भद्रवाह। मोटर वाहन विभाग (एमवीडी) डोडा ने यातायात नियमों के उल्लंघन, अतिरिक्त किराया, ओवरलोडिंग, आदि के संबंध में जनता से प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई की। मंगलवार को उन्होंने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाया।
एआरटीओ कुलदीप सिंह के नेतृत्व में एमवीडी ने भारत रोड, जोधपुर रोड, बियोली-बजरनी रोड, भगवा रोड, मरमत रोड और बटोत-डोडा-किश्तवाड़ रोड पर खिलैनी में नाके लगाए। इस दौरान वाहनों और दस्तावेजों की जांच की गई। इसके अलावा वाणिज्यिक वाहनों की जांच कर कइयों के चालान काटे। इंस्पेक्टर जसबीर सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान 77 वाहनों के चालान किए गए हैं। जबकि, तीन दिनों से विशेष अभियान के दौरान नौ वाहनों को भी जब्त किया गया।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत कुल 182500 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। एआरटीओ ने जनता से चालकों से अपनी और अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।