कश्मीर पर मंडरा रहा है बर्फीले तूफान का खतरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फरवरी के पहले तीन दिन काफी मुसीबत भरे हो सकते हैं। कश्मीर संभाग के उच्च पर्वतीय इलाकों में प्रशासन की ओर से बर्फीले तूफान की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने भी अगले तीन दिन तक रियासत भर में मौसम खराब रहने के आसार जताए हैं।
मौसम विभाग की मानें तो चार फरवरी के बाद ही मौसम साफ होगा। अगले तीन दिन मौसम खराब रहने के मद्देनजर जम्मू-श्रीनगर पर चलने वाले वाहनों और यात्रियों को भी यात्रा से परहेज करने की चेतावनी दी गई है।
आशंका जताई गई है कि मौसम खराब रहने के चलते भूस्खलन, फिसलन आदि का खतरा हो सकता है। बनिहाल, जवाहर टनल व जवाहर टनल से लेकर काजीगुंड तक एक से तीन फरवरी तक बारिश और भारी बर्फबारी होने की आशंका जताई गई है। रामबन क्षेत्र में भारी बारिश और रामसू में हाईवे पर भूस्खलन की आशंका है।
बर्फीले तूफान से बचने की सलाह जारी
कश्मीर प्रशासन की ओर से जारी चेतावनी में करीब ढाई हजार मीटर पर स्थित टंगधार, मच्छेल वे केरन एलओसी से सटे इलाकों में रहने वाले लोगों को एहतियात बरतने और बर्फीले तूफान से बचने की सलाह दी गई है।
मंडलायुक्त की ओर से उत्तरी व दक्षिण कश्मीर के जिला उपायुक्तों एवं संबंधित अफसरों को अपने क्षेत्रों में पानी, बिजली व स्वास्थ्य सेवाओं को बहाल रखने के लिए अलर्ट पर रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। शनिवार को रियासत के अधिकतर इलाकों में हालांकि, दिन में धूप खिली रही, पर शाम होते ही परी रियासत को शीत लहर ने अपनी चपेट में ले लिया।
लेह और कारगिल में तापमान लगातार शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। कारगिल का न्यूनतम तापमान माइनस 16.6 डिग्री, लेह का न्यूनतम तापमान माइनस 15.2 डिग्री, श्रीनगर का न्यूनतम तापमान माइसन 2.9 डिग्री और जम्मू का न्यूनतम तापमान 4.7 सेल्सियस दर्ज किया गया।