शिक्षक की पिटाई से डरा छात्र मदरसे से भागा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
समरौली स्थित एक मदरसे में शिक्षक द्वारा कथित रूप से पीटने पर मदरसे में पढ़ने वाला एक छात्र भाग निकला। छात्र को मदरसे के शिक्षकों द्वारा उधमपुर की टाउन हाल रोड पर पकड़ा गया।
शिक्षकों द्वारा जबरन मदरसे में ले जाने के प्रयास में छात्र की टांग पर चोट लग गई। मदरसे में कथित पिटाई से परेशान छात्र पहले भी दो बार भागने की कोशिश कर चुका है। छात्र के पिता द्वारा कोई शिकायत नहीं करने के कारण पुलिस ने भी कोई मामला दर्ज नहीं किया और उसे अभिभावकों को सौंप दिया।
समरोली स्थित मदरसे में पढ़ने वाला 12 वर्षीय छात्र पैदल ही 15 किमी का सफर कर उधमपुर पहुंच गया। छात्र को ढूंढ़ते हुए मदरसे में पढ़ाने वाले दो शिक्षक उधमपुर आ पहुंचे।
छात्र को टाउन हाल रोड पर अकेला जाता देखकर शिक्षक उसे ले जाने के लिए चिनैनी की मेटाडोर पर बैठाने लगे। इस दौरान उसकी टांग पर चोट आ गई। बाजार से गुजर रहे लोगों ने यह वाकया देखते ही पुलिस को सूचना दी। इसके बाद छात्र को दोनों शिक्षकों के साथ थाने लाया गया।
मदरसे में शिक्षक उसे डंडे से मारते हैं
छात्र ने बताया कि उसे एक महीने पहले रियासी जिला के माहौर तहसील से उसके पिता ने उसे मदरसे में भेजा था। मदरसे में शिक्षक उसे डंडे से मारते हैं। मंगलवार को भी शिक्षक ने उसकी डंडे से पिटाई की। इससे तंग आकर उसने भागने का फैसला लिया। उसने बताया कि सुबह पहली नमाज के वक्त वह मदरसे से भाग निकला।
उधमपुर पुलिस द्वारा छात्र के पिता को माहौर से फोन कर बुलाया गया। पुलिस ने बिना कोई मामला दर्ज किए उसे पिता के सुपुर्द कर दिया गया। छात्र के पिता ने बताया कि उसका बेटा पहले भी दो बार मदरसे से भाग चुका है। अब वह उसे मदरसे की बजाए घर वापस लेकर जा रहे हैं।
समरौली मदरसे के मौलवी हाफिज तालिब ने बताया कि मदरसों में पढ़ने आए नए छात्रों का कई बार मदरसों में मन नहीं लगता। मदरसों में दी जाने वाली तालीम के लिए सख्त नियम होते हैं। कुछ छात्र इन नियमों का पालन नहीं कर पाते।
छात्र अक्सर भागने की कोशिश करते हैं, पर उन्हें रोके रखने के लिए मदरसे में इंतजाम होते हैं। उक्त छात्र पहले भी मदरसे से दो बार भाग चुका है। उसके भागने की सूचना मिलते ही दो शिक्षकों को उसे खोजने के लिए भेजा गया। छात्र को उधमपुर से बरामद कर पुलिस की निगरानी में उसके पिता के हवाले कर दिया गया है।