सुलगती घाटी में हिंसा के बीच पूरी हुई फिल्म की शूटिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कश्मीर हिंसा से अपने ड्रीम डेस्टिनेशन से विमुख हुए फिल्मी जगत से इतर एक फिल्मकार ने घाटी में अपनी फिल्म की शूटिंग मुकम्मल की। टॉलीवुड की तेलुगू फिल्म रोज गार्डन के 80 फीसदी दृश्य कश्मीर घाटी के दिलकश नजारों में फिल्माए गए हैं।
करीब एक महीने से कश्मीर में चल रही शूटिंग के पूरा होते ही रोज गार्डन के क्रू की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। फिल्म के निर्देशक सहित मुख्य किरदार निभा रहे कलाकारों ने कश्मीर में शूटिंग के अनुभव को यादगार बताया। फिल्म के निर्देशक जी रवि कुमार ने कहा कि एक महीने से हम कश्मीर के विभिन लोकेशन पर शूटिंग कर रहे हैं और सफलतापूर्वक हमारा यह शूट संपन्न हुआ।
उन्होंने बताया कि फिल्म इंडस्ट्री में से किसी ने भी ऐसे हालात में शूटिंग का जोखिम नहीं उठाया। वे भी लौट रहे थे, लेकिन, स्थानीय लोगाें ने सहयोग दिया और लगभग रद्द हो चुका शूटिंग का शेड्यल न सिर्फ यथावत रहा बल्कि बिना किसी रुकावट के पूरा भी हो गया। कुमार ने शूटिंग के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस का आभार भी जताया।
सोनमर्ग, गुलमर्ग समेत कई जगह हुई शूटिंग
फिल्म की हेरोइन फरनाज शेट्टी ने कहा कि इन खूबसूरत लोकेशन पर शूट कर काफी मजा आया। पहली बार कश्मीर आई हैं और स्थानीय लोगों का सहयोग देखकर उन्हें लगा नहीं कि यहां के हालात शूटिंग के मुफीद नहीं हैं।
फिल्म के हीरो नितिन नाश ने कहा शूटिंग के दौरान ऐसा लगा कि वे सभी यहां पर छुट्टियां मनाने आए हैं। यहां जितनी भी खूबसूरत लोकेशन हैं, शहर से काफी दूर हैं इसलिए वे रोजाना 3.30 बजे तड़के ही शूटिंग को निकल जाते थे।
यह फिल्म एक लव स्टोरी है जिसमें हीरो एक पत्रकार का रोल निभा रहे हैं जबकि हीरोइन एक स्थानीय कश्मीरी लड़की का। इस फिल्म का शूट सोनमर्ग, गुलमर्ग, बोटानिकल गार्डन, चश्मा शाही, निशात बाग, डल झील सहित अन्य जगहों पर किया गया है। फिल्म जनवरी 2017 में रिलीज होगी।