पुलिस देखती रही, थाने से फरार हो गए बदमाश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू पठानकोट नेशनल हाईवे से सटे राजबाग पुलिस थाने से दो आरोपियों के फरार होने से हड़कंप मच गया। चोरी और पशु तस्करी के आरोपी हथकड़ी समेत देर रात पुलिस को गच्चा देकर फरार हो गए।
एक आरोपी को हालांकि वीरवार को बुद्धि इलाके से पकड़ लिया गया, दूसरे की तलाश अभी जारी है। घटना की गाज थाना प्रभारी सहित मौजूद स्टाफ पर गिरी है। एसएसपी ने थाना प्रभारी सहित मुंशी, ड्यूटी अफसर और संतरी को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
थाना प्रभारी को छोड़ अन्य कर्मियों के खिलाफ ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने का मामला भी दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि चोरी के आरोपी नीरज कुमार निवासी राजबाग और पशु तस्करी के आरोपी नजाकत अली निवासी अनंतनाग को थाने के लाकअप में बंद किया गया था।
काफी मशक्कत के बाद पकड़ा गया एक बदमाश
रात को गर्मी का हवाला देते हुए आरोपियों ने ड्यूटी पर तैनात संतरी से कहा कि उन्हें खुली हवा में आने दें। संतरी ने दोनों आरोपियों को हथकड़ी सहित सीढ़ी की रेलिंग से बांध दिया। देर रात करीब ढाई बजे आरोपियों ने जोर लगाकर रेलिंग को तोड़ दिया और दीवार फांदकर फरार हो गए।
घटना से पुलिस थाने में हड़कंप मच गया। बदहवास पुलिसकर्मी इधर-उधर भागने लगे। देर रात से ही फरार आरोपियों की तलाशी में अभियान छेड़ दिया गया।
आखिरकार वीरवार को बुद्धि इलाके से फरार नीरज कुमार को काबू कर लिया गया। बुद्धि में रेलवे स्टेशन भी है, माना जा रहा है कि दूसरा आरोपी रेल के माध्यम से फरार होने में कामयाब रहा होगा।
पुलिसकर्मियों सहित बदमाशों के खिलाफ मुकदमा
इस घटना के संबंध में पूछे जाने पर एसएसपी कठुआ मोहन लाल ने कहा कि एक आरोपी को फिर से काबू कर लिया गया है।
कानूनी कार्रवाई पर उन्होंने कहा कि कुछ दिन पूर्व ही कार्यभार संभालने वाले थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है।
थाना मुंशी, ड्यूटी अफसर और संतरी को निलंबित कर उनके खिलाफ बकायदा मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों के खिलाफ भी अलग से मामला दर्ज किया गया है।