उल्का पिंड की तस्करी में SHO ने ली रिश्वत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दक्षिणी कश्मीर के डुरू शाहाबाद इलाके के एसएचओ को घूसखोरी के मामले में अटैच किया गया है। उस पर 10 लाख रुपये लेकर कथित उल्का पिंड की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को छोड़ने का आरोप है। इस मामले में जांच आयोग गठित किया गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गत रविवार को डुरू शाहाबाद थाने को एक सूचना प्राप्त हुई जिसके आधार पर इलाके के एसएचओ रफीक अहमद शाह के नेतृत्व में एक टीम ने नाका लगाया और आने-जाने वाले वाहनों की तलाशी शुरू की।
इस दौरान एक ग्रैंड आई-10 गाड़ी में से कथित उल्का पिंड बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस द्वारा गाड़ी में सवार दो लोगों को हिरासत में ले लिया गया और उस उल्का पिंड को भी कब्जे में लिया गया। लेकिन, थाने में तस्करों और एसएचओ के बीच हुई डील के बाद एसएचओ ने दोनों आरोपी तस्करों को जाने दिया।
मामले में जांच आयोग गठित
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी तस्करों और एसएचओ में 10 लाख रुपये में डील हुई थी। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा इस घटना की शिकायत आईजीपी कश्मीर रेंज से की गई। आईजी ने डीआईजी साउथ रेंज को जांच के आदेश दिए।
डीआईजी ने एडिशनल एसपी अनंतनाग एजाज अहमद की अध्यक्षता में एक टीम का गठन किया और मामले की जांच शुरू करवाई गई। शुरूआती जांच और छापामारी के दौरान आरोपी तस्करों को हिरासत में लिया गया। तस्करों द्वारा कबूला गया कि उन्होंने दस लाख रुपये देकर डील की थी।
जांच टीम द्वारा डुरू शाहाबाद थाने में छापामारी कर 10 लाख रुपये समेत कथित उल्का पिंड भी बरामद कर लिया गया। इस पूरे घटनाक्रम पर हालांकि, पूरी तरह से खुलकर कोई भी पुलिस अधिकारी फिलहाल कुछ भी नहीं बोल रहा, लेकिन, अमर उजाला से बात करते हुए एसएसपी अनंतनाग अब्दुल जब्बार ने कहा कि शुरूआती जांच के दौरान कुछ रिकवरी हुई है और एसएचओ को डीपीएल अनंतनाग में अटैच कर दिया गया है। इस मामले में जांच आयोग बैठा बैठा दिया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।