दो आतंकी हमलों के बाद श्रीनगर में बढ़ाई सुरक्षा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बीते करीब डेढ़ सप्ताह के दौरान श्रीनगर शहर के दो अलग अलग इलाकों में आतंकी हमले होने के चलते घाटी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही सोमवार से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी दो दिन के दौरे पर श्रीनगर पहुंच रहे हैं।
प्रशासनिक और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इसके चलते भी सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता कर दिया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक बाढ़ आने के बाद से सुरक्षा बंदोबस्त में कुछ कमी आ गई थी। राहत और बचाव अभियान में जुटे होने के कारण सुरक्षा बलों की रूटीन ड्रिल पर भी कुछ असर पड़ा था।
इसका लाभ उठाकर आतंकियों ने श्रीनगर में एक बार फिर से अपनी गतिविधियों को अंजाम देना शुरू कर दिया था। इसके चलते हाल ही में आतंकी दो हमले कर फरार होने में भी सफल रहे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दूर संचार सेवाएं ठप होने से सुरक्षा ग्रिड को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
सीआरपीएफ ने पंडितों के मकानों में कैंप बनाए
पुलिस और सुरक्षा बलों को मिलने वाली इंटेलीजेंस सूचनाएं दूर संचार सेवाएं ठप होने के चलते बहुत कम अथवा न के बराबर हो गईं थीं। इसका भी आतंकियों द्वारा लाभ उठाया गया। अधिकारी के मुताबिक बहुत से रिहायशी इलाकों में सीआरपीएफ द्वारा घाटी छोड़ गए पंडितों के मकानों में कैंप बनाए गए थे।
पर बाढ़ से ऐसे अधिकतर मकान क्षतिग्रस्त हो गए। इससे भी सुरक्षा व्यवस्था पर कुछ असर पड़ा था। हालांकि, पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि बाढ़ का संकट अब लगभग टल चुका है। लिहाजा, घाटी भर में और विशेषतौर पर श्रीनगर में सुरक्षा ग्रिड को पहले से भी अधिक मजबूत बना दिया गया है।
सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि चूंकि सोनिया गांधी और राहुल गांधी बाढ़ पीड़ित क्षेत्रों का दौरा करेंगे इसके चलते सुरक्षा बंदोबस्त की नये सिरे से समीक्षा की जा रही है।