मीरां साहिब। गांव टिंडेकलां में शिवसेना बाला साहिब ठाकरे आरएस पुरा इकाई का प्रदेश अध्यक्ष मुनीश सैनी के निर्देश पर विस्तार किया गया। कार्यक्रम में महिला इकाई की प्रदेश अध्यक्ष मीनाक्षी सिवल, महासचिव प्रवीण गुप्ता व आरएस पुरा इकाई प्रधान बलबीर सिंह लखोत्रा व महिला इकाई गीता लखोत्रा व मीना कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
शिवसेना बाला साहिब ठाकरे इकाई का विस्तार करने पर शामिल हुए लोगों को फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में मीनाक्षी सिवल ने कहा कि राज्य में पिछली सरकारों की तरह भाजपा भी कश्मीर संभाग के लोगों की बात कर रही है। प्रधानमंत्री द्वारा दिल्ली में बुुलाई सर्वदलीय बैठक में जम्मू-कश्मीर के नेताओं से बात करने पर कश्मीर पर ही चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि जम्मू संभाग के देशभक्त लोगों की अनदेखी करने के साथ किसी भी भाजपा के नेता ने जम्मू के लोगों के लिए कोई बात नहीं की। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद जम्मू में बोझ पड़ना आरंभ हुआ था। जो आज भी जारी है। जम्मू संभाग के शिक्षित लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा। यही हाल दूसरे लोगों का है। उन्होंने कहा कि शिवसेना बाला साहिब ठाकरे की ओर से हमेशा जम्मू के लोगों का पक्ष रखा है, जिसे आगे भी जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि आरएस पुरा इकाई का विस्तार करने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस दौरान तोशी देवी, चंचला देवी, कांता देवी, गारो देवी, पोली देवी, बलवंत राज, गुरबचन लाल, रमेश कुमार, अमन कुमार, रजत कुमार सहित कई शिव सैनिक भी मौजूद थे।