पठानकोट हमला: संदिग्धों के पास से सेटेलाइट फोन बरामद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मामून कैंट से बीते सोमवार को हिरासत में लिए गए जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के रहने वाले मजदूर के खिलाफ थाना मामून में जासूसी का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बुधवार को उसे कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। आरोपी के पास से पुलिस ने मोबाइल व एक नक्शा भी बरामद किया है।
वहीं जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आरोपी इरशाद की शिनाख्त पर सूरनकोट से गिरफ्तार जीजा-साले सज्जाद और मोहम्मद अकरम से बुधवार को मीरां साहिब स्थित ज्वाइंट इंटेरोगेशन सेंटर (जेआईसी) में कड़ी पूछताछ की। दोनों के पास से कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों के साथ सेटेलाइट फोन भी बरामद हुआ है।
आतंकियों से संबंध होने की आशंका
सूत्रों का कहना है कि दोनों के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के साथ संबंध होने के सबूत मिले हैं। सज्जाद चंडीगढ़ में किसी प्राइवेट कंपनी में काम करता है और छुट्टियों में अपने मूल निवास सूरनकोट (पुंछ) आया था।
पुलिस दोनों के मोबाइल फोन की डिटेल भी खंगाल रही है। बताया जाता है कि दोनों हवाला कारोबार में लिप्त हैं और आतंकियों को रुपये मुहैया करवाने का काम भी करते हैं। इनके बैंक खातों में आतंकवाद के मुख्य ठिकाने माने जाने वाले देशों से पैसा आने का भी संदेह है।
वहीं इरशाद को पाकिस्तान में बैठे लोगों से संपर्क साधने व सैन्य ठिकानों की जासूसी करने के शक में बीते सोमवार को पुलिस व आईबी ने मामून से गिरफ्तार किया था।
जासूसी को लेकर और खुलासे होने अभी बाकी
पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल व नक्शा भी बरामद किया था। इसके बाद इरशाद के जम्मू-कश्मीर स्थित निवास पर भी छापामारी की गई थी।
पठानकोट के एसपी डी जसपाल सिंह ने बताया इरशाद से बरामद मोबाइल जांच के लिए साइबर क्राइम ब्रांच में भेज दिया गया है। नक्शे के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा यह गोपनीय मामला है।
इरशाद के खिलाफ इंडियन आफिशियल सीक्रेट एक्ट की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है। कोर्ट ने आरोपी को सात दिन के पुलिस रिमांड पर दे दिया है। रिमांड के दौरान पूछताछ में उससे पाकिस्तान भेजी गई जानकारियां जुटाई जाएंगी।