सांबा। श्री अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने भी चौकसी कड़ी कर दी है। सीमा पार से घुसपैठ की आशंका के मद्देनजर बुधवार को सीमावर्ती क्षेत्रों में सेना, बीएसएफ, सीआरपीएफ और एसओजी ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान बसंतर दरिया और पाकिस्तान की ओर बहने वाले नदी-नालों को खंगाला गया। सुरक्षा बल के अधिकारियों के अनुसार पाकिस्तान में बैठे आतंकियों की ओर से श्री अमरनाथ यात्रा में बाधा डालने की साजिशें रची जा रही हैं। सीमा पर ड्रोन से हथियार गिराने, सुरंग निकालकर घुसपैठ की साजिशें सामने आ चुकी हैं। इन सब नापाक इरादों को नाकाम करने के लिए सुरक्षा बलों के जवान सीमा पर मुस्तैद हैं। बीते सप्ताह भी सांबा सेक्टर में एक सुरंग मिली है, जो पाकिस्तान में जुड़ती है। बुधवार को सीमावर्ती क्षेत्र बसंतर, बैनगलाड़, चक फकीरा और रिगाल में बहने वाले नदी-नालों व सरकंडों को खंगाला गया, ताकि किसी और सुरंग का इस्तेमाल आतंकी घुसपैठ के लिए न कर सकें। पुलिस ऑपरेशन डीएसपी गारू राम ने बताया की उनका फोकस बसंतर दरिया, बैनगलाड़ व चक फकीरा क्षेत्र है, जहां पर सेना, बीएसएफ, सीआरपीएफ व एसओजी के जवान सारे क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रहे हैं, ताकि उस पार से कोई भी आतंकी घुसपैठ की कोशिश न कर सके। अधिकारी के अनुसार 30 जून से शुरू हो रही श्री अमरनाथ यात्रा को देखते हुए चौकसी बढ़ा दी गई है।