{"_id":"77ec7778f955ce534fe9b4bf19f6c57c","slug":"policeman-beaten-after-molesting-women-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"महिला को छेड़ने वाले पुलिसकर्मियों की धुनाई","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
महिला को छेड़ने वाले पुलिसकर्मियों की धुनाई
ब्यूरो/अमर उजाला, जम्मू
Updated Sun, 14 Sep 2014 12:47 AM IST
विज्ञापन
जम्मू के बन तालाब इलाके में शनिवार की रात महिला और उसके पति से दुर्व्यवहार करने पर लोगों ने पुलिसकर्मियों की जमकर पिटाई कर दी। इस घटना में दो पुलिसकर्मियों सहित तीन लोग जख्मी हो गए। पुलिसकर्मियों की पिटाई देख आसपास की दुकानें धड़ाधड़ बंद हो गई। घटना के बाद से इलाके में तनाव व्याप्त है।
विज्ञापन
हालांकि, पुलिस ने ऐसी किसी घटना से इंकार किया है। मिली जानकारी के अनुसार बन तालाब इलाके में रहने वाला एक व्यक्ति अपनी पत्नी को स्कूटी सीखा रहा था। लोगों का आरोप है कि इसी दौरान वहां खड़े कुछ पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर कुछ अश्लील कमेंट किए। इस पर युवक तैश में आ गया और पुलिसकर्मियों से भिड़ गया।
विज्ञापन
देखते ही देखते इलाके के लोग जमा हो गए। लोगों को जब घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने पुलिसकर्मियों को बुरी तरह धुन डाला। पुलिसकर्मियों की पिटाई होते देख दुकानदार दुकानें बंद कर निकल गए। बाद में घायलों को सरवाल अस्पताल लाया गया। घायल पुलिस कर्मियों में से एक के माथे पर तीन टांके और दूसरे के माथे पर दो टांके लगे हैं।
विज्ञापन
जबकि सिविल कपड़ों में घायल एक अन्य व्यक्ति को भी चोट आई है। तीनों घायलों की सरवाल अस्पताल में मरहम पट्टी करवाने के बाद उनके साथ आए लोग उन्हें लेकर लौट गए। उधर, जब इस संबंध में संबंधित चिनौर पुलिस चौकी और दोमाना थाने में संपर्क किया गया तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने ऐसी किसी घटना की सूचना से इंकार किया।