जम्मू: गणतंत्र दिवस पर एमए स्टेडियम की सुरक्षा कड़ी, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा लेंगे परेड की सलामी
पंजीकृत खिलाड़ियों का पहचान पत्र देखकर स्टेडियम में प्रवेश की अनुमति है। स्टेडियम अभी पूरी तरह सील नहीं किया गया है। स्टेडियम के अंदर इंडोर गतिविधियां जैसे बैडमिंटन, जिम्नास्टिक, वेटलिफ्टिंग, योग आदि चल रही हैं।
विस्तार
पंजीकृत खिलाड़ियों का पहचान पत्र देखकर स्टेडियम में प्रवेश की अनुमति है। स्टेडियम अभी पूरी तरह सील नहीं किया गया है। स्टेडियम के अंदर इंडोर गतिविधियां जैसे बैडमिंटन, जिम्नास्टिक, वेटलिफ्टिंग, योग आदि चल रही हैं। एमए स्टेडियम जम्मू के इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के प्रबंधक सूरज भान सिंह ने बताया कि 18 तक खेल गतिविधियां जारी रहेंगी। जिन बच्चों के पास पहचान पत्र है, उन्हें स्टेडियम में प्रवेश की अनुमति है।
इसके बाद बच्चों के लिए दूसरे मैदानों पर वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि बच्चों के लिए इंडोर खेल गतिविधियां भगवती नगर इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में और आउटडोर खेल गतिविधियां गांधीनगर ग्रीनफिल्ड ग्राउंड और शास्त्री नगर में होंगी।
गौरतलब है कि गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह एमए स्टेडियम जम्मू में आयोजित किया जाता है। इसे लेकर सुरक्षा बलों ने स्टेडियम की सुरक्षा बढ़ा दी है। गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी स्टेडियम में जाने वाले लोगों के पहचान पत्रों की जांच कर रहे हैं। स्टेडियम के अंदर और बाहर चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। स्टेडियम के आसपास सुरक्षा बलों ने निगरानी के लिए वाच टावर लगाए हैं, जिनमें तैनात सुरक्षाकर्मी स्टेडियम में होने वाली हर गतिविधि पर नजर रख रहे हैं।
इसके अलावा स्टेडियम के अंदर क्रिकेट मैदान में होने वाली गणतंत्र दिवस परेड के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनसे निगरानी करने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। स्टेडियम पर निगरानी रखने के लिए सरकारी क्वार्टरों की छतों पर भी सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। वहीं, स्टेडियम की बाहरी सुरक्षा को भी कड़ा कर दिया है।
परेड की सलामी लेंगे उपराज्यपाल
मुख्य अतिथि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा परेड की सलामी लेंगे। वहीं, सामान्य प्रशासनिक विभाग के आयुक्त सचिव संजीव वर्मा की ओर से जारी आदेश में सभी विभागों के अध्यक्षों और पब्लिक सेक्टर के चीफ एग्जीक्यूटिव को कर्मचारियों की गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में हाजिरी सुनिश्चित बनाने को कहा गया है।
स्टेडियम में 29 जनवरी को बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी का आयोजन किया जाएगा। गणतंत्र दिवस को लेकर विद्यार्थियों की ओर से स्कूलों में रिहर्सल की जा रही है। सरकारी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल कनाल रोड में छात्राओं ने मंगलवार को गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम के लिए जोश के साथ रिहर्सल की।
दिखेगी पीएम राइजिंग इंडिया फॉर स्कूल के मॉडल की झांकी
इस बार गणतंत्र दिवस समारोह में पीएम स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया की झांकी दिखेगी। एमए स्टेडियम में मुख्य समारोह में झांकी खास तरह की होगी। इसे पीएम स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया के मॉडल का रूप दिया जाएगा। पेशेवर कारीगरों और कंपनी की मदद से जम्मू शिक्षा विभाग इसे तैयार कराएगा। झांकी का मुख्य उद्देश्य योजना के तहत चुने गए स्कूलों का मॉडल पेश करना है।
सीईओ जम्मू जगदीश पाधा का कहना है कि झांकी दोनों तरफ से एक समान दिखेगी। कई कंपनियों और कलाकारों से प्रस्ताव मांगे हैं। झांकी के माध्यम से बताया जाएगा कि योजना के तहत चुने गए स्कूलों में क्या सुविधाएं दी जा रही हैं। कैसे स्कूलों को बदला जाएगा। बता दें जम्मू-कश्मीर के 265 स्कूलों को राइजिंग इंडिया के तहत चुना गया है।