{"_id":"64bb7e8fb83370817a0075a3","slug":"roads-damaged-due-cloudburst-in-leh-rain-in-many-parts-of-jammu-kashmir-2023-07-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"मौमस अपडेट: लेह में बादल फटने से जलभराव के बाद सड़कें क्षतिग्रस्त, जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में बारिश","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मौमस अपडेट: लेह में बादल फटने से जलभराव के बाद सड़कें क्षतिग्रस्त, जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में बारिश
Sat, 22 Jul 2023 12:30 PM IST
विमल शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
Published by: विमल शर्मा
Updated Sat, 22 Jul 2023 12:30 PM IST
सार
लेह के जंगलों में बादल फटने के कारण शहर में जलभराव हो गया। इससे यातायात ठप होने के अलावा सड़कें टूट गई हैं। जम्मू कश्मीर के कई हिस्सों में बारिश हो रही है।
विज्ञापन
कठुआ के शीतलनगर में मलबे में फंसी कार
- फोटो : संवाद
विस्तार
लद्दाख के लेह शहर में लगातार बारिश के बीच बादल फटने से सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं हैं। कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया है। इससे आवाजाही प्रभावित होने के साथ जनजीवन ठप पड़ गया है। लेह के पहाड़ों में बादल फटने के कारण तेजी से पानी लोगों के घरों की तरफ भी आ गया।
विज्ञापन
इससे लेह के मुख्य बाजार समेत चोखांग विहार मंदिर में जलभराव हो गया है। मुख्य बाजार में पानी भरने से दुकानदारों समेत अन्य को परेशानी उठानी पड़ रही है। जम्मू कश्मीर के कई हिस्सों में हल्की से तेज बारिश हुई है। रामबन जिले में विभिन्न स्थानों पर भारी बारिश और भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है।
विज्ञापन
उसे खोलने का काम जारी है। सांबा और राजोरी जिले में सुबह से ही रुक-रुककर बरसात हो रही है। जम्मू में बादल लगने से गर्मी से राहत मिली है। प्रदेश के मौसम में लगातार उतार चढ़ाव जारी है। वीरवार और शुक्रवार को हल्की बारिश के बाद लगभग मौसम साफ रहा।
विज्ञापन
शनिवार को त्रिकुटा पहाड़ियों पर धुंध से कटड़ा-सांझीछत चापर सेवा लगातार प्रभावित है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 25 जुलाई तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश के आसार है।जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश, बाढ़, भूस्खलन, पहाड़ों से पत्थर गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
जम्मू में दिन की शुरुआत हल्के बादलों के साथ हुई। दोपहर को शहर और आसपास के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। दिन में आर्द्रता (उमस) का प्रतिशत 81 रहा। हालांकि मौसम के बदले मिजाज से अधिक गर्मी से राहत बनी हुई है।
जम्मू में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.0 डिग्री गिरकर 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बीती रात का न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस रहा। कटड़ा में हल्की बारिश के बाद मौसम साफ रहा। कठुआ में भी हल्की बारिश हुई।
राजधानी श्रीनगर समेत अन्य कुछ हिस्सों में सुबह हल्की बारिश के बाद मौसम साफ हो गया। यहां दिन का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस और दिन में आर्द्रता का प्रतिशत 75 रहा। लेह में बीती रात का न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस रहा।