमें फिल्म से आलिया भट्ट, वरुण धवन और सिद्धार्थ मल्होत्रा ने डेब्यू किया था।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सिक्वल में टाइगर श्राफ मुख्य अभिनेता के रूप में शामिल हैं, जबकि फिल्म में दो नई अभिनेत्रियों की भी अहम भूमिका होगी। फिल्म का पहला पार्ट कश्मीर के अलग-अलग पर्यटन स्थलों और लोकेशन में शूट होगा। करीब एक महीना फिल्म की पूरी स्टारकास्ट कश्मीर में होगी।
इसके बाद फिल्म का दूसरा हिस्सा मुंबई में शुरू होगा। उल्लेखनीय है कि कश्मीर में 2014 की बाढ़ और 2015 में हिंसा की वजह से बॉलीवुड ने कश्मीर से मुंह फेर लिया। इसके बाद राज्य के पर्यटन विभाग ने बॉलीवुड को कश्मीर में वापस लाने के प्रयास शुरू कर दिए।
मुफ्ती मोहम्मद सईद ने बॉलीवुड को कश्मीर का दिया था न्यौता
पूर्व मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने खुद बॉलीवुड के नामी कलाकारों से मिलकर उन्हें कश्मीर आकर फिल्में बनाने का न्योता दिया। बावजूद इसके बॉलीवुड का रुख नहीं हुआ। इसके बाद महबूबा मुफ्ती ने भी प्रयास किए।
राज्य का पर्यटन विभाग लगातार बॉलीवुड से इसे लेकर संपर्क बनाए हुए था। अब जाकर विभाग का प्रयास सफल होता नजर आ रहा है। इस फिल्म की शूटिंग होने के बाद कुछ अन्य बड़ी फिल्मों की शूटिंग भी कश्मीर में हो सकती है।
पहली फिल्म भी कश्मीर में बनी
स्टूडेंट आफ द ईयर की शूटिंग भी कश्मीर में हुई थी। इसके अलावा पिछले कुछ समय में कश्मीर में यह जवानी है दिवानी, फितूर, जब तक है जान, हाईवे, बजरंगी भाई जान जैसी फिल्मों की शूटिंग भी कश्मीर में हुई है। श्रीनगर, पहलगाम, डल झील, गुलमर्ग, सोनमर्ग, कारगिल, लेह, आदि जगहों पर फिल्मों की शूटिंग हो सकती है।