पीएम मोदी से मिलकर लगा मैं ही मोदी हूं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीपुल्स कांफ्रेंस के चेयरमैन सज्जाद लोन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात के बाद गदगद हो उठे हैं। प्रधानमंत्री से हुई मुलाकात की जानकारी देते हुए लोन ने कहा कि उनकी प्रधानमंत्री से बेठक 15 मिनट के लिए तय थी, पर पता ही नहीं चला कि कब 45 मिनट बीत गए। लोन ने कहा कि मोदी बेहद शालीन और जमीन से जुड़े हुए इनसान हैं।
पूरी मुलाकात के दौरान मुझे लगा ही नहीं कि मैं देश के प्रधानमंत्री से मिल रहा हूं। लोन का कहना है कि बल्कि मुझे तो लग रहा था कि मैं ही मोदी हूं। लोन ने बताया कि शाम चार बजकर 35 मिनट पर मैं मोदी से मिलने पहुंचा। कमरे में मेरे और उनके सिवाय कोई नहीं था।
मोदी ने पूरी मुलाकात के दौरान चुनाव का जिक्र तक नहीं किया। उन्होंने बताया कि मोदी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वे कश्मीर के विकास के लिए निजी तौर पर भी ध्यान देंगे। लोन ने बताया कि मोदी ने भरोसा दिलाया कि कश्मीर को फिर से धरती की जन्नत कर देंगे।
प्रधानमंत्री को कश्मीर का दोस्त बताया था
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद सज्जाद लोन के तेवर बदले-बदले से नजर आए थे। उन्होंने बीजेपी और नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ करते हुए प्रधानमंत्री को कश्मीर का दोस्त बताया था। उन्होंने कहा कि मोदी मुसलमानों के दुश्मन नहीं हैं।
लोन ने कहा कि प्रधानमंत्री से मिलकर उन्हें ऐसा लगा कि वह बड़े भाई से मिले हैं। उन्होंने कहा कि उनकी चर्चा कश्मीर, उसके विकास और बाढ़ राहत पर ही केंद्रित रही और इस दौरान प्रधानमंत्री का रवैया सकारात्मक रहा। लोन ने कहा, 'हम सभी से मिलते हैं। मैं सिर्फ राहत और पुनर्वास की बात करने आया था।'
लोन ने मोदी की तारीफ करते हुए कहा था कि कश्मीरियों का एक छोटा सा हिस्सा ही मोदी के खिलाफ है। लेकिन में उन्हें विकास पुरुष के तौर पर देखता हूं जो घाटी की तकदीर बदल सकते हैं।