जम्मू-कश्मीर: झज्जर कोटली आंतकी हमले में कब क्या हुआ, यहां पढ़ें पूरा घटनाक्रम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू से 27 किमी दूर झज्जर कोटली इलाके में जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर आतंकियों ने बुधवार सुबह सुरक्षा बलों पर हमला कर दिया। हालांकि, इस हमले में सुरक्षा बल का कोई जवान घायल नहीं हुआ है, लेकिन आतंकियों ने ड्यूटी पर खाकी वर्दी पहनकर जा रहे सेरीकल्चर विभाग के माली को निशाना बनाया, जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी है। घायल गणेश दास (54) निवासी दामिनी, झज्जर कोटली आतंकियों का सिर्फ इसलिए निशाना बन गया क्योंकि उसने पुलिस की तरह खाकी वर्दी पहन रखी थी। सेरीकल्चर विभाग में माली (फील्ड) के पद पर कार्यरत गणेश बुधवार सुबह 7.45 बजे ड्यूटी पर वर्दी में जा रहा था तभी उसके सामने पिट्ठू बैग उठाए तीन आतंकी आ गए। उन्होंने उसकी वर्दी देख उसे पुलिस वाला समझकर फायर कर दिया। गणेश दास के अनुसार उस पर तीन फायर किए गए, लेकिन उसकी किस्मत अच्छी थी कि एक गोली उसकी दाहिनी बाजू को पार करते हुए निकल गई। बाजू की एक हड्डी टूट गई है।
ये है पूरा घटनाक्रम
-सुबह 7.45 बजे: कटरा के दोमेल चौक पर जम्मू से आ रहे ट्रक (जेके 03 एफ 1476) को पुलिस कर्मीयों ने हाथ देकर नाके पर रोकने को कहा। मौके से ट्रक आगे भागा।
- सुबह 7.48 बजे: ट्रक ड्राइवर ने पुलिस को सांझा देने की नीयत से झज्जर कोटली पुल पार करते ही बाईं तरफ बने साईं कैफेटेरिया पर अंदर की ओर ट्रक लगा दिया और नीचे उतर कर कैफटैरिया के मालिक अमित को नाश्ते का आर्डर दिया।
-सुबह 7.51 बजे : ट्रक का पीछा करती झज्जर कोटली पुलिस फ्लाइंग स्कार्ट की जिप्सी जिसे कांस्टेबल माजिद चला थे और साथ में सेलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल संदेश कुमार लगभग तीन चार किलोमीटर आगे चले गए और जब उन्हें ट्रक नहीं दिखा तो वह वापस मुड़ कर साईं कैफटेयि पर पहुंचे। यहां उन्होंने ट्रक एक ओर खड़ा पाया।
-सुबह 7.55 बजे: पुलिस वालों के दिमाग में था कि पीछे से पूरी तरह ढके हुए इस ट्रक में अवैध रूप से ले जाए जा रहे जानवर भरे हैं। इसे जांचने के इरादे से वह ट्रक की ओर बढ़े और ड्राइवर रियाज (निवासी सोपर) तथा संदिग्ध मोहम्मद इकबाल (निवासी बड़गाम) से नाके पर न रुकने की वजह पूछी तो वह दोनों मौके से भागने लगे ।
-सुबह 8.00 बजे: कांस्टेबल संदेश कुमार ट्रक की पिछली तरफ से ऊपर चढ़ा और जैसे ही उसने तिरपाल हटाया तो वह हैरत में पड़ गया। वहां तीन आतंकी हथियार के साथ छुपे बैठे थे और जे के वालपुट्टी के बैगों से पूरा बंकर ट्रक के अंदर बनाया हुआ था।
-सुबह 8.02 बजे: संदेश कुमार को देखते ही आंतकियों ने उस पर गोलीबारी की पर उसकी किस्मत अच्छी थी कि एक आंतकी से उसकी झड़प हुई और वह ट्रक से नीचे जा गिरा। गोली की आवाज सुनते ही पुलिस जिप्सी के ड्राइवर माजिद ने भी गोलियां चला दीं ।
-सुबह 8.05 बेज : कांस्टेबल माजिद के गोलियां चलाने पर आंतकी ट्रक से नीचे उतर कर पगड्डी से झज्जर कोटली नाले पर बने पीएचई वाटर पावर स्टेशन की तरफ घने जंगलों की ओर भागने लगे। उधर गोलियां चलते ही ट्रक के ड्राइवर रियाज व संदिग्ध इकबाल भी हाईवे की तरफ भाग निकले।
-सुबह 8.10 जंगलों की तरफ भागते आंतकियों ने खाकी वर्दी पहले गणेश दत्त को आते हुए देखा और उसे पुलिस वाला समझ उस पर गोलियां चला दीं। गणेश दत्त के बाएं बाजू में गोली लगी और वह घायल हो गया। उसका उपचार जीएमसी (जम्मू) में चल रहा है।
-सुबह 8.15 बजे: झज्जर कोटली नाले में बने पीएचई वाटर स्टेशन के पास जंगलों की तरफ भागते हुए आंतकियों को स्थानीय निवासी ओम प्रकाश सहित कुछ अन्य लोगों ने देखा। आंतकियों ने दहशत फैलाने के लिए यहां कुछ गोलियां भी चलाईं ।
-सुबह 8.20 बजे: साईं कैफटेरिया पर पुलिस स्टेशन झज्जर कोटली से पुलिस बल पहुंचा और आसपास के इलाके में सर्च आपरेशन शुरू किया और हाईवे पर तैनात रोड़ ओपनिंग पार्टी को हाई अलर्ट पर कर दिया।
-सुबह 8.25 बजे: फरार ट्रक ड्राइवर रियाज ने झज्जर कोटली चौक पर एक विंगर को रुकने के लिए कहा जिस पर सवार होकर वह जम्मू की ओर गया और बाद में
ड्राइवर अशोक कुमार ने उसे अपनी सुझबूझ से उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
-सुबह 8.30 बजे: संदिग्ध मोहम्मद इकबाल (निवासी पटटनपूरा बड़गाम )जो संभवत: गाइड का काम कर रहा था उसे स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस से हिरास्त में ले लिया।
-सुबह 8.40 बजे: उधमपुर के एस एस पी रईस मोहम्मद भटट सबसे पहले स्पॉट पर पहुंचे। उनके साथ -साथ जम्मू के एसएसपी विवेक गुप्ता व एसएसपी रियासी भी मौके पर पहुंचे तथा सीआरपीएफ व सेना को बुलाकर सर्च आपरेशन शुरू किया गया।
-सुबह 9.00 बजे: उधमपुर से राष्ट्रीय राइफल तथा 9 पैरा के कमांडो भी व्यापक सर्च आपरेशन में जुट गए।
-सुबह 9.15 बजे: सेना की मदद से हेलीकॉप्टर पूरे पांच किलोमीटर के घने जंगलों में ड्रोन कैमरे की मदद से सर्च ऑपरेशन करता दिखाई दिया।