नड्डा की जगह राम माधव को मिशन कश्मीर की कमान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
संघ परिवार ने इस बार कश्मीर फतह के लिए कार्ययोजना पर अमल शुरू कर दिया है। पार्टी महासचिव जेपी नड्डा को केंद्र में स्वास्थ्य मंत्री बनाए जाने के बाद अब मिशन कश्मीर की कमान पूरी तरह महासचिव राम माधव को सौंप दी गई है। हांलाकि इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन राम माधव मिशन 44 प्लस के लिए श्रीनगर में कैंप कर रहे हैं।
पहले नड्डा के साथ सांसद अविनाश राय खन्ना को मिशन कश्मीर पर लगाया गया था। खन्ना अब भी रियासत के प्रभारी के बतौर मिशन में जुटे हैं। संघ परिवार ने अब सभी अनुशांगिक संगठनों को अभी नहीं तो कभी नहीं का साफ संदेश दे दिया है। भाजपा और संघ के रणनीतिकार मानते हैं कि इस बार मोदी लहर का जम्मू और लद्दाख में फायदा मिल सकता है। कश्मीर के लिए छोटे दलों से तालमेल और मोदी के विकास पुरुष की छवि से कश्मीरियों को लुभाने की रणनीति बनी है।
संघ में दूसरे नम्बर के ओहदे पर आसीन सर कार्यवाह सुरेश भैयाजी जोशी का जम्मू दौरा कार्ययोजना पर अमल का ही हिस्सा माना जा रहा है। जोशी ने जम्मू में विश्व हिन्दू परिषद, विद्यार्थी परिषद और बजरंग दल समेत तमाम अनुशांगिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक में दिशानिर्देश दिए। संघ परिवार ने बाढ़ के दौरान राहत कार्य भी चलाया था।
देश भर से संगठनकर्ताओं की टीम का कश्मीर कूच
अब भैयाजी जोशी जम्मू में बाढ़ पीड़ितों से मिले और बार्डर पर पाकिस्तानी गोलाबारी से पीड़ित परिवारों के मिलकर दर्द बांटने के अभियान पर अमल करने वाले हैं। बुधवार को उनका बार्डर दौरा प्रस्तावित है। इतना ही नहीं देश भर से संघ के कुशल संगठनकर्ताओं की टीम जम्मू और कश्मीर के दौरे पर आ रही है।
बिहार से लेकर महाराष्ट्र तक के भाजपा के प्रमुख पदाधिकारियों की भी कश्मीर में ड्यूटी लगाई जा रही है। भाजपा शासित प्रदेशों के मंत्रियों के लिए भी कश्मीर में कार्यक्षेत्र तय किए जा रहे हैं।
कश्मीर में छोटे दलों से तालमेल की शुरुआत नड्डा ने की थी। अब केंद्रीय मंत्री बनने की बाद उनके लिए ज्यादा समय निकाल पाना संभव नहीं होगा। इसलिए राम माधव पूरी तरह मिशन में जुट गए हैं। पूर्व अलगाववादी नेता सज्जाद लोन से पहली मुलाकात नड्डा की ही हुई थी।
बाद में राम माधव और अंत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भेंट के बाद लोन अब पूरी तरह मोदी के मुरीद हो गए हैं। भाजपा ने अबतक 54 सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए हैं। प्रथम चरण की 15 सीटों में गुरेज और सोनावारी में प्रत्याशी नहीं दिए गए।
समझा जाता है कि सोनावारी में भाजपा लोन के पीपुल्स कांफ्रेंस प्रत्याशी के शेख क्यूमुद्दीन शिलवाती का समर्थन करेगी। इसी तरह गुरेज में निर्दलीय प्रत्याशी को चुनाव बाद के रणनीति के तहत समर्थन दिया जा सकता है।